रणबीर कपूर की 'रामायण' के चर्चे इन दिनों हर जगह हो रहे हैं। यह इस साल की मच अवेटेड फिल्मों में से एक है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद जहां कुछ लोग राम-सीता के किरदार में रणबीर कपूर और साई पल्लवी की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कई लोगों इसकी तुलना साल 1987 में दूरदर्शन पर आई रामानंद सागर की 'रामायण' से करने लगे। यह धार्मिक सीरियल उस वक्त पर इतना पॉपुलर हुआ था कि इसे देखते हुए लोग टीवी के सामने हाथ जोड़कर बैठ जाते थे। यहां तक कि कहा जाता है कि जब यह सीरियल टेलीकास्ट होता था, तो सड़कों पर लोग नजर नहीं आते थे। इस सीरियल में राम-सीता का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया को लोग असल जिंदगी में भगवान मानने लगे थे। इसमें रावण, विभीषण, लक्ष्मण और हनुमान की भूमिका निभाने वाले सितारों ने भी लोगों के मन पर गहरी छाप छोड़ी थी। चलिए आपको बताते हैं कि 39 साल बाद इस सीरियल में मुख्य भूमिकाओं को निभाने वाले कलाकार अब कहां हैं?
अरुण गोविल (राम)
अरुण गोविल ने रामानंद सागर की 'रामायण' में राम का किरदार निभाया था। उन्होंने कई इंटरव्यूज के दौरान बताया था कि वो जहां भी जाते थे, लोग श्री राम मानकर उनकी पूजा करने लगते थे। उनका यह किरदार इतना पॉपुलर हुआ था कि लोगों के मन में श्री राम के रूप में उन्हीं की छवि बैठ गई थी। अरुण गोविल की उम्र 68 वर्ष है और वो रणबीर कपूर की 'रामायण' में श्री राम के पिता दशरथ का रोल प्ले कर रहे हैं।
दीपिका चिखलिया (सीता)
दीपिका चिखलिया रामानंद सागर की 'रामायण' में सीता बनी थीं। उस वक्त उनकी उम्र लगभग 22 साल थी। हाल ही में दीपिका की बेटी की शादी हुई है। उन्होंने हाल ही में साई पल्लवी की एक्टिंग की तारीफ की थी, लेकिन उनके 'रामायण' फिल्म में सीता बनने को लेकर उनके घुंघराले बालों पर तंज कसा था।
अरविंद त्रिपाठी (रावण)
दूरदर्शन की इस प्रसिद्ध 'रामायण' में अभिनेता अरविंद त्रिवेदी ने रावण का किरदार निभाया था। उनकी एक्टिंग भी बेहद दमदार थी। साल 2020 में जब कोरोना के समय पर दोबारा रामायण टेलीकास्ट हुई थी, उस वक्त उनका एक वीडियो वायरल हुआ था। वो टीवी स्क्रीन पर हाथ जोड़कर सीता हरण का सीन देख रहे थे। बता दें कि उनका निधन 6 अक्टूबर 2021 को हुआ था।
सुनील लहरी (लक्ष्मण)
सुनील लहरी ने 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाया था। अरुण गोविल और दीपिका की तरह उनकी एक्टिंग भी फैंस को बहुत पसंद आई थी। बता दें कि सुनील लहरी पिछले कुछ सालों से सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं और अक्सर फोटोज शेयर करते हैं। पिछले साल उनके बेटे कृष पाठक ने टीवी एक्ट्रेस सारा खान से शादी की थी।
मुकेश रावल (विभीषण)
रामानंद सागर की 'रामायण' में विभीषण का किरदार निभाकर मुकेश रावल को काफी पहचान मिली थी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उनके बेटे की मौत के बाद वो डिप्रेशन में चले गए थे और उन्होंने सुसाइड कर लिया था। उनका शव साल 2016 में मुंबई के कांदिवली रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की पटरी पर मिला था। हालांकि, परिवार ने उनकी मौत को आत्महत्या मानने से साफ इंकार कर दिया था।
हनुमान (दारा सिंह)
रामायण में हनुमान का किरदार महान पहलवान और अभिनेता दारा सिंह ने निभाया था। उन्हें इस रोल के लिए काफी पॉपुलरिटी मिली थी। जब उन्होंने यह रोल निभाया था, तो उनकी उम्र लगभग 60 साल की थी। बता दें कि 12 जुलाई 2012 को उनका निधन हो गया था।
बता दें कि 'रामायण' में कुम्भकरण का किरदार निभाने वाले नलिन दवे, मेघनाथ का किरदार निभाने वाले विजय अरोड़ा और दशरथ का किरदार निभाने वाले बाल धुरी भी आज हमारे बीच में नहीं हैं।
यह भी पढ़ें- रणबीर कपूर की 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज, राम-सीता की झलक देख फैंस बोले- ये दिव्य अनुभव है
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
