'लॉक अप' का दूसरा सीजन यानी 'लॉक अप: सच या सजा' फैंस को खूब पसंद आ रहा है। इस सीजन में एक से एक धुरंधर कंटेस्टेंट हैं, जिनकी वजह से शो में हाई-वोल्टेज ड्रामा हो रहा है और यह ऑडियंस को काफी एक्साइटिंग लग रहा है। कल इस वीक का जजमेंट डे था और कल (11 जुलाई, शनिवार) को जेल से दो लोग रिहा हुआ यानी शो में डबल एविक्शन हुआ। सुनीता आहूजा और रियाज अली का सफर खत्म हो गया। बता दें कि सुनीता का गेम फैंस को पसंद आ रहा था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्होंने शो छोड़ने का फैसला लिया। गोविंदा और उनकी बेटी टीना आहूजा सुनीता को लेने पहुंचे थे। इस दौरान गोविंदा अपने पुराने अंदाज में हंसी-मजाक करते नजर आए। सुनीता ने इस दौरान गोविंदा संग उनके रिश्ते पर भी बात की। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कुछ कहा?

'लॉक अप 2' से एलिमिनेट हुईं सुनीता आहूजा

सुनीता आहूजा पिछले कुछ दिनों से शो में परेशान नजर आ रही थीं। कुछ दिन पहले उनका इमोशनल ब्रेकडाउन भी हुआ था। अब मेडिकल कारणों के चलते वह शो से बाहर हो गई हैं। रितेश देशमुख और फराह खान ने उन्हें खुद शो छोड़ने का ऑप्शन दिया था।

गोविंदा को देखकर सुनीता शुरू में काफी कंफ्यूज नजर आईं। इस पर फराह ने उनसे सवाल किया था कि क्या वो गोविंदा को देखकर खुश नहीं हैं? तो उन्होंने जवाब में कहा कि वो बहुत खुश हैं। इस दौरान उनके और गोविंदा के रिश्ते पर भी बात हुई। सुनीता ने कहा, "इन दो हफ्तों में मुझे काफी चीजें समझ आई हैं...मैंने सीख लिया है कि घर-परिवार में जो भी कुछ होता है, वो घर से बाहर नहीं जाना चाहिए, ये मैंने सीख लिया है।" बता दें कि 'लॉक अप 2' में सुनीता कई बार गोविंदा के अफेयर्स पर बात करती नजर आई थीं।

सुनीता के गाली देने पर गोविंदा ने कही यह बात

कुछ एपिसोड पहले सुनीता शो में कई गालियां देती नजर आई थीं। गु्स्से में उन्होंने काफी कुछ ऐसा बोला था, जिसे लेकर उन्हें ट्रोल भी होना पड़ा था। इस पर गोविंदा ने कहा, "असल में ये बच्ची है..जिस वक्त सुनीता शो में गालियां दे रही थी, लोग मुझे इसका वीडियो भेज रहे थे...मैंने कहा कोई बात नहीं...उन्हें झेलने दो।"

यह भी पढ़ें- 'मुझे यहां से जाना है', 'लॉक अप 2' में रो पड़ीं सुनीता आहूजा, याद आई गोविंदा की यह बात

गोविंदा ने सुनीता को 'लॉक अप 2' में जाने से किया था मना

सुनीता जब कुछ दिन पहले शो में परेशान हो गई थीं, तो उन्होंने कहा था कि गोविंदा ने उन्हें यह शो करने से मना किया था, लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं मानी। सुनीता ने यह भी कहा था कि जिंदगी में उन्होंने जब-जब गोविंदा की बात नहीं मानी है, वो परेशान हुई हैं। कल के एपिसोड में जब फराह ने गोविंदा से पूछा कि वो क्यों नहीं चाहते थे कि सुनीता इस शो में आएं, तो उन्होंने जवाब में कहा, "ये सब फूलों में पले हैं...कभी इन पर कोई तकलीफ नहीं आई है और मैं नहीं चाहता कि आगे भी कभी आए।"

 यह भी पढ़ें- 'गोली लेकर आया हूं', 'लॉक अप 2' में पहुंचते ही गोविंदा ने सुनीता पर कसा तंज; क्या दूर होगी अनबन?

 

 

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही, टीवी, ओटीटी, बॉलीवुड इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।