अमेजन प्राइम वीडियो का पॉपुलर रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स 2' अपने फिनाले के करीब पहुंच रहा है। शो से श्वेता तिवारी, रणवीर बरार, अभिषेक मल्हान और मुनव्वर फारुकी समेत कई मजबूत खिलाड़ी बाहर हो चुके हैं और इस हफ्ते रिया चक्रवर्ती का भी शो से पत्ता कट गया है। सच, डर और भरोसे के इस खेल में लगातार नए-नए ट्विस्ट आ रहे हैं। बीती रात (26 अगस्त) को प्राइम वीडियो पर शो के आठवें एपिसोड में 'सर्किल ऑफ शक' के दौरान रिया चक्रवर्ती को सबसे ज्यादा वोट्स मिले और ज्यादातर कंटेस्टेंट ने उन पर ट्रेटर होने का इल्जाम लगाया व उन्हें शो से बाहर कर दिया। रिया ने इस दौरान अपना पक्ष रखने और खुद को निर्दोष बताने की काफी कोशिश की, लेकिन किसी ने उन पर यकीन नहीं किया। इसके बाद रिया काफी इमोशनल नजर आईं और एक बार फिर उनका पुराना दर्द भी छलका। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा?

'द ट्रेटर्स 2' से एविक्ट होने के बाद इमोशनल हुईं रिया चक्रवर्ती

रिया चक्रवर्ती 'द ट्रेटर्स 2' से बाहर होने के बाद काफी इमोशनल नजर आईं। उन्होंने कहा, "मैंने आप सभी के साथ बहुत अच्छा वक्त बिताया....एक तरह से आप लोग मेरी दूसरी फैमिली बन गए हैं...मैं आप सभी से बहुत प्यार करती हूं। यहां हर तरफ शक का माहौल है, तो गेम के नियम के हिसाब से अगर मैंने सर्किल ऑफ शक में किसी पर उंगली उठाई हो, फिर चाहे वो क्रिस्टल डिसूजा, मल्लिका शेरावत या साहिल हों...तो मैं उनसे माफी मांगती हूं। यह सिर्फ एक गेम है और मुझे उम्मीद है कि शो के बाहर भी हमारी दोस्ती बनी रहेगी।"

मैं इनोसेंट थी और इनोसेंट रहूंगी...

कंटेस्टेंट्स की वोटिंग के बाद जब करण जौहर ने रिया चक्रवर्ती से उनकी सही पहचान बताने को कहा, तो उन्होंने कहा कि वह हमेशा से इनोसेंट थीं और इनोसेंट ही रहेंगी। रिया ने यह भी कहा कि ये सब कुछ उन्हें डेजा वू जैसा लगा। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद भी रिया चक्रवर्ती पर कई इल्जाम लगे थे, लेकिन रिया ने हमेशा से यही कहा था कि वो पूरी तरह निर्दोष हैं। इधर शो में जब रिया ने बताया कि वो इनोसेंट हैं, तो सभी कंटेस्टेंट्स हैरान रह गए और उन्हें अफसोस हुआ कि एक बार फिर वो मौका चूक गए और उन्होंने एक इनोसेंट को बाहर कर दिया।

क्रिस्टल डिसूजा भी हुईं इमोशनल

इस दौरान क्रिस्टल डिसूजा भी काफी इमोशनल नजर आईं। बता दें कि क्रिस्टल, शो में ट्रेटर हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि भले ही यह गेम का फॉर्मेट हो, लेकिन किसी इनोसेंट को ऐसे शो से बाहर जाते देखना अच्छा नहीं लगता है।

यह भी पढ़ें- The Traitors 2 में मल्लिका शेरावत ने रिया चक्रवर्ती के जेल जाने पर कसा तंज, फैंस ने किया ट्रोल

मैं ट्रेटर नहीं बनना चाहती...

रिया ने शो के पांचवे एपिसोड में कहा था कि उनकी पर्सनल लाइफ की वजह से पूरी दुनिया पहले ही उन्हें ट्रेटर की नजर से देखती है और वह सबसे ज्यादा ट्रोल की जाने वाली इंसान हैं, ऐसे में वह ट्रेटर नहीं बनना चाहती हैं। शो में आकर अपनी मर्जी से किसी का कत्ल (वर्चुअल मर्डर) करना, यह सब उनके लिए सही नहीं होगा।

यह भी पढ़ें- सुशांत सिंह राजपूत केस ने बदल दी थी रिया चक्रवर्ती की जिंदगी, बोलीं- मेरी वजह से पापा की नौकरी...


अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।