मौनी रॉय की गिनती आज टीवी और फिल्मों की जानी-पहचानी एक्ट्रेस के तौर पर होती है। उन्होंने साल 2007 में एकता कपूर के पॉपुलर डेली सोप 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से टीवी इंडस्ट्री में डेब्यू किया था। इस सीरियल में उनके अपोजिट पुलकिट सम्राट थे, जो लक्ष्य विरानी के रोल में नजर आए थे। इसके बाद वह 'देवों के देव...महादेव', 'नागिन' और 'जुनून-ऐसी नफरत तो कैसा इश्क' जैसे कई सीरियल्स में नजर आईं और फिर उन्होंने बड़े परदे का रूख किया। हाल ही में मौनी रॉय ने फिल्ममेकर फराह खान के यूट्यूब व्लॉग में बताया है कि उन्हें यह रोल कैसे मिला? उनकी यह कास्टिंग स्टोरी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। चलिए आपको बताते हैं कि एक्ट्रेस ने क्या कहा है?

किसी ने मेरे कंधे पर हाथ रखा और...

हाल ही में फराह खान, मौनी रॉय के घर मेहमान बनकर पहुंचीं और इसका वीडियो उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया है। इस वीडियो में मौनी अपने खूबसूरत घर का टूर दे रही हैं और साथ ही अपनी जिंदगी से जुड़े कई किस्से सुना रही हैं। जब फराह खान ने उनसे उनके टीवी डेब्यू के बारे में पूछा, तो मौनी ने काफी फिल्मी कहानी सुनाई। उन्होंने कहा, "मैं यूनिवर्सिटी के बाहर चल रही थी...एकता मैम की टीम के किसी व्यक्ति ने मुझे सड़क पर चलते हुए देखा, मेरे कंधे पर हाथ रखा और कहा..." यह सुनकर फराह खान भी चौंक गईं और उन्होंने कहा, "क्या बोल रही हो..क्या सच में ऐसा हुआ था...हम तो बस ऐसी स्टोरीज सुनते हैं कि कोई कैफे में बैठा था और किसी की नजर उस पर पड़ गई।" इसके जवाब में मौनी ने कहा कि उनके साथ सच में ऐसा ही हुआ था और इस तरह उन्हें 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' सीरियल मिला था। बता दें कि मौनी ने दिल्ली से पढ़ाई की है। उन्होंने मिरांडा हाउस से इंग्लिश ऑनर्स की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया से मास कम्युनिकेशन से मास्टर्स किया था।

एक्टिंग में करियर बनाने का नहीं था इरादा

मौनी रॉय ने फराह खान के व्लॉग में यह भी कहा कि वह मुंबई एक्टिंग में करियर बनाने की सोच के साथ नहीं आई थीं। उन्होंने सोचा था कि कुछ महीने काम करके वह दिल्ली वापस चली जाएंगी, लेकिन उन्हें इस शहर से मोहब्बत हो गई।

यह भी पढ़ें- Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2 First Episode Review: 25 साल बाद क्लासिक अंदाज में परदे पर लौटीं तुलसी विरानी, नहीं बदला शो का कलेवर...फैंस बोले अब अनुपमा की छुट्टी

'क्योंकि...' से घर-घर में पॉपुलर हुई थीं मौनी रॉय

मौनी रॉय को एकता कपूर के शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में जबरदस्त पॉपुलैरिटी मिली थी और इस किरदार ने उन्हें घर-घर में पॉपुलर कर दिया था। मौनी ने काफी वक्त पहले एक इंटरव्यू में कहा था कि वह एक प्राउड टीवी एक्टर हैं और वह आज जो कुछ भी हूं, उसमें टीवी का अहम रोल है। साथ ही उन्होंने एकता कपूर को भी शुक्रिया कहा था।

यह भी पढ़ें- मौनी रॉय के तलाक के बाद क्यों साधा जा रहा है दिशा पाटनी पर निशाना? सोशल मीडिया पर लग रहे हैं बड़े इल्जाम


अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही, बॉलीवुड, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ से जुड़े इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।