'बिग बॉस 20' में बीती रात के वीकेंड के वार में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जहां स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी मंच पर आईं और स्काउट-लव के रिश्ते पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने न केवल स्काउट को फटकार लगाई, बल्कि लव गिल को लेकर भी कई ऐसी बातें कहीं, जिसे लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि काशवी ने सारा इल्जाम लव के सिर पर डालने की कोशिश की। अब इस पूरे मुद्दे पर लव गिल की टीम ने एक ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया है और लव का बचाव किया है। लव की टीम की तरफ से लव के ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट किया गया है, जिसमें सीधे शब्दों में कहा गया है कि स्काउट ने अपनी मर्यादा लांघी, लेकिन नेशनल टीवी पर लव की इमेज की धज्जियां उठाई गईं। चलिए आपको बताते हैं कि लव की टीम ने क्या पोस्ट किया है?
लव गिल के कैरेक्टर की सरेआम धज्जियां उड़ाई गईं
काशवी के आरोपों के बाद, लव गिल की टीम ने एक कड़ा बयान जारी किया है। इस स्टेटमेंट में उन्होंने लव को मिल रही आलोचनाओं, महिलाओं की जिम्मेदार ठहराए जाने की सोच और समाज के दोहरे रवैये पर सवाल उठाए हैं। इस स्टेटमेंट में लिखा गया, "इंसान का दिल आखिर कितना कुछ सह सकता है, इससे पहले कि उसकी खामोशी चीख में बदल जाए। आज रात नेशनल टेलीविजन पर लव गिल को बिल्कुल अकेले खड़े देखना बेहद दर्दनाक था। वह अपना पक्ष रखने में असमर्थ थीं और उनके पूरे चरित्र को सरेआम तार-तार किया जा रहा था। उनका परिवार पूरी तरह टूट चुका है, बिखर चुका है....जरा सोचिए, एक मां के लिए कैसा होगा, जो घर पर बैठकर बेबस होकर अपनी बेटी को पूरी दुनिया के सामने बेरहमी से बदनाम होते देख रही है, उस बेटी को जिसे उसने बड़े प्यार से पाला है।"
स्काउट ने मर्यादा लांघी थी लव ने नहीं...
लव की टीम की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि स्काउट ने घुमा-फिराकर अपनी फीलिंग्स का इजहार किया था, लेकिन लव ने कभी अपनी बाउंड्री नहीं क्रॉस की। बयान में आगे कहा गया, "स्काउट उसके लिए एक भाई था। बस, बात खत्म... लेकिन जैसे ही एक एडल्ट पुरुष ने उन सीमाओं को धुंधला किया और अपनी भावनाओं का इजहार किया, समाज ने महिला को दोषी ठहराने का अपना पुराना और टॉक्सिक दोहरा रवैया अपना लिया। एक वयस्क पुरुष को ऐसा क्यों दिखाया जाता है, मानो किसी ने उसके दिमाग पर जादू कर दिया हो, जबकि लड़की को सोची-समझी चाल चलने वाली महिला के रूप में पेश किया जाता है? जिन भावनाओं को उसने न तो मांगा और न ही कभी स्वीकार किया, उनका बोझ, शर्मिंदगी और अपमान उसी को क्यों सहना पड़े?" उनकी टीम ने साफ किया कि पुरुषों के फैसलों और भावनाओं के लिए महिलाओं को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।
काशवी ने लव के बारे में क्या कहा था?
काशवी बीती रात के एपिसोड में स्काउट और लव के भाई-बहन के रिश्ते पर सवाल उठाती नजर आई थीं। यहां उन्होंने यह भी कहा कि लव ने स्काउट को फंसाया और इमोशनली मैनिपुलेट करने की कोशिश की। उनकी इसी बात पर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें- Bigg Boss 20 WKV: 'ये कैसा भाई-बहन का रिश्ता है...', काशवी ने स्काउट को दिया रियलिटी चेक; फूट-फूटकर रोईं लव गिल
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।
Image Courtesy: Jio Hotstar
