ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज 'हुंकार: द रोर' (Hunkkaar: The Roar) इन दिनों काफी चर्चा में है। नित्या मेहरा के निर्देशन में बनी यह छह एपिसोड की सीरीज 25 सितंबर को स्ट्रीम हुई है। इसमें अनीत पद्दा, फातिमा सना शेख, रघुबीर यादव, मोहम्मद जीशान अय्यूब, राम कपूर, अर्जुन माथुर और राजेश शर्मा जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह कहानी एक नाबालिग लड़की द्वारा एक ताकतवर बाबा पर लगाए गए गंभीर आरोपों और न्याय की लंबी लड़ाई के इर्द-गिर्द घूमती है।
क्या है हुंकार की कहानी?
यह सीरीज मध्य प्रदेश के एक छोटे से शहर खरगंज पर आधारित है, जहां बाबुजी (रघुबीर यादव) एक बहुत बड़े आध्यात्मिक गुरु हैं और लोग उन्हें भगवान की तरह पूजते हैं। एक नाबालिग छात्रा मीनु रावत (Aneet Padda) बाबुजी पर यौन उत्पीड़न और बलात्कार का आरोप लगाती है, जिससे पूरे प्रशासनिक तंत्र और मीडिया में हड़कंप मच जाता है।
वहीं, एसीपी जसलीन सोनी (फातिमा सना शेख) को इस मामले की जांच सौंपी जाती है। बाबुजी के समर्थकों द्वारा पीड़ित परिवार को डराने-धमकाने का सिलसिला शुरू होता है, जिसके बाद कोर्टरूम की असली कानूनी जंग शुरू होती है। ऐसे में अंत कैसा है, सभी के मन में यही सवाल है?
हुंकार मूवी के कमजोर पहलू
विषय के लिहाज से यह कहानी नई नहीं है, क्योंकि इस तरह के विषयों पर पहले भी कई फिल्में और सीरीज आ चुकी हैं। ऐसे में इसे एक अलग नजरिए की जरूरत थी, जो पटकथा में पूरी तरह साफ नजर नहीं आता।
फातिमा सना शेख एसीपी सोनी के रूप में काफी जमी हैं। जबकि, रघुबीर यादव बाबा के किरदार में कुछ फीके नजर आए।मोहम्मद जीशान अय्यूब और राम कपूर वकीलों के रूप में पूरी तरह स्वाभाविक लगते हैं।
यह भी पढ़ें- Love & War में आलिया भट्ट के ग्लैमरस और बोल्ड अवतार ने मचाया तहलका, सामने आया धमाकेदार फर्स्ट लुक
बता दें कि अपनी पहली सफलता के बाद यह अनीत का दूसरा प्रोजेक्ट है। उन्होंने मीनु के किरदार के डर, असहजता और बाद के बेबाकपन को बहुत सधे हुए तरीके से निभाया है। 50-50 मिनट के 6 एपिसोड लोगों को बांधकर रखते हैं लेकिन, बीच में ऐसा भी महसूस होता है कि जैसे यह सीरीज बिन बात खींची जा रही है।
निष्कर्ष
'हुंकार' एक ऐसी सीरीज है जो एक बेहतरीन कानूनी थ्रिलर बन सकती थी, लेकिन बिखरे हुए लेखन के कारण अपनी पूरी क्षमता तक नहीं पहुंच पाती। 'आश्रम' जैसी अन्य कहानियों से इसकी तुलना होना लाजिमी है, लेकिन यह सीरीज अपनी एक मजबूत और मौलिक पहचान बनाने में थोड़ी चूक जाती है। हालांकि, कलाकारों की दमदार एक्टिंग के कारण इसे एक बार देखा जा सकता है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
