ओटीटी पर लगभग हर जॉनर की वेब सीरीज आपको देखने को मिल जाएंगी। कुछ सीरीज ऐसी होती हैं, जिनके अगले पार्ट्स का फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है। गुल्लक और पंचायत ऐसी ही वेब सीरीज हैं। जहां एक तरफ गुल्लक के पांचवे सीजन ने हाल ही में ओटीटी पर दस्तक दी है, वहीं दूसरी तरफ पंचायत के पांचवे सीजन का फैंस को बेसब्री से इंतजार है और एक बार फिर फुलैरा गांव के सचिव जी से मिलने के लिए फैंस एक्साइटेड हैं, लेकिन इसी बीच प्राइम वीडियो पर दबे पांव एक ऐसी सीरीज ने दस्तक दी है, जो ऑडियंस को बहुत पसंद आ रही है। इस नई सीरीज को लोग सोशल मीडिया पर 'पंचायत 2.0' बता रहे हैं। चलिए आपको बताते हैं कि यह कौन सी सीरीज है और इसमें क्या खास है?

क्या आपने देखा 'ग्राम चिकित्सालय' का दूसरा सीजन?

अमेजन प्राइम वीडियो की सुपरहिट सीरीज 'ग्राम चिकित्सालय' का दूसरा सीजन इन दिनों ओटीटी पर ट्रेंड कर रहा है। इसका ताना-बाना भी कुछ हद तक पंचायत की तरह बुना गया है। पंचायत में जैसे गांव में सचिव जी की एंट्री होती है, वैसे ही यहां एक डॉक्टर आते हैं और वहां के माहौल में खुद को ढालने की कोशिश करते हैं। पहले पार्ट में जहां गांव के लोग असली डॉक्टर की अहमियत को नहीं समझते हैं और गांव के झोलाछाप डॉक्टर में उलझे रहते हैं, वहीं इस सीजन में लोग धीरे-धीरे एक प्रोफेशनल डॉक्टर की अहमियत समझने लगे हैं।

इस सीजन में पांच एपिसोड हैं और हर एपिसोड लगभग 40 मिनट का है। अगर आप गांव की जिंदगी और सादगी से भरी कहानियों को पसंद करती हैं, तो यह सीरीज आपके लिए ही है। इस सीरीज में थ्रिलर या एक्साइटमेंट भले ही न हो, लेकिन इसे आप चाय की चुस्कियों के साथ जरूर एज्वॉय कर सकती हैं।

'ग्राम चिकित्सालय' की स्टार कास्ट

'ग्राम चिकित्सालय' की कहानी काफी हल्की-फुल्की है, जो आपको बांधकर रखेगी। बात अगर स्टार कास्ट की करें तो एक्टर अमोल पराशर इस सीरीज में लीड रोल में हैं। उन्होंने डॉक्टर प्रभात का रोल प्ले किया है। डॉक्टर गार्गी, आकांक्षा के रोल में हैं और एक्टर विनय पाठक एक जुगाड़ू डॉक्टर की भूमिका निभा रहे हैं। उनके अलावा कंपाउंडर फुटानी के रोल में आनंदेश्वर द्विवेदी, वार्डबॉय के रूप में आकाश मखिजा और क्लीनर के रोल में कार्तिकेय राज नजर आ रहे हैं।


यह भी पढ़ें- Gullak Season 5 Review: इस बार भी अपनी सी लगेगी रिश्तों की ये 'गुल्लक', अन्नू भैया का चेहरा बदला और मिश्रा परिवार का माहौल भी; क्या उम्मीदों पर खरा उतरा नया सीजन?

डॉक्टर अरमान को देखकर फैंस ने हारा दिल

'ग्राम चिकित्सालय' के एक प्रोमो में करण सिंह ग्रोवर, डॉक्टर अरमान की भूमिका में नजर आ रहे हैं। इस प्रोमो को देखकर तो सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। सालों बाद संजीवनी के डॉक्टर अरमान मलिक को देखकर फैंस के दिल की धड़कने बढ़ गईं और ऑडियंस यादों के गलियारे में पहुंच गई।

 


यह भी पढ़ें- Latest Release On OTT: 'गुल्लक सीजन 5' से लेकर 'मां बहन' तक, इस हफ्ते ओटीटी पर रिलीज हो रही हैं ये धांसू फिल्में और सीरीज

अगर आपको भी 'गुल्लक' और पंचायत जैसी हल्की-फुल्की वेब सीरीज पसंद हैं, तो आपको 'ग्राम चिकित्सालय सीजन 2' जरूर पसंद आ सकता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।