'खतरों के खिलाड़ी 15' का प्रीमियर इस वीकेंड यानी 1 अगस्त को हुआ। इस बार शो का थीम 'ओल्ड वर्सेज न्यू' है यानी शो में पुराने सीजन के कंटेस्टेंट और नए कंटेस्टेंट आपस में टकरा रहे हैं। प्रीमियर वीकेंड पर ही शो में कई धमाकेदार स्टंट हुए। जहां एक स्टंट के दौरान रुबीना दिलैक का ऐसा हाल हुआ कि उनके लिए एबुलेंस बुलानी पड़ी, वहीं गौरव खन्ना के लिए भी शुरुआत काफी मुश्किल रही। शो के एक स्टंट के दौरान उनके साथ बड़ा हादसा हो गया और उनकी पीठ पर काफी चोट आ गई। गौरव ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए चोट के निशान भी दिखाए। चलिए आपको बताते हैं कि सेट पर क्या हुआ?

'खतरों के खिलाड़ी 15' में स्टंट के दौरान घायल हुए गौरव खन्ना

गौरव खन्ना के लिए 'खतरों के खिलाड़ी 15' का प्रीमियर वीकेंड काफी मुश्किल रहा। उन्होंने और फरहाना ने एक स्टंट किया, जिसमें उन्हें हार मिली। इसके बाद गौरव को उनके डर का सामना करना पड़ा। जब उन्होंने बताया कि उन्हें आग से डर लगता है, तो रोहित शेट्टी ने फायर जैकेट पहनाकर उनके शरीर पर आग लगा दी और गौरव अपने सबसे बड़े डर से लड़ते नजर आए।

इसके बाद एक और स्टंट के दौरान गौरव की पीठ पर गंभीर चोट लग गई। गौरव ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर करते हुए फैंस के साथ यह बात शेयर की। वीडियो में उनकी पीठ पर पड़े चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने लिखा, "ओरी, इस वीडियो को रिकॉर्ड करने के लिए शुक्रिया। मुझे टीवी पर इसे देखते हुए भी दर्द महसूस हुआ। यह अब तक का सबसे दर्दनाक अनुभव था। हर चारों को इससे गुजरना पड़ा। मेरे शरीर पर अभी भी इसके निशान हैं।"

यह भी पढ़ें- KKK15: खतरों के खिलाड़ी में रुबीना दिलैक को हेलीकॉप्टर स्टंट पड़ा भारी, बुलानी पड़ी एम्बुलेंस

मां के खिलाफ शो में आए गौरव खन्ना

गौरव खन्ना ने शो के दौरान यह भी बताया कि उनकी मां नहीं चाहती थीं कि वो 'खतरों के खिलाड़ी 15' का हिस्सा बनें और वह अपनी मां की मर्जी के खिलाफ इस शो का हिस्सा बने हैं। बता दें कि शो में गौरव की साथी कंटेस्टेंट शगुन शर्मा ने उन पर सेट पर बुली करने के इल्जाम लगाए हैं और कहा है कि वो शो के बाद उनसे कभी नहीं मिलना चाहेंगी।

गौरव और फरहाना के बीच हुई नोक-झोक

'खतरों के खिलाड़ी' का पहला स्टंट रुबीना और अविका (ओल्ड बैच) व गौरव और फरहाना (न्यू बैच) के बीच हुआ। इस टास्क को रुबीना और अविका ने जीत लिया और टास्क के दौरान गौरव और फरहाना के बीच हल्की-फुल्की तकरार नजर आई। बता दें कि 'बिग बॉस 19' में भी इन दोनों के बीच कई बार लड़ाई-झगड़े देखने को मिले थे।

'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर आ रहे हैं ये कंटेस्टेंट्स

'खतरों के खिलाड़ी 15' में गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट, रुहानिका धवन, अविका गौर, शगुन शर्मा, रुबीना दिलैक, जैस्मीन भसीन, ऋत्विक धंजानी, करण वाही, विशाल आदित्य सिंह, ओरी, हर्ष गुजराल और अविनाश मिश्रा नजर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें- KKK 15 Contestant List: गौरव खन्ना से लेकर रुबीना दिलैक तक, स्टंट करते दिखेंगे ये सितारे

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही टीवी, ओटीटी, बॉलीवुड और सेलेब्स से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Courtesy: Colors TV, Instagram/Gaurav Khanna