टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस माही विज इन दिनों 'बिग बॉस 20' में नजर आ रही हैं और फैंस उन्हें खूब प्यार दे रहे हैं। जय भानुशाली संग 14 साल की शादी टूटने के कुछ वक्त बाद माही इस शो का हिस्सा बनीं। हालांकि, बिग बॉस हाउस के अंदर उन्होंने कभी भी जय को लेकर कुछ गलत नहीं कहा, बल्कि हमेशा यही कहा कि उन्होंने और जय ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है और दोनों के बीच कोई कड़वाहट नहीं है। बीती रात के एपिसोड में यंग, आसिफ खान और काजी तौकीर के सामने माही विज ने अपना दर्द रखा और बताया कि उन्होंने जय से कोई एलिमनी नहीं ली है व वह अपनी बेटी तारा के लिए खुद कुछ करना चाहती हैं। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है?

सबने मुझे कहा कि एलिमनी ले लो पर.....

'बिग बॉस 20' के बीती रात के एपिसोड में जय भानुशाली से तलाक और एलिमनी के बारे में बात करते हुए माही विज काफी इमोशनल हो गईं। उन्होंने खुद को सिंगल मदर बताया। माही कहती हैं, "सबने मुझे सलाह दी कि एलिमनी ले लो पर मैंने नहीं ली। कोर्ट में भी जज ने पूछा पर मैंने मना कर दिया। मैने न एक पैसे की एलिमनी ली और न ही मैं कोई मेंटेनेंस लेती हूं। ऐसा नहीं है वह नहीं करता है, वह बहुत करता है पर मैं अपनी बच्ची के लिए खुद कुछ करना चाहती हूं। मैं मांगती तो जय मुझे कभी मना नहीं करता, मुझे पता है उसका लॉकर मेरे लिए हमेशा खुला है पर मुझे लगता है कि नहीं यह उसका पैसा है, उनसे 16-16 घंटे खड़े होकर कमाया है। जय मुझे कहता है कि तू बाहर निकल...अपनी जिंदगी जी, तारा के लिए हमेशा घर पर मत रह, मैं संभाल लूंगा उसे।" बता दें कि कपल के तलाक के वक्त कई दावे किए गए थे कि माही ने जय से करोड़ों की एलिमनी ली है। हालांकि, अब माही की बात ने इन सारे दावों को सिरे से नकार दिया है।

अरिश्फा से झगड़े के बाद छलका माही का दर्द

बीती रात के एपिसोड में अरिश्फा खान और काजी तौकीर के बीच जमकर झगड़ा हुआ था, जिसमें माही विज भी कूद पड़ी और उन्होंने अरिश्फा को क्लेशी बताया। अरिश्फा कैमरे के सामने रोते हुए कहती हैं कि उनकी मां ने उन्हें अकेले पाला है। इसके बाद माही भी फूट-फूटकर रोने लगती हैं और कहती हैं कि वह सिंगल मदर का दर्द समझती हैं। माही यह भी कहती हैं कि कई बार उनका अरिश्फा से बात करने का दिल होता है, जैसे वह अपनी बेटी तारा से बात करती हैं, लेकिन अरिश्फा बहुत बदतमीज है।

साल 2026 में हुआ था माही और जय का तलाक

माही विज और जय भानुशाली ने कुछ साल डेट करने के बाद साल 2011 में शादी की थी और लगभग 14-15 साल बाद साल 2026 नें इनके रास्ते अलग हो गए। साल 2019 में माही और जय की बेटी तारा का जन्म हुआ था। इसके साथ ही दोनों ने दो बच्चों राजवीर और खुशी को गोद लिया हुआ है। इस साल की शुरुआत में दोनों ने तलाक का ऐलान करके सभी को चौंका दिया। हालांकि, कपल ने साफ किया था कि उनके मन में एक-दूसरे के लिए कोई कड़वाहट नहीं है और न ही वह एक-दूसरे पर कोई इल्जाम लगाना चाहते हैं। बता दें कि माही विज, बिग बॉस 20 में हैं तो फिलहाल तारा को जय संभाल रहे हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, सेलेब्स और टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Courtesy: Jio Hotstar, Instagram/Mahhi Vij