भारत से जापान घूमने जाना लाखों लोगों के लिए एक सपने की तरह होता है। पहली बार घूमने का प्लान बना रहे यत्रियों के लिए यह उनकी जिंदगी का सबसे खास पल होगा। हालांकि, कई भारतीय यात्रियों को लगता है कि जापान जाना इतना आसान नहीं है। ऐसा इसलिए, क्योंकि जापान की यात्रा बहुत ज्यादा महंगी होगी और वहां पहुंचने के लिए वीजा और फ्लाइट टिकट पर खर्च ज्यादा आएगा। यही कारण है कि आपके मन में आ रहे इन सवालों का जवाब देने के लिए हमने ट्रैवल इन्फ्लूएंसर अक्षिता से बात की। उन्होंने अपने यात्रा अनुभव के अनुसार पहली बार जापान जाने वाले भारतीय यात्रियों के लिए कुछ जरूरी सुझाव दिए, जो आपके जापान ट्रिप को यादगार बना सकते हैं।
जापान ट्रैवल गाइड
ट्रैवल इन्फ्लूएंसर अक्षिता बताती हैं कि जापान घूमना इतना महंगा नहीं है। इसमें आपको सबसे ज्यादा खर्च केवल फ्लाइट पर करना पड़ता है। भारत से 7 से 10 दिनों का ट्रिप लगभग 1.25 से 1.5 लाख रुपये में हो जाएगा, लेकिन इसके लिए आपको अपने खर्चों पर कंट्रोल भी करना होगा। जापान जाने के लिए अगर फ्लाइट सस्ती मिल जाए, तो आपका कुल खर्च और भी कम हो सकता है।
कैसे पहुंचे जापान?
ट्रैवल इन्फ्लूएंसर ने बताया कि जब उन्होंने अपनी पहली यात्रा जापान के लिए की थी, तो उन्होंने भारत से टोक्यो के लिए फ्लाइट ली थी। भारत से जाते समय आप टोक्यो के लिए फ्लाइट लें, लेकिन आते समय ओसाका से फ्लाइट लेना फायदेमंद होता है। वापसी में फिर आपको ओसाका से बुलेट ट्रेन पर पैसे खर्च नहीं करने होंगे। इसमें लगभग 8 से 12 हजार रुपये लग जाते हैं।
इसे भी पढ़ें- ट्रैवल इन्फ्लुएंसर कीर्ति ने बताया दिल्ली से कैसे जाएं जिस्पा? जानें बजट और रूट की पूरी डिटेल्स
जापान जाना अच्छा होगा या नहीं?
ट्रैवल इन्फ्लूएंसर का मानना है कि यह जगह 100% पैसों वसूल है। उनके अनुसार अगर दुनिया में आपको कहीं घूमने जाना है, तो एक बार जापान का ट्रिप जरूर बनाना चाहिए। यहां केवल ऊंची इमारतें ही आपको आकर्षित नहीं करती, बल्कि यहां के लोग और उनका कल्चर भी आपको सबसे खास लगेगा। लोग यहां हर काम विनम्रता से करते हैं। सामान खरीदने के लिए लाइन में लगना हो या मेट्रो में जाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करना हो, हर जगह लोग आपको शांत और विनम्र नजर आएंगे। इसके साथ ही इस जगह की एक और खास बात यह है कि स्थानीय लोग आपकी मदद करने के लिए खुद आगे आते हैं।
कैसे बचाएं पैसे?
- जापान में अगर बजट में खाना लेना है, तो आपको कन्वीनियंस स्टोर्स जैसे 7-Eleven या FamilyMart जैसे ऑप्शन ढूंढने चाहिए। यहां आपको अच्छा और बजट में खाना मिल जाएगा।
- रहने के लिए होटल न चुनें, क्योंकि यह बहुत ज्यादा महंगे है। आप हॉस्टल या बिजनेस होटल में रुक सकती हैं।
- घूमने के लिए पर्सनल कैब की जगह स्थानीय ट्रेन और मेट्रो से सफर करना भारतियों के लिए फायदेमंद होता है।
जापान में इन जगहों पर फ्री में घूमें
ट्रैवल इन्फ्लूएंसर अक्षिता ने बताया कि बहुत से लोग सोचते हैं, जापान के टूरिस्ट स्पॉट काफी महंगे होते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। यहां कई ऐसी जगहें हैं, जहां जाने के लिए आपको एंट्री टिकट की जरूरत नहीं पड़ती। आप टोक्यो मेट्रोपॉलिटन बिल्डिंग से पूरे शहर का खूबसूरत नजारा फ्री में देख सकती हैं, इसके अलावा सेंसोजी मंदिर और दुनिया के सबसे बिजी चौराहे शिबुया क्रॉसिंग पर भी फ्री में घूमने जा सकती हैं।
इसके अलावा योयोगी पार्क, नारा पार्क, क्योटो इम्पीरियल पैलेस और फुशिमी इनारी ताइशा जैसी जगहें भी बिना टिकट के पर्यटकों के लिए खुली रहती हैं।
इसे भी पढ़ें- ट्रैवल इन्फ्लुएंसर सिमर की अकेले शिंकुला पास जर्नी कैसी रही? मनाली से आप भी प्लान कर सकती हैं एडवेंचर रोड ट्रिप
जापान का टूरिस्ट वीजा लेना आसान है या मुश्किल?
जापान का टूरिस्ट वीजा काफी मजबूत माना जाता है, इसलिए कह सकते हैं कि आपको इसे लेने में थोड़ी मुश्किल आ सकती है। हालांकि, अमेरिका या शेंगेन वीजा की तुलना में इसका मिलना आसान है। वीजा अप्लाई करते समय आपको अपनी यात्रा की पूरी योजना, बैंक बैलेंस और भारत में आप क्या करती हैं-कहां रहती हैं, इसकी जानकारी देनी पड़ती है।
अग्रेंजी नहीं आती तो क्या करें?
जापान जाने के लिए आपको भाषा की चिंता करने की जरूरत नहीं है। आप Google Translate के सहारे आप अकेले यात्रा कर सकती हैं। आप खाना ऑर्डर करने से लेकर रास्ता सर्च करने तक, हर चीज के लिए इसकी मदद ले सकते हैं। इसके अलावा जापानी लोग बहुत मददगार होते हैं और अक्सर आपकी सहायता करने के लिए खुद आगे आते हैं।
आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
image credit-Akshita & Jash/ heartwantstravel/ official insta
