बच्चों की दुनिया मासूमियत से भरी होती है। वे जो भी देखते, सोचते और महसूस करते हैं, उसे सबके सामने बेधड़क बोल देते हैं। खासतौर पर आठ से बारह साल की आयु वर्ग वाले बच्चों में इतनी क्षमता नहीं होती है कि वे अपनी भावनाओं को नियंत्रित कर सकें। इसी वजह से उनके व्यवहार में अस्थिरता नजर आती है, लेकिन यही वह समय है जब सही मार्गदर्शन से बच्चों के व्यक्तित्व को संवारा जा सकता है। आइए जानते हैं, इस उम्र में बच्चों के व्यवहार में कौन सी खास बातें नजर आती हैं। आइए चाइल्ड साकोलॉजिस्ट गीतिका कपूर से जानें 8 से 12 साल की उम्र में बच्चों के व्यवहार में में कौन-कौन से बदलाव आते हैं और पेरेंट्स को बच्चों के साथ कैसा बिहेवियर रखना चाहिए।
पीयर प्रेशर का बोझ
सात साल की उम्र तक बच्चा अपने स्कूल और दोस्तों के साथ अच्छी तरह एडजस्ट हो जाता है। इसलिए उसे दोस्तों का साथ बहुत पसंद आता है। इस उम्र में बच्चे अपने दोस्तों से बहुत जल्दी प्रभावित होते हैं। फूड हैबिट से लेकर लाइफ स्टाइल तक हर मामले में बच्चे अपने दोस्तों की नकल करने की कोशिश करते हैं। 'मेरे अमुक दोस्त के पास रिमोट कंट्रोल वाली कार है, मुझे भी वैसी ही चाहिए, उसकी मम्मी उसे कोल्ड ड्रिंक पीने से नहीं रोकतीं, वह शाम को भी पार्क में देर तक खेलता रहता है, लेकिन आप मुझे हमेशा डांटती रहती हैं...।
आजकल ज्य़ादातर बच्चों को अपने पेरेंट्स से यही शिकायत रहती है। अपने दोस्तों के देखकर वे हमेशा यही सोचते हैं कि मुझे वही सब कुछ चाहिए, जो मेरे दोस्त के पास है। पीयर प्रेशर मतलब केवल यही नहीं है कि बच्चे के दोस्त उस पर किसी बात के लिए दबाव डालें कि तुम्हें भी ऐसा ही करना चाहिए।
कई बार दोस्तों को देखकर बच्चे खुद ही अपने ऊपर इस बात का दबाव महसूस करने लगते हैं कि अगर दूसरे बच्चों के लिए ऐसी चीज़ें और सुविधाएं उपलब्ध हैं तो फिर हमें क्यों नहीं मिलनी चाहिए? वे मन ही मन दोस्तों से अपनी तुलना भी करते हैं कि मेरे अमुक दोस्त के घर में दो बड़ी गाडिय़ां है, वह गर्मी की छुट्टियों हर साल विदेश यात्रा पर जाता है, लेकिन हम लोग केवल आस-पास के हिल स्टेशन तक ही जा पाते हैं। इन बातों से बच्चे के मन में हीन भावना पैदा होने लगती है।
दोस्तों के बीच झगड़े
बच्चों को दोस्त बहुत अच्छे लगते हैं, पर वे उन्हीं के साथ सबसे ज्य़ादा झगड़ते भी हैं। दरअसल इसी उम्र में बच्चों के मन में 'स्व की भावना विकसित हो रही होती है। 'मैं और 'मेरा बच्चे इन दो शब्दों अर्थ भली-भांति समझने लगते हैं और इसी से उनके मन में अधिकार-बोध मज़बूती से अपनी जगह बना लेता है। यहीं से उसमें जि़द करने की आदत विकसित होने लगती है। इस उम्र बच्चे हर काम अपने ढंग और अपनी मर्जी से करना चाहते हैं। वे अपनी चीजें किसी के साथ शेयर नहीं करना चाहते।
अगर कोई इनसे कुछ मांगता है तो देने से इनकार करना लेकिन दूसरों से उनकी चीज़ें जबरन छीनने की कोशिश करना जैसी आदतें इस उम्र के बच्चों मेें अकसर नज़र आती है। इसी वजह से बच्चों के बीच छोटी-छोटी बातों लेकर अकसर झगड़ा हो जाता है। मसलन, 'उसनेे मेरा टवॉय छीन लिया, वह मुझे अपनी नई बुक नहीं दिखा रहा, झूले पर पहले मैं बैठूूंगा/बैठूंगी। ऐसी ही कई छोटी-छोटी बातों के लकर बच्चे बहुत जल्दी अपने दोस्तों से रूठ जाते हैं। बच्चों का झगडऩा स्वाभाविक है पर हमें उनकी ऐसी आदतों को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। अगर आपका बच्चा किसी बात पर अपने दोस्त से झगड़ता है तो उसे प्यार समझाएं अगर तुम दोस्तों के साथ अच्छा व्यवहार करोगे तो वे भी तुम्हारे साथ अपनी चीज़ें शेयर करेंगे।
पल-पल बदलता मूड
आपने भी देखा होगा कि इस आयु वर्ग के बच्चे पल भर में खुश तो अगले ही पल नाराज़ हो जाते हैं। उम्र के इस दौर प्री टीनएज भी कहा जाता है। आजकल टीवी और इंटरनेट जैसे संचार माध्यमों की वजह से बच्चों के अनुभवों का दायरा तेज़ी बढ़ता जा रहा है। नतीजतन उनके भावनात्मक विकास की गति भी तेज़ हो गई है।
इसी वजह से आजकल दस-ग्यारह साल की उम्र से ही बच्चों के शरीर में हॉर्मोन संबंधी बदलाव शुरू हो जाता है। जिसका असर उनके व्यवहार पर भी पड़ता है। इसी वजह छोटी-छोटी बातों को लेकर उनमें मूड स्विंग की समस्या होती है। इस उम्र में बच्चों की पसंद-नापसंद और रुचियां तेज़ी से बदल रही होती हैं। कई बार वे बड़े उत्साह के साथ डांस-म्यूजि़क जैसी किसी $खास ऐक्टिविटी में शामिल होते हैं पर कुछ ही दिनों के बाद इससे उनका मन ऊब जाता है और किसी नए क्षेत्र में उनकी दिलचस्पी बढ़ जाती है। अभी बच्चों में अपनी भावनाओं को छिपाने या उन्हें नियंत्रित करने की क्षमता विकसित नहीं होती। इसलिए वे छोटी-छोटी बातों से घबरा का रोने लगते हैं। बच्चों के व्यवहार में आने वाला उतार-चढ़ाव भी उसके उनके भावनात्मक विकास का ही ज़रूरी हिस्सा है। अगर आपको अपने बच्चे के व्यवहार में ऐसा कोई बदलाव नज़र आए तो उसे लेकर बहुत ज्य़ादा चिंतित न हों। जब उसका मूड खराब हो तो उस वक्त उसके साथ बहुत ज्य़ादा रोक-टोक न करें।
यह भी पढ़ें- बच्चे से हो गई है कोई गलती? उसे डांटने के बजाय पूछें ये 3 सवाल, खुद जिम्मेदारी लेना सीख जाएगा आपका बच्चा
फीयर फैक्टर का फंडा
आमतौर पर इस आयु वर्ग के बच्चे तीसरी से सातवीं कक्षा के छात्र होते हैं। इस दौरान उन पर पढ़ाई और होमवर्क का बोझ बढऩे लगता है। स्कूल में कड़ी प्रतियोगिता का माहौल रहता है। ऐसे में उन पर पेरेंट्स की तरफ से हमेशा नंबर वन बने रहने का दबाव रहता है। उनके मन में इस बात का डर बना रहता है कि क्लास में गलत जवाब देने पर कहीं टीचर सबके सामने डांट न दें, परीक्षा में अगर कम माक्र्स मिले तो मम्मी-पापा नाराज़ हो जाएंगे, पिंपल्स से भरा चेहरा देखकर लोग मुझ पर हंसेंगे...ऐसी छोटी बातें भी बच्चों के लिए बहुत बड़ी होती हैं और उनके मन में अपमानित होने का डर बना रहता है। उनके मन से यह डर दूर करने के लिए माता-पिता का सहयोग बहुत ज़रूरी है।
रखें इन बातों का ख्याल
- अगर किसी दोस्त के साथ आपके बच्चे का झगड़ा हो जाए तो उसी वक्त उस पर बातचीत करने का दबाव न डालें। थोड़ी देर के लिए उसे शांत छोड़ दें और बाद में समझाएं कि उसे अपनी यह आदत सुधारने की कोशिश करनी चाहिए।
- हो सकता है कि किसी एक्टिविटी क्लास में एडमिशन लेने के कुछ ही दिनों बाद आपका बच्चा वहां जाने से मना कर दे। ऐसी स्थिति में उस जबरन वहां जाने का दबाव न डालें। इसका उसके व्यक्तित्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
- दोस्तों या भाई-बहनों से अपने बच्चे की तुलना न करें। इससे बेवज़ह उसके मन में ईष्र्या-द्वेष की भावना पैदा होगी।
- पार्क, शॉपिंग मॉल जैसी सार्वजनिक जगहों पर बच्चे को अपने साथ लेकर जाएं। अगर वहां जाने के बाद कोई भी चीज़ दूसरों से पहले लेने की जि़द करे तो उसे मना करें और उससे अपनी बारी का इंतज़ार करने को कहें।
- दोस्तों के साथ झगडऩा स्वाभाविक है, लेकिन गलती करने के बाद उसे माफी मांगना भी सिखाएं।
- अगर कभी उसके माक्र्स अच्छे नहीं आते तो उसे डांटने के बजाय अगली परीक्षा के लिए नये उत्साह से तैयारी करने के लिए प्रेरित करें।
- हर अच्छे व्यवहार पर उसकी प्रशंसा करें, इससे उसका आत्मविश्वास बढ़ेगा।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: Magnific.com, shutterstock.com
