चाय के साथ अक्सर लोग बिस्किट खाना पसंद करते हैं। बाजार में आजकल हर तरह के बिस्किट आसानी से मिल जाएंगे। ज्यादातर बिस्किट की सतह पर छोटे-छोटे छेद बने होते हैं। क्या आपने कभी इन्हीं छेद के बारे में सोचा है? पहली नजर में देखने पर यह मामूली सी डिजाइन लगती है, लेकिन ऐसा नहीं है। बिस्किट में बनाए गए ये छेद कोई साधारण डिजाइन नहीं हैं, बल्कि इनके पीछे एक गहरा वैज्ञानिक और बेकिंग से जुड़ा कारण है। अगर आप भी इसके बारे में नहीं जानते हैं, तो इस लेख को जरूर पढ़ें।

बिस्किट में छेद क्यों होते हैं? 

बिस्किट में अगर ये छेद न बनाए जाएं, तो इसे कभी भी क्रिस्पी और सही आकार में नहीं पकाया जा सकता है। आइए जानते हैं बिस्किट में बनाए जाने वाले इन छेद के बारे में।   

1. आसानी से भाप को बाहर निकालना

विश्व प्रसिद्ध बेकिंग साइंस एवं फूड सेफ्टी संस्थान के अनुसार - बिस्किट के आटे में मैदा, चीनी, पानी और बेकिंग सोडा जैसी चीजें मिलाई जाती हैं। जब इसे ओवन में पकाया जाता है, तब गर्मी के कारण आटे के अंदर मौजूद नमी भाप बनकर निकलती है। बिस्किट में छेद न होने की स्थिति में यह भाप अंदर ही फंसी रह जाती है और बाहर नहीं निकल पाती। इसलिए बिस्किट बनाते समय ये छोटे-छोटे छेद रखे जाते हैं, ताकि बेकिंग के दौरान भाप आसानी से बाहर निकल सके।

2. बिस्किट को सही आकार देना और कच्चेपन से बचाना

बिस्किट में छेद बनाने का एक और मुख्य कारण यह भी है कि बेकिंग के दौरान हवा के दबाव के कारण बिस्किट बीच में से फूलने लगते हैं। ऐसे में जो एयर प्रेशर बनता है, अगर वह बाहर न निकले, तो बिस्किट बीच में से उठकर पूरी तरह से फूल जाएगा और इसका शेप बिगड़ जाएगा। 

यह भी पढ़ें- बारिश के मौसम में भी क्रिस्पी रहेंगे बिस्किट, फॉलो करें ये 3 स्मार्ट हैक्स

बिस्किट को सुंदर, चपटा और एक समान आकार देने के लिए ही उसमें ये छेद बनाए जाते हैं। इसके अलावा, अगर बिस्किट में छेद न हों, तो पकाते समय यह बाहर से तो भूरा और पका हुआ दिखेगा, लेकिन अंदर से कच्चा रह जाएगा। इसलिए यह बिस्किट को अंदर तक सही से पकाने और कच्चेपन से बचाने में भी मदद करता है।  

3. परफेक्ट क्रंच बनाए रखने में मददगार

बिस्किट का असली मजा उसके कुरकुरेपन में होता है। इसे क्रंची और खस्ता बनाने में ये छेद बहुत मदद करते हैं। इन छेद के कारण ओवन की गर्मी बिस्किट के ऊपरी और निचले, दोनों हिस्सों पर बराबर पहुंचती है। इस वजह से बिस्किट आसानी से अंदर तक पकता है और उसमें नमी नहीं रहती। नमी पूरी तरह खत्म हो जाने से इसमें एक परफेक्ट क्रिस्पी और खस्ता टेक्सचर आता है, जो इसके स्वाद को दोगुना कर देता है। 

यह भी पढ़ें- चाय में डुबोते ही क्यों टूट जाता है बिस्किट? साइंस में छिपा है इसका सही जवाब

निष्कर्ष: आपने अक्सर अपने पसंदीदा बिस्किट में छोटे-छोटे छेद तो देखे ही होंगे। इन छेद के पीछे का कारण अगर आपको अभी तक नहीं पता था, तो इस लेख की मदद से आप इसके पीछे के साइंस को आसानी से समझ सकते हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।   

(image credit: magnific)