समय के साथ पढ़ाई-लिखाई का तरीका बहुत बदल गया है। कभी चौक और ब्लैकबोर्ड तक सीमित रहने वाली क्लास आज मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर की स्क्रीन पर आ गई है। इस बदलाव ने सिर्फ पढ़ाई का तरीका ही नहीं बदला, बल्कि टीचर और स्टूडेंट के रिश्ते को भी एक नया रूप दिया है। पहले जहां टीचर ही जानकारी का इकलौता जरिया होते थे, वहीं आज वे एक गाइड की तरह काम कर रहे हैं। ऐसे में ये जानना तो बनता है कि इस डिजिटल दौर में यह रिश्ता कैसे बदला है? इसके लिए हमने एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा की कम्युनिकेशन एंड कंटेंट मैनेजर रिन्नी माहेश्वरी से बात की है। जानते हैं आगे...

इस डिजिटल दौर में कैसे बदला गुरु-शिष्या का रिश्ता?

डिजिटल दौर में गुरु-शिष्य का रिश्ता केवल ज्ञान देने और लेने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह एक दोतरफा संवाद में बदल गया है। पहले जहां शिक्षक जानकारी के मुख्य स्रोत होते थे और बच्चे उन पर पूरी तरह निर्भर रहते थे, वहीं आज इंटरनेट के कारण बच्चे पहले से ही काफी जानकारी रखते हैं। ऐसे में शिक्षक की भूमिका अब सिर्फ सबक रटाने वाले की नहीं, बल्कि सही और गलत जानकारी के बीच फर्क समझाने वाले एक गाइड की हो गई है। स्क्रीन और ऑनलाइन क्लास ने भले ही शारीरिक दूरी बढ़ा दी हो, लेकिन सोशल मीडिया और स्टडी ऐप्स ने आपसी संपर्क को पहले से ज्यादा आसान बना दिया है, जिससे आज का गुरु-शिष्य रिश्ता डर के बजाय दोस्ताना समझ पर टिक गया है।

डिजिटल दौर में पढ़ाई के फायदे

डिजिटल दौर में स्टडी करने से बच्चों को कई फायदे हो रहे हैं, जानते हैं-

  • गूगल, यूट्यूब और AI की मदद से बच्चे किसी भी सवाल का जवाब तुरंत ढूंढ लेते हैं। अब उन्हें हर छोटी बात के लिए सिर्फ टीचर पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
  • अब क्लास में सिर्फ टीचर ही नहीं बोलते, बल्कि बच्चे भी अपने विचार रखते हैं। टीचर अब सिर्फ पढ़ाते नहीं हैं, बल्कि बच्चों को सही और गलत जानकारी का फर्क समझाते हैं।

हर बच्चे के हिसाब से पढ़ाई और आसान पहुंच

डिजिटल टूल्स के आने के बाद हर बच्चे के लिए सीखना बहुत आसान हो गया है।

  • अपनी स्पीड से सीखने की आजादी: अब बच्चे अपनी सहूलियत और रफ्तार के हिसाब से ऑनलाइन वीडियो देखकर या पढ़कर समझ सकते हैं।
  • कमियों को पहचानना आसान: नए सॉफ्टवेयर की मदद से टीचर को तुरंत पता चल जाता है कि कौन-सा बच्चा कहां कमजोर है, जिससे वे उस पर अलग से ध्यान दे पाते हैं।

यह भी पढ़ें- Teachers' Day Special 2026: जब बेटियों का पढ़ना था मना, इन 4 महिलाओं ने बदली भारत की तस्वीर

बातचीत के नए तरीके और कुछ परेशानियां

डिजिटल माध्यमों ने जुड़ने का तरीका तो आसान बनाया है, लेकिन कुछ चुनौतियाँ भी खड़ी की हैं।

  • हर समय जुड़े रहना: व्हाट्सएप और स्टडी ऐप्स की वजह से छात्र और शिक्षक किसी भी समय बात कर सकते हैं। इससे समय की सीमा और पर्सनल लाइफ का फर्क कम होने लगा है।
  • पर्सनल जुड़ाव की कमी: हर समय स्क्रीन के सामने रहने से कभी-कभी वह आत्मीयता और अपनापन कम हो जाता है, जो सामने बैठकर पढ़ने में होता था।

शिक्षक के लिए डिजिटल दौर के फायदे और नुकसान

डिजिटल क्रांति ने जहां शिक्षकों के लिए पढ़ाने के तरीकों को बहुत आसान और असरदार बना दिया है, वहीं उनके सामने कई नई चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं। फायदे की बात करें तो प्रेजेंटेशन, एनिमेशन और ऑनलाइन टूल्स की मदद से मुश्किल से मुश्किल विषय को भी सेकंडों में बच्चों को समझाना आसान हो गया है। इसके अलावा, ऑनलाइन टेस्ट और अटेंडेंस ट्रैकिंग जैसे काम डिजिटल होने से शिक्षकों का काफी समय बचता है। दूसरी तरफ, इसके नुकसान भी कम नहीं हैं। तकनीक पर ज्यादा निर्भरता की वजह से शिक्षकों पर हमेशा ऑनलाइन रहने और तुरंत जवाब देने का दबाव बना रहता है। साथ ही, स्क्रीन के सामने हर वक्त रहने से बच्चों का ध्यान भटकना और क्लास में अनुशासन बनाए रखना पहले की तुलना में काफी मुश्किल हो गया है।

निष्कर्ष

ब्लैकबोर्ड से स्क्रीन तक का यह सफर तकनीक की एक बड़ी उपलब्धि है। भले ही आज इंटरनेट और AI से हर जानकारी एक क्लिक पर मिल जाती है, लेकिन सही रास्ता दिखाने, हिम्मत बढ़ाने और अच्छे संस्कार देने का काम सिर्फ एक टीचर ही कर सकता है। तकनीक कितनी भी आगे निकल जाए, एक शिक्षक की जगह कोई मशीन नहीं ले सकती।

यह भी पढ़ें- Teachers' Day 2026: जिसने बदली जीवन की दिशा, उन्हें गिफ्ट करें ये सदाबहार किताबें

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific