साल के आखिरी चार महीने यानी सितंबर से दिसंबर त्योहार, घूमने-फिरने और खाने-पीने के लिहाज से काफी खास रहने वाले हैं। सितंबर में गणेश उत्सव की शुरुआत से लेकर अक्टूबर में नवरात्रि और दशहरा, नवंबर में दीपावली और छठ और दिसंबर में क्र‍िस्‍मस तक कैलेंडर काफी ब‍िजी रहने वाला है। यानी अगर आप पूरे साल के बचे हुए महीनों को थोड़ा प्लान करके बिताना चाहती हैं, तो आपके पास पूजा-पाठ, परिवार के साथ समय, दोस्तों के साथ घूमने और अलग-अलग जगहों का खाना चखने के कई मौके हैं।

खास बात तो यह है कि सितंबर के बाद मौसम भी कई जगह घूमने के लिए बेहतर होने लगता है। ऐसे में क्यों न अभी से अपनी एक छोटी सी सितंबर टू दिसंबर 2026 बकेट लिस्ट तैयार कर ली जाए? इसमें त्योहार भी होंगे, घर के खास पकवान भी और कुछ यादगार ट्रिप भी। आज हम आपको अपने इस लेख में बता रहे हैं क‍ि आप इन महीनों को कैसे यादगार बना सकती हैं। आइए जानते हैं-

Image Credit- Magnific

सितंबर 2026: गणपति बप्पा के साथ करें शुरुआत

सितंबर की शुरुआत में जन्‍माष्‍टमी न‍िकल चुका है, लेकिन 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी है। इस दिन घरों और पंडालों में गणपति बप्पा की स्थापना की जाएगी। 2026 में गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को मनाई जाएगी और गणेश उत्सव का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन होगा।

गणेश चतुर्थी पर क्या करें?

इस द‍िन आप घर में गणपति की मूर्ति लाकर स्‍थाप‍ित करें। स्थापना के बाद भगवान गणेश की पूजा और आरती करें। पूजा के बाद भोग लगाया जाता है। इस दौरान आप गणपति बप्‍पा को अलग-अलग तरह के मोदक का भोग लगा सकती हैं। अगर आपके पास 10 द‍िन का समय नहीं है ताे अपने घर की परंपरा के ह‍िसाब से 3 या 5 द‍िन के ल‍िए बप्‍पा की स्‍थापना कर सकती हैं।

सितंबर में घूमने कहां जाएं?

अगर सितंबर में छुट्टी मिल रही है, तो केरल का प्लान बना सकतीं है। बारिश के बाद यहां हरियाली काफी खूबसूरत हो जाती है। मुन्नार की पहाड़ियां और चाय के बागान या अल्लेप्पी के बैकवॉटर इस मौसम में आपकी ट्रिप को यादगार बना देंगे। हालांक‍ि, सितंबर में केरल के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, इसलिए निकलने से पहले मौसम जरूर देख लें। अगर आपको पहाड़ पसंद हैं, तो हिमाचल भी एक ऑप्‍शन हो सकता है। शिमला, मनाली, धर्मशाला और मैक्लोडगंज जैसी जगहों पर छोटा ब्रेक ले सकती हैं।

Image Credit- Magnific

अक्टूबर 2026: नवरात्रि, गरबा और दशहरे का महीना

अक्टूबर आते ही त्योहारों का असली रंग देखने को म‍िलता है। इस साल शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू हो रही है और 20 अक्टूबर को दशहरा होगा। 19 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी और महानवमी रहेगी।

यह भी पढ़ें- क्या है गुजरात का 'डाकला' नृत्य, जिससे होता है मां चामुंडा का आह्वान? यहां जानें

नवरात्रि में कैसे होती है पूजा?

नवरात्रि के पहले दिन घर में कलश स्थापना या घटस्थापना की जाती है। इसके बाद नौ दिनों तक देवी के अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है। बहुत से घरों में व्रत रखा जाता है और रोज सुबह-शाम देवी की पूजा और आरती की जाती है। ऐसे में अगर आप नवरात्रि में गरबा और डांडिया का मजा लेना चाहती हैं, तो गुजरात चली जाएं। वहीं अगर दुर्गा पूजा का अलग माहौल देखना है, तो कोलकाता का रुख कर सकती हैं। इस दाैरान कोलकाता में जगह-जगह पर बड़े पंडाल सजते हैं और यहां की रौनक देखने लायक होती है।

नवरात्रि में क्या खाएं?

अगर व्रत रख रही हैं तो घरों में आमतौर पर व्रत वाला खाना बनाया जाता है। जैसे-

  • साबूदाने की खिचड़ी
  • साबूदाने के वड़े
  • कुट्टू या सिंघाड़े के आटे की पूड़ी
  • आलू की सब्जी
  • फल और दूध
  • मखाने की अलग-अलग डिश
  • लस्‍सी

और अष्‍टमी या नवमी पर घर में पूड़ी, हलवा और चने बनाए जाते हैं और कन्‍या पूजन क‍िया जाता है।

Image Credit- Shutterstock

दशहरा कब है?

आपको बता दें क‍ि इस साल 20 अक्टूबर 2026 को दशहरा मनाया जाएगा। इस दिन कई जगह रामलीला के बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जलाए जाते हैं। आप चाहें तो परिवार के साथ अपने शहर में होने वाले दशहरा कार्यक्रम को देखने जा सकती हैं।

अक्टूबर में कहां की ट्रिप प्‍लान करें?

अगर आप ज्‍यादा दूर और महंगे शहर नहीं जाना चाहती हैं तो राजस्थान घूमने का प्लान भी अच्छा रहेगा। जयपुर, उदयपुर और जोधपुर जैसे शहरों में किले, महल, बाजार और लोकल खाना ट्रिप को यादगार बना देंगे। अक्टूबर में यहां का मौसम भी काफी अच्‍छा हो जाता है। इसके अलावा अगर आपको पहाड़ और ठंडी हवा पसंद है तो कश्मीर को भी अपनी बकेट लिस्ट में शाम‍िल कर सकती हैं।

Image Credit- Shutterstock

नवंबर 2026: दीपावली से लेकर छठ तक त्योहार ही त्योहार

नवंबर का महीना शायद इस पूरी बकेट लिस्ट का सबसे ज्यादा ब‍िजी महीना रहेगा। दीपावली से पहले 6 नवंबर को धनतेरस, 7 नवंबर को छोटी दीपावली और 8 नवंबर को दीपावली है। इसके बाद 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भाई दूज मनाई जाएगी।

धनतेरस पर क्या करें?

धनतेरस के दिन घर की साफ-सफाई करके शाम को दीपक जलाए जाते हैं। इस दिन लोग अपनी जरूरत और परंपरा के हिसाब से नई चीजें भी खरीदते हैं। इस दौरान आप खाने में घर पर मिठाई, नमकीन और त्योहार के दूसरे पकवान बना सकती हैं। अगर बाजार की मिठाई नहीं खरीदना चाहती हैं तो घर में बेसन के लड्डू या नारियल की बर्फी भी बनाने के ल‍िए अच्‍छा ऑप्‍शन हो सकता है।

दीपावली पर कैसे होती है पूजा?

इस साल 8 नवंबर को दीपावली मनाई जाएगी। इस दिन घर की सफाई और डेकोरेशन के बाद शाम को लक्ष्मी-गणेश की पूजा की जाती है। घर में दीपक जलाए जाते हैं और मिठाई का भोग लगाया जाता है। इस दौरान पूरा पर‍िवार इकट्ठा होता है। यह अपने आप में ही यादगार पल है।

Image Credit- Pexels

दीपावली की प्लेट में क्या रखें?

दीपावली के मौके पर सिर्फ मिठाई ही नहीं, बल्कि कई तरह के नमकीन और घर के पकवान भी बनाए जाते हैं। आप अपनी फैमिली की पसंद के हिसाब से-

  • नमकपारे
  • शकरपारे
  • चकली
  • बेसन के लड्डू
  • गुजिया
  • कचौड़ी
  • पूड़ी-सब्जी
  • सूरन या जिमीकंद की पकौड़ी या चोखा

जैसी चीजें बना सकती हैं।

गोवर्धन पूजा पर क्या बनता है?

10 नवंबर को गोवर्धन पूजा होगी। इसे अन्नकूट भी कहा जाता है। इस दिन भगवान कृष्ण की पूजा की जाती है और कई तरह के खाने का भोग लगाया जाता है। आप अपने घर की परंपरा के ह‍िसाब से भोग बना सकती हैं। यानी खाने के शौकीन लोगों के लिए यह दिन भी कम खास नहीं है।

भाई दूज पर क्या करें?

11 नवंबर को भाई दूज है। इस दिन बहनें भाई को तिलक लगाती हैं और भाई के लिए अच्छे हेल्‍थ और लंबी उम्र की कामना करती हैं। भाई भी बहन को उपहार देता है। ऐसे में आप घर पर भाई की पसंद का खाना बनाकर इस दिन को और खास बना सकती हैं।

नवंबर में छठ पूजा भी रहेगी खास

छठ पूजा 15 नवंबर 2026 को होगी। यह चार दिन चलने वाला त्योहार होता है। 13 नवंबर को नहाय-खाय, 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को छठ पूजा और शाम का अर्घ्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। आपको बता दें क‍ि छठ में सूर्य देव की पूजा की जाती है। व्रती मह‍िलाएं नदी, तालाब या दूसरी जगहों पर जहां पानी में खड़े होने की व्‍यवस्‍था होती है, वहां खड़े होका सूर्य देव को अर्घ्य देती हैं। इस दौरान पूजा में ठेकुआ, फल और दूसरे प्रसाद रखे जाते हैं। ऐसे में अगर आप छठ का माहौल करीब से देखना चाहती हैं, तो पटना और बिहार के दूसरे शहरों की ट्र‍िप प्‍लान कर सकती हैं।

नवंबर में घूमने का प्लान कहां बनाएं?

अगर आपको दीपावली के आसपास छुट्टी मिल रही है, तो अयोध्‍या का प्‍लान बना सकती हैं। इसके अलावा देव दीपावली जो क‍ि 24 नवंबर को है, आप वाराणसी जा सकती हैं।

दिसंबर 2026: साल खत्म होने से पहले एक आखिरी ट्रिप

दिसंबर में ज्‍यादा त्योहार नहीं होते हैं। 25 द‍िसंबर को क्र‍िसमस मनाया जाता है। इस दौरान लोगों के घरों में खास डेकोरेशन की जाती है। बाजारों और कैफे की रौनक भी देखने लायक होती है। वहीं, गीता जयंती भी 20 द‍िसंबर को है। इस दौरान लोग घरों में भग्वद गीता का पाठ करते हैं।

दिसंबर में खाने का क्या प्लान हो?

दिसंबर में ठंड के हिसाब से घर पर गर्मागर्म खाना बनाना सबसे अच्छा रहेगा। इस मौसम में अपनी पसंद के हिसाब से-

  • गरम पराठे
  • पूड़ी-सब्जी
  • गाजर का हलवा
  • मूंगफली और गुड़ की चीजें
  • गरम पकौड़े
  • सूप

जैसी चीजों का मजा लिया जा सकता है। वहीं क्र‍िसमस पर आप प्‍लम केक बना सकती हैं।

दिसंबर में कहां घूमने जाएं?

अगर आपको सर्दियों में घूमना पसंद है तो राजस्थान सही रहेगा। जयपुर, उदयपुर और जैसलमेर में घूमने के साथ लोकल खाना भी ट्राई कर सकती हैं। इसके अलावा अगर आपको क्र‍िसमस की असली रौनक देखनी है तो गोवा जरूर जाएं। हालांकि‍, यहां जाने के ल‍िए पहले से बु‍क‍िंग करा लें। वहीं, गीता जयंती पर आप मथुरा-वृंदावन या द्वारका जा सकती हैं।

यह भी पढ़ें- Ganesh Chaturthi 2026: कहीं ढोल-ताशे, कहीं खास पकवान! देश के कोने-कोने में दिखते हैं अनोखे रंग

तो फ‍िर सितंबर में गणपति के साथ शुरुआत करें, अक्टूबर में नवरात्रि और दशहरे का मजा लें, नवंबर में दीपावली और छठ के रंग में रंगें और दिसंबर में एक आखिरी ट्रिप के साथ साल को अलविदा कहें। इससे साल के बचे हुए चार महीने भी ऐसे निकलेंगे कि 2026 खत्म होने तक आपके पास त्योहारों, खाने और घूमने की ढेर सारी अच्छी यादें होंगी।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Cover Image Credit- AI