क्या आप भी घर और ऑफिस की डेस्क में पौधे रखने की शौकीन हैं? क्या आप ऑफिस की डेडलाइन और स्ट्रेस के बीच अपने घर में लगे पौधों की किसी तरह से बस मैनेज कर पाती हैं? क्या अक्सर समय की कमी होने की वजह से आपके पौधे खराब ही जाते हैं? अगर हां, तो हम आपको ऐसे कुछ लो मेंटिनेंस प्लांट्स के बारे में बताने जा रहे हैं जिनमें अगर आप एक या दो हफ़्तों तक अगर पानी नहीं देती हैं तब भी वो खराब नहीं होते हैं। यही नहीं इस पौधों को आप अपनी ऑफिस डेस्क में भी लगा सकती हैं। जब भी पौधों की बात आती है तो घर के अंदर रखे पौधे सिर्फ देखने में सुंदर नहीं लगते हैं बल्कि ये स्ट्रेस को भी कम करते हैं। आइए आपको बताते हैं ऐसे कुछ लो मेंटिनेंस प्लांट्स के बारे में जिन्हें कम देखभाल के बाद भी हरा-भरा रखा जा सकता है।
स्नेक प्लांट
स्नेक प्लांट आपके घर में लगाया जाने वाला वक सबसे खूबसूरत पौधा होने के साथ कम देखभाल में भी बहुत जल्दी बढ़ने वाला पौधा माना जाता है। ये एक ऐसा इंडोर प्लांट है जिसे आप बहुत कम पानी देने के बाद भी हरा-भरा रख सकती हैं। यही नहीं आप एक ही प्लांट से कई प्लांट्स भी तैयार कर सकती हैं। इस पौधे की देखभाल की ज्यादा जरूरत इसलिए भी नहीं होती है क्योंकि इसे लंबे समय तक पानी देने की आवश्यकता नहीं होती है और यह लगभग किसी भी प्रकार की रोशनी में आसानी से उग जाता है। यह कम से लेकर तेज रोशनी में भी अच्छी तरह से बढ़ता है। इसे कुछ हफ्तों में केवल एक बार पानी देने की आवश्यकता होती है।
एलोवेरा प्लांट
एलोवेरा प्लांट लोगों के लिए एकदम सही पौधा है जो सुंदरता और उपयोगिता दोनों चाहते हैं। कम देखभाल में भी यह ज्यादा बढ़ने लगता है और इसका इस्तेमाल आप अपनी खूबसूरती बढ़ाने के लिए भी कर सकती हैं। इसे तेज रोशनी, कम पानी, रेतीली मिट्टी चाहिए और इसमें आसानी से नए छोटे पौधे उगने लगते हैं। आप इसको बिना देखभाल के भी हरा-भरा बनाए रख सकती हैं।
स्पाइडर प्लांट
स्पाइडर प्लांट बहुत जल्दी और तेजी से बढ़ता है और अगर आप इसमें कभी पानी देना भूल भी जाएं तब भी यह जल्दी खराब नहीं होता है। यह पौधा अगर एक बार सूख भी जाता है तब भी बहुत आसानी से दोबारा हरा-भरा हो जाता है। अगर आप भी वर्किंग वुमेन हैं और आप पौधों की ठीक से देखभाल नहीं कर पा रही हैं तो घर में स्पाइडर प्लांट लगा सकती हैं। इसके एक पौधे से कई पौधे निकल आते हैं और हरे-भरे बने रहते हैं।
जेड प्लांट
जेड प्लांट को धीरे-धीरे बढ़ने वाला पौधा माना जाता है और उन लोगों के लिए बहुत अच्छा माना जाता है जो पौधों की देखभाल में ज्यादा समय नहीं दे पाते हैं। इसे बार-बार पानी देने की आवश्यकता नहीं होती और यह बिना ज्यादा ध्यान दिए भी बहुत तेजी से बढ़ता है। इस पौधे को तेज, अप्रत्यक्ष रोशनी, कम पानी और रसीली मिट्टी की आवश्यकता होती है और इसे पत्तियों की कटिंग से उगाया जा सकता है।
अगर आपके पास भी पौधों की देखभाल के लिए ज्यादा समय नहीं बचता है, तो आप यहां बताए पौधों को घर में लगा सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: Magnipik.com
