शादी के बाद हर महिला एक नए सफर की शुरुआत करती है, लेकिन जब वही घर उसके लिए डर और उत्पीड़न की जगह बन जाए, तो चुप रहना हल नहीं है। भारतीय कानून हर महिला को यह अधिकार देता है कि वह अपने आत्मसम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए आवाज उठाए। आइए दिल्ली के सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट मुफ्ती उसामा नदवी से उन कानूनी अधिकारों और धाराओं के बारे में जानते हैं, जो शादी के बाद उत्पीड़न से बचाने में मदद करते हैं। जरा सोचिए, जागरूकता ही इस समस्या का सबसे पहला समाधान है। यदि आपको या आपके किसी जानने वाले को मदद की जरूरत है, तो ये नियम आपके काम आएंगे।
उत्पीड़न के लिए महिलाओं के अधिकार
हर महिला को सम्मान और सुरक्षा के साथ जीने का पूरा हक है, लेकिन कई बार घर के अंदर ही उनका उत्पीड़न होने लगता है। चाहे वह मारपीट हो, मानसिक प्रताड़ना या आर्थिक तंगी या दहेज हो; इन्हें गंभीर अपराध माना गया है। जानकारी के अभाव में कई महिलाएं चुप रह जाती हैं, इसलिए यहां हम ऐसे कानूनी अधिकार में बताएंगे, जो आपको न्याय दिला सकते हैं।
Photo Credit: Pinterest (HBS)
1. घरेलू हिंसा अधिनियम, 2005 (Domestic Violence Act, 2005)
शारीरिक, भावनात्मक, मौखिक, यौन और वित्तीय दुर्व्यवहार सभी गैरकानूनी हैं। ऐसे में महिला सुरक्षा (Protection), आवास (Residence) और भरण-पोषण (Maintenance) की मांग कर सकती है। ऐसे में आदेश का उल्लंघन करने पर 1 साल तक की जेल या 20,000 रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।
2. धारा 85 बीएनएस (Section 85 BNS)
पति या ससुराल वालों द्वारा की जाने वाली क्रूरता, दहेज के लिए दबाव या मानसिक उत्पीड़न से आपराधिक कार्रवाई हो सकती है। इसमें 3 साल तक की जेल और जुर्माना दोनों हो सकता है।
3. भरण-पोषण का अधिकार- धारा 144 बीएनएसएस (Right to Maintenance)
यदि पति अपनी पत्नी को आर्थिक रूप से समर्थन देने से इनकार करता है, तो पत्नी भरण-पोषण के लिए अदालत में अपील कर सकती है। अदालत के माध्यम से नियमित मासिक वित्तीय सहायता पाने का अधिकार मिल सकता है। यदि रखरखाव (maintenance) का भुगतान नहीं किया जाता है, तो अदालत पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकती है।
4. दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 (Dowry Prohibition Act, 1961)
भारत में शादी से पहले या बाद में दहेज की मांग करना या देना पूरी तरह से अवैध है। इसके तहत 5 साल तक की जेल और 15,000 रुपये का जुर्माना या दहेज के मूल्य के बराबर (जो भी अधिक हो) जुर्माना हो सकता है।
Photo Credit: Pinterest (Tasveer)
5. साझा घर में रहने का अधिकार- घरेलू हिंसा अधिनियम, 2005 (Right to Stay in Shared Home)
एक शादीशुदा महिला को उसके वैवाहिक घर से अवैध रूप से बाहर नहीं निकाला जा सकता है। अदालत साझा घर में रहने के महिला के अधिकार की पूरी रक्षा करती है।
उत्पीड़न की शिकायत या रिपोर्ट कैसे करें?
यदि आपको या किसी अन्य महिला को तुरंत सहायता की आवश्यकता है, तो इन माध्यमों का उपयोग करें।
- पुलिस को कॉल करें: 112 पर संपर्क करें।
- महिला हेल्पलाइन: 181 या 1091 पर कॉल करें।
- एफआईआर (FIR) दर्ज करें: अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में जाकर तुरंत लिखित शिकायत या एफआईआर दर्ज कराएं।
- सबूत सुरक्षित रखें: उत्पीड़न से जुड़े चैट, स्क्रीनशॉट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य सभी सबूतों को अपने पास सुरक्षित संभाल कर रखें।
उत्पीड़न को सहना आपकी नियति नहीं, बल्कि इसके खिलाफ आवाज उठाना आपका कानूनी अधिकार है। भारतीय कानून ने महिलाओं को हर तरह की हिंसा से बचाने के लिए मजबूत अधिकार दिए हैं, बस जरूरत है उनके बारे में जागरूक होने की। अगर आप इस तरह की किसी भी समस्या का सामना कर रही हैं तो डरें नहीं, हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें, सबूत संभाल कर रखें और कानून की मदद लें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1792672574636_m.webp)