बड़े शहरों में अकेले रहने वाली महिलाओं के लिए किराए पर मकान ढूंढना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होता है। जब एक सिंगल महिला घर की तलाश में निकलती है, तो उसे अक्सर ब्रोकर्स के अजीब सवालों, मकान मालिकों की पाबंदियों और सुरक्षा से जुड़ी अनगिनत चीजों का सामना करना पड़ता है। अक्सर ब्रोकर अपने फायदे के लिए नियमों को छिपा लेते हैं और बाद में परेशानियां खड़ी होती हैं। 

अगर आप भी एक सिंगल वुमन हैं और ब्रोकर के झांसे में आए बिना एक सुरक्षित, स्वतंत्र और सुकून भरा घर तलाशना चाहती हैं, तो इसे फाइनल करने से पहले इन 5 जरूरी बातों को स्पष्ट कर लेना बेहद समझदारी होगी।

सिंगल वुमेन किराए पर घर लेने से पहले ध्यान रखें ये बातें

अगर आप भी घर से बाहर जाकर दूसरे शहर में किराए का मकान ले रही हैं, तो कुछ बातों पर ध्यान रखना जरूरी है। साथ ही जब मकान मालिक और ब्रोकर से मिलो तो उनसे सारी बातें क्लियर कर लें। ऐसा करने से भविष्य में परेशानी का सामना करने से बच सकती हैं।

1. अपनी इंडिपेंडेंट इमेज को क्लियर करें

अक्सर समाज में सिंगल महिलाओं को लेकर कई तरह की पूर्वधारणाएं बनी हुई हैं। ब्रोकर या मकान मालिक के पास जाने से पहले अपने व्यक्तित्व में एक प्रोफेशनल और क्लियर लिस्ट बनाएं। उनसे मिलने के बाद उन्हें यह विश्वास दिलाएं कि आप एक जिम्मेदार और अनुशासित किराएदार हैं जो समय पर किराया देंगी और घर के नियमों का पालन करेंगी।

Image Credit-ai

जब आप खुद को लेकर पूरी तरह कॉन्फिडेंट दिखती हैं, तो मकान मालिक के मन में अनावश्यक डाउट कम हो जाते हैं। अपनी नौकरी, काम के घंटे और लाइफस्टाइल के बारे में पारदर्शिता रखें ताकि बाद में कोई गलतफहमी न फैले।

2. लोकल और सोसाइटी के अनकहे नियमों की पूरी जानकारी लें

कई बार घर और फ्लैट अंदर से बहुत सुंदर होते हैं, लेकिन उस सोसाइटी एरिया के नियम सिंगल महिलाओं के लिए परेशानी वाले हो सकते हैं। ऐसे में ब्रोकर से यह बात साफ-साफ पूछें कि क्या वहां दोस्तों के आने-जाने पर कोई रोक-टोक तो नहीं है? क्या रात में आने-जाने को लेकर कोई समय सीमा तय है?

कई सोसायटियों में अकेले रहने वाली महिलाओं पर अनावश्यक नजर रखी जाती है या उन्हें ताने सुनने पड़ते हैं। इसलिए, किराए का समझौता करने से पहले वहां रहने वाले अन्य लोगों या सुरक्षा गार्ड से वहां के माहौल का जायजा जरूर ले लें।

3. मकान मालिक और आस-पास रहने वाले लोगों की सोच को परखें 

घर की दीवारों से ज्यादा जरूरी वहां के आसपास के लोग और मकान मालिक का स्वभाव होता है। मकान मालिक की सोच कितनी आधुनिक है, यह जानना बेहद जरूरी है। कई बार मकान मालिक शुरू में आसानी से घर दे देते हैं, लेकिन बाद में छोटी-छोटी बातों पर टोकने लगते हैं या दखलअंदाजी करते हैं।

इसके अलावा, आस-पड़ोस का माहौल सुरक्षित और शांत होना चाहिए। अगर मुमकिन हो, तो आसपास की किसी महिला पड़ोसी से बातचीत करके वहां की असलियत का अंदाजा लगा लें ताकि भविष्य में मानसिक तनाव से बचा जा सके।

4. सेफ्टी और इमरजेंसी सपोर्ट सिस्टम की जांच करें

एक सिंगल महिला के लिए सुरक्षा सबसे पहला और बड़ा पैमाना होना चाहिए। मकान फाइनल करने से पहले यह जांच लें कि उस बिल्डिंग या सोसाइटी में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं या नहीं, मेन गेट पर 24 घंटे गार्ड रहता है या नहीं और एंट्री-एग्जिट के क्या नियम हैं। इसके अलावा, घर के दरवाजे और खिड़कियों की कुंडी-ताले मजबूत स्थिति में हैं या नहीं, यह भी देख लें।

किसी भी आपात स्थिति में पुलिस, अस्पताल या आपके दोस्तों तक तुरंत मदद कैसे पहुंच सकती है, इस बात की आसानी का आकलन जरूर करें।

5. रेंट एग्रीमेंट और डिपॉजिट की पॉलिसी को सही से पढ़ें

ब्रोकर अक्सर कागजी कार्रवाई में जल्दबाजी करवाते हैं और मौखिक वादों पर भरोसा करने को कहते हैं। आपको ऐसा बिल्कुल नहीं करना है। रेंट एग्रीमेंट के हर एक क्लॉज़ को ध्यान से पढ़ें, खासकर नोटिस पीरियड और सिक्योरिटी डिपॉजिट रिफंड से जुड़े नियमों को।

Image Credit-magnific

कई बार मकान मालिक अचानक घर खाली करने का दबाव बनाते हैं या डिपॉजिट के पैसे काटने के बहाने ढूंढते हैं। एग्रीमेंट में यह साफ-साफ लिखा होना चाहिए कि आप या मकान मालिक कितने दिन पहले नोटिस देकर घर खाली कर सकते हैं, ताकि आपके अधिकारों सुरक्षित रहें।

अकेले रहना और अपनी शर्तों पर जिंदगी जीना अहम फैसला है और नया घर इस सुकून को और बढ़ाना चाहिए, न कि तनाव का कारण बने। ब्रोकर के झांसे में आने या जल्दबाजी में कोई भी समझौता करने से बेहतर है कि आप अपने स्तर पर पूरी तसल्ली कर लें। जब आपके पास सही जानकारी और स्पष्ट नियम होंगे, तो कोई भी आपको परेशान नहीं कर पाएगा।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-ai, magnific