त्योहारों का सीजन आते ही महिलाएं अपने घर को सुंदर बनाने की कोशिश में लग जाती हैं। आजकल शहरों में फ्लैट इतने छोटे होते हैं कि अलग से पूजा रूम नहीं बन पाता है, लेकिन दिन की शुरुआत अगर प्रार्थना के साथ हो तो पूरा दिन अच्छा बीतता है। अगर आप भी मंदिर बनाना चाहती हैं, तो घर की एक खाली दीवार, शेल्फ या किचन के छोटे से कोने को पूजा कॉर्नर में बदला जा सकता है।

घरों में पूजा कॉर्नर बनाने के 5 आइडियाज

छोटा घर है और मंदिर बनाने की जगह नहीं है, तो इन 5 आइडियाज से आप आसानी से बना पाएंगी पूजा कॉर्नर।

1. लिविंग रूम के कोने में बनाएं पूजा शेल्फ

घर के खाली कोने पर अक्सर कोई ध्यान नहीं देता है। आप वहां एक ट्राएंगल शेल्फ या फ्लोटिंग शेल्फ लगा सकते हैं। इस पर कुछ मूर्तियां, पीतल का छोटा दीया और ताजे फूलों का गुलदस्ता रख सकती हैं। इससे कमरा भरा-भरा भी नहीं लगेगा। इस कोने को खास दिखाने के लिए पीछे लकड़ी की पैनलिंग या सुंदर वॉलपेपर लगा सकती हैं।

2. फोल्डेबल या स्लाइडिंग डोर वाला मंदिर

छोटे फ्लैट में रहने वाले परिवारों के लिए ऐसा मंदिर बेस्ट है जो जरूरत पड़ने पर बंद हो जाए। स्लाइडिंग या फोल्डेबल दरवाजों वाली अलमारी में मूर्तियां दिन के समय छुपी रहती हैं। ये उन घरों के लिए बहुत काम का है जहां वही जगह वर्क एरिया या डाइनिंग एरिया के तौर पर भी इस्तेमाल होता है। पूजा के समय दरवाजा खोलें और बाद में बंद कर दें।

3. सीढ़ियों के नीचे बनाएं सुंदर पूजा कॉर्नर

बहुत से घरों में सीढ़ियों के नीचे की जगह अक्सर खाली और साफ पड़ी रहती है। आप इसे एक प्यारे पूजा कॉर्नर में बदल सकते हैं। वहां एक छोटा सा चबूतरा बनाएं, पीछे कोई पोस्टर लगाएं और दो पीतल की घंटियां लटका दें। जैसा की सबको पता है कि छत तिरछी होती है, इसलिए बड़ी मूर्तियों को ऊंची साइड रखें। यहां पर आप वार्म स्पॉटलाइट या फेयरी लाइट्स लगा सकती हैं। दीया जलाने से पहले देख लें कि वहां हवा आने-जाने की जगह हो।

4. किचन के पास छोटा पूजा कॉर्नर

कई भारतीय घरों में दिन की शुरुआत किचन से ही होती है, इसलिए किचन के पास पूजा शेल्फ होना बहुत अच्छा लगता है। किचन के पास जहां अच्छा लगे, वहां पर आप एक पतली सी शेल्फ पर मूर्ति और छोटा दीया रख सकती हैं। इसे गैस, स्टोव और पाइप से थोड़ी दूरी पर रखें, क्योंकि तेल, धुआं और चिकनाई से मूर्तियां और फोटो फ्रेम जल्दी खराब हो जाते हैं।

5. बेडरूम या अलमारी के पास पूजा जगह

अगर लिविंग रूम में बिल्कुल भी जगह नहीं है तो बेडरूम का एक कोना भी पूजा के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है, बस उसे साफ और पवित्र रखना जरूरी है। अलमारी के बगल में या किसी खाली दीवार पर एक नैरो शेल्फ काफी है। वैसे तो कमरे में मंदिर बहुत कम लोग रखते हैं, लेकिन अगर जगह नहीं है, तो आप रात में शेल्फ पर एक छोटा सा कपड़ा डाल सकती हैं, ये एक अच्छा तरीका है।

ऊपर दिए गए आइडियाज की मदद से आप घर में एक सुंदर सा मंदिर बना सकती हैं। यह कम जगह में घर को बेहतर लुक देने में मदद करेंगी।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।