गणेश चतुर्थी का पर्व इस साल 14 सितंबर, 2026 को मनाया जाएगा। यह त्योहार भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से शुरू होकर अनंत चतुर्दशी तक यानी लगभग 10 दिनों तक चलता है। इस मौके पर लोग गणपति बप्पा की मूर्ति घर लाकर इनकी स्थापना करते हैं और पूरी श्रद्धा के साथ पूजा करते हैं। हालांकि, कुछ लोग बाजार से मूर्ति खरीदकर लाने के बजाय इसे घर पर बनाना पसंद करते हैं। अगर आप भी इस गणेश चतुर्थी पर खुद से भगवान गणेश की मूर्ति (How To Make Ganpati Bappa Murti At Home) बनाना चाहती हैं, तो नीचे दिए गए 4 तरीके अपना सकती हैं।
गणेश चतुर्थी 2026 पर इन 4 तरीकों से बनाएं बप्पा की इको फ्रेंडली मूर्ति
प्रकृति को ध्यान में रखते हुए बाजार में भगवान की इको फ्रेंडली मूर्तियां बिकती हैं। इसकी खास बात यह होती है कि ये आसानी से पानी में घुल जाती है। अगर आप बप्पा की मूर्ती को मार्केट से खरीदने के बजाय घर पर बनाने का सोच रही हैं, लेकिन समझ नहीं आ रहा है कैसे शुरू करें, तो नीचे स्टेप-बाय-स्टेप समझें बनाने का तरीका।
1. मिट्टी से बनाएं गणपति बप्पा की मूर्ति
गणेश चतुर्थी के मौके पर अधिकतर लोग मिट्टी से गणपति बप्पा की मूर्ति बनाना पसंद करते हैं। अगर आप भी मिट्टी से बप्पा की मूर्ति बनाना चाह रही हैं,तो नीचे पढ़ें पूरा तरीका-
जरूरी सामग्री
- चिकनी मिट्टी या इको-फ्रेंडली क्ले
- पानी
- लकड़ी का चबूतरा या मोटा गत्ता
- टूथपिक या माचिस की तीली
- चाकू या कटर
- पतला ब्रश या नुकीली पेंसिल
- रंग (वाटरकलर या एक्रेलिक कलर्स)
- पेंट ब्रश
बनाने का तरीका
- सबसे पहले चिकनी मिट्टी लें। मिट्टी में थोड़ा पानी मिलाकर उसे अच्छी तरह गूंध लें ताकि वह चिकनी हो जाए और उसमें कोई गांठ न रहे।
- इसके बाद मूर्ति को स्थिर रखने के लिए नीचे एक गोल या चौकोर चपटा बेस बनाएं, जिस पर बप्पा विराजेंगे।
- अब एक बड़ा गोला बनाकर उसे थोड़ा अंडाकार आकार दें और बेस पर खड़ा करें। यह बप्पा का मुख्य शरीर (धड़ और पेट) होगा।
- फिर मिट्टी की दो छोटी और लंबी लोइयां बनाकर उन्हें मोड़ें और धड़ के नीचे दोनों तरफ जोड़ दें, जिससे बप्पा की बैठी हुई मुद्रा बन जाए।
- अब मिट्टी से चार छोटे हाथ बनाएं। दो हाथों को वरद और आशीर्वाद की मुद्रा में आगे की तरफ लगाएं और बाकी दो हाथों में से एक में मोदक और दूसरे में यंत्र रखें।
- इसके बाद एक लंबी सूंड बनाकर चेहरे के बीचों-बीच लगाएं और उसे थोड़ा बाईं ओर मोड़ दें। अब एक गोला बनाकर उसे धड़ के ऊपर जोड़ें।
- अब कान के आकार की दो चपटी पत्तियां बनाकर सिर के दोनों तरफ लगाएं। माथे पर त्रिपुंड और आंखों के लिए हल्के निशान बनाएं।
- बप्पा के सिर के ऊपर सजाने के लिए एक छोटा मुकुट बनाकर लगाएं और उसे उंगलियों से डिज़ाइन दें।
- पतली मिट्टी की लड़ियों से बप्पा का जनेऊ, गले का हार और हाथों के कंगन बनाएं। माथे पर छोटा सा तिलक या मुकुट पर नक्काशी करें।
- मूर्ति तैयार होने के बाद उसे धूप में 1 से 2 दिन के लिए सूखने के लिए छोड़ दें। जब मूर्ती पूरी तरह सूख जाए और कठोर हो जाए, तब उस पर रंग करना शुरू करें।
- सूखने के बाद वॉटरकलर या एक्रेलिक रंगों से बप्पा की मूर्ती को अपनी पसंद के अनुसार पेंट करें। रंग सूखने के बाद मूर्ति बेहद सुंदर और आकर्षक दिखने लगेगी।
Image Credit- Ai Generated
2. क्ले से बनाएं गणपति बप्पा की क्यूट मूर्ति
रंग-बिरंगे क्ले से घर पर गणपति बप्पा की प्यारी और छोटी सी मूर्ति आसानी से बनाई जा सकती है। इसे बनाने का आसान तरीका नीचे दिया गया है।
जरूरी सामग्री
- रंग-बिरंगी क्ले
- प्लास्टिक का चाकू या कटर
- टूथपिक या माचिस की तीली
- थोड़ा सा पानी
- एक छोटी प्लेट या कार्डबोर्ड
बनाने का तरीका
- क्ले से गणपति बप्पा बनाने के लिए पीले रंग की क्ले का एक बड़ा गोला बनाकर उसे थोड़ा फ्लैट या चपटा करें।
- फिर पीले रंग की क्ले से दो छोटी गोलियां बनाकर उन्हें थोड़ा लंबा करें और शरीर के नीचे दोनों तरफ मोड़कर चिपका दें।
- इसके बाद पीले रंग की ही क्ले से चार छोटे हाथ बनाएं। दो हाथों को आशीर्वाद देने की मुद्रा में आगे लगाएं और बाकी दो हाथों में से एक में छोटा सा मोदक या लड्डू रख दें।
- फिर एक और पीला गोला बनाकर उसे शरीर के ऊपर जोड़ें। अब एक छोटा सा टुकड़ा लेकर उसे सूंड का आकार दें और चेहरे पर चिपकाकर हल्का सा मोड़ दें।
- इसके बाद क्ले की दो छोटी लोइयां लेकर उन्हें चपटा करें और कान का आकार देकर सिर के दोनों तरफ लगा दें।
- अब लाल या किसी अन्य चमकीले रंग की क्ले से एक छोटा सा मुकुट बनाएं और उसे बप्पा के सिर पर सजा दें।
- फिर काले रंग के क्ले से छोटी-छोटी दो आंखें बनाएं और माथे पर पीले या लाल रंग से छोटा सा तिलक लगा दें।
- अब लाल या हरे रंग की क्ले को बेलकर बप्पा के लिए छोटी सी धोती पहनाएं। इसके अलावा पतली लाइन बनाकर गले का हार और हाथों के कंगन भी बना सकती हैं।
- सारी चीजों को आपस में अच्छे से चिपकाने के बाद, मूर्ति को कुछ घंटों के लिए हवा में सूखने के लिए रख दें।
- रंग-बिरंगी क्ले होने की वजह से इसे अलग से पेंट करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी और आपकी बहुत ही प्यारी मूर्ती तैयार हो जाएगी।
Image Credit- Ai Generated
इसे भी पढ़ें- भाद्रपद महीने में गणेश जी को करना है प्रसन्न, तो उनके सामने पढ़ें नल दमयंती की कहानी
3. अखबार से बनाएं गणेश जी की मूर्ति
अगर आप मिट्टी या रंग-बिरंगे क्ले से भगवान गणेश की मूर्ति नहीं बनाना चाहती हैं, तो आप अखबार से गणपति बप्पा बना सकती हैं। नीचे पढ़ें तरीका-
जरूरी सामग्री
- पुराने अखबार या कागज
- मैदा
- पानी
- एक्रिलिक या पोस्टर रंग और ब्रश
बनाने का तरीका
- सबसे पहले एक पैन में आधा कप मैदा और एक कप पानी मिलाकर मध्यम आंच पर गाढ़ा होने तक पकाएं।
- दूसरी तरफ अखबार को कुछ देर पानी में भिगोकर रख दें।
- 3-4 मिनट बाद भीगे हुए अखबार के गूदे का सारा अतिरिक्त पानी निचोड़ कर बाहर निकाल दें।
- फिर इस गूदे में तैयार किया हुआ मैदे का घोल अच्छी तरह मिला लें और गूंथ लें जैसे आटा गूंथते हैं।
- इसके बाद एक बड़ी गोल गेंद बनाकर गणपति का पेट बनाएं।
- अब उसी क्ले से एक छोटा गोला बनाकर सिर बनाएं और उसे पेट के ऊपर जोड़ दें।
- अब छोटी-छोटी लोई लेकर दोनों तरफ कान, हाथ और पैरों के आकार बनाकर जोड़ते जाएं।
- नीचे बैठने के लिए एक छोटा चौड़ा बेस बना सकती हैं।
- थोड़ा सा गूदा लेकर उसे बेलनाकार बनाएं और सूंड का आकार देकर चेहरे पर चिपका दें।
- कागज की मदद से ही एक छोटा सा मुकुट बनाकर सिर के ऊपर सेट कर दें।
- बनाई हुई मूर्ति को 1 से 2 दिन के लिए धूप या छांव में पूरी तरह सूखने के लिए रख दें।
- जब मूर्ति अच्छी तरह सूखकर सख्त हो जाए, तब अपनी पसंद के रंगों से पेंट करें।
Image Credit- Ai Generated
4. गेंहू के आटे से बनाएं शिवपुत्र गजानन की मूर्ति
गणेश चतुर्थी के मौके पर आप गेंहू के आटे से भगवान गजानन की मूर्ति बना सकती हैं। नीचे पढ़ें जरूरी सामग्री और बनाने का आसान तरीका-
जरूरी सामग्री
- गेहूं का आटा- 1 से 2 कप
- थोड़ा सा मैदा या चावल का आटा (मजबूती के लिए)
- खाने वाला तेल या घी-1-2 चम्मच
- पानी (आटा गूंथने के लिए)
- हल्दी (पीला या केसरिया रंग देने के लिए)
- लौंग या काली मिर्च (आंखों के लिए)
- टूथपिक या माचिस की तीली
बनाने का तरीका
- सबसे पहले एक बर्तन में गेहूं का आटा लें। अगर आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा मैदा या चावल का आटा मिला सकती हैं, इससे मूर्ति में क्रैक्स नहीं आएंगी।
- इसमें 1-2 चम्मच तेल या घी डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पूरी के आटे जैसा सख्त और चिकना डो गूंथ लें। बहुत ढीला आटा न गूंथें, वरना मूर्ति खराब हो जाएगी।
- अगर आप मूर्ति को पीला रंग देना चाहती हैं, तो गूंथते समय आटे में थोड़ी सी हल्दी मिला लें।
- आटे की एक बड़ी लोई लें और उसे चपटा करके गणेश जी के बैठने का आसन बनाएं।
- अब एक बड़ी गोल गेंद बनाकर आसन के ऊपर रखें, यह बप्पा का पेट होगा।
- पेट के ऊपर थोड़ा सा चपटा या हल्का अंडाकार गोला बनाकर सिर सेट करें।
- दोनों को जोड़ने के लिए बीच में टूथपिक या माचिस की तीली का इस्तेमाल कर सकते हैं ताकि सिर हिले नहीं।
- आटे की छोटी-छोटी चार लंबी पट्टियां बनाकर आगे के दो हाथ और दोनों मुड़े हुए पैर बनाएं और शरीर से जोड़ दें।
- एक हाथ में मोदक जैसी छोटी सी आटे की गोली बनाकर रख दें।
- थोड़ा सा आटा लेकर उसे सूंड का आकार दें। ध्यान दें ऊपर से चौड़ा और नीचे से पतला, हल्का सा घुमावदार और चेहरे पर चिपका दें।
- फिर दो चपटे गोल टुकड़े बनाकर दोनों तरफ कान लगाएं।
- इसके बाद सिर के ऊपर छोटा सा त्रिकोणीय आकार बनाकर मुकुट लगाएं।
- आंखों और तिलक के लिए हल्दी या कुमकुम का इस्तेमाल करें, या दो छोटी लौंग या काली मिर्च दबाकर आंखें बना दें।
- आटे की यह मूर्ति एक दिन में ही हवा में सूखकर सख्त हो जाती है।
- अब आपकी आटे से बनने वाली गणपति बप्पा की मूर्ति तैयार है।
Image Credit- Ai Generated
इसे भी पढ़ें- Ganpati Pujan In Wedding: हिंदू शादियों में क्यों किया जाता है गणपति पूजन? ज्योतिष एक्सपर्ट से जानें महत्व
यकीनन इस लेख में बताई गई जानकारी आपके लिए मददगार साबित होगी। यहां हमने 4 ऐसे तरीके बताएं, जो सामान आपको कम बजट में आपके घर के आसपास मौजूद दुकानों में आसानी से मिल जाएगा। साथ ही ये सभी चीजें नेचर को किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं पहुंचाती हैं।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific
