शादी के बाद आने वाला पहला त्‍योहार हर मह‍िला के ल‍िए बहुत ही खास होता है, लेक‍िन अगर बात पहली हरि‍याली तीज की हो तो इसकी खुशी और भी ज्यादा हो जाती है। नई दुल्‍हनों के ल‍िए यह स‍िर्फ सजने-संवरने का नहीं बल्‍क‍ि ससुराल में अपने पहले तीज को खास बनाने का भी माैका होता है। इस द‍िन हरे रंग के कपड़े, चूड़‍ियां, मेहंदी और सोलह श्रृंगार के साथ पूजा की भी तैया‍र‍ियां की जाती हैं।

कई पर‍िवारों में तो मायके से स‍िंधारा भेजने की भी परंपरा है। वहीं सास के साथ मिलकर तीज की तैयारी करना भी इस दिन को यादगार बना सकता है। अगर आपकी भी शादी के बाद यह पहली हरियाली तीज है तो आप पहले से थोड़ी सी तैयारी करके इस पूरे दिन को खास बना सकती हैं। आइए जानते हैं कि नई दुल्हन पहली तीज पर क्या-क्या कर सकती हैं।

सबसे पहले तीज लुक की करें तैयारी

पहली तीज पर नई दुल्हन का लुक सबसे ज्यादा खास होता है। इस द‍िन आप हरे रंग की साड़ी, लहंगा या सूट पहन सकती हैं। अगर मायके से आपके लिए कोई साड़ी या कपड़ा आया है तो उसे पहनकर पूजा कर सकती हैं। इसके साथ आप हरी और लाल चूड़ियां पहन लें। साथ में मांग टीका, नथ, बिंदी, पायल और बिछिया जैसे ज्‍वैलरी से आप अपने लुक को न‍िखार सकती हैं। अगर आपके पास शादी की ज्वैलरी है तो उसमें से भी कुछ चीजें तीज पर पहन सकती हैं। इसके ल‍िए आप अपने आउटफिट के हिसाब से लाइट मेकअप, बिंदी और अच्छा सा हेयरस्टाइल कर सकती हैं।

रात में ही लगवा लें मेहंदी

हरियाली तीज पर मेहंदी लगाना शुभ होता है। पहली तीज आप अपने हाथों पर थोड़ा डिटेल वाला मेहंदी डिजाइन लगवा सकती हैं। मेहंदी एक दिन पहले रात में ही लगवा लें। इससे पानी न छूने से रंग भी गाढ़ा हो जाएगा। आप चाहें तो हथेली पर अपने और पति के नाम का पहला अक्षर भी छिपा सकती हैं। पैरों पर भी मेहंदी लगवानी है तो कोई अच्‍छा सा ड‍िजाइन लगवा लें।

यह भी पढ़ें- हरियाली तीज पर हीरे जैसा चमकेगा चेहरा, बस 3 तरीकों से करें हल्दी-दूध का इस्‍तेमाल

सास के लिए खरीद लें छोटा सा गिफ्ट

पहली तीज पर कई मह‍िलाएं अपनी सास के ल‍िए भी अच्‍छा सा ग‍िफ्ट लेती हैं। इसके लिए आपको बहुत महंगी चीज खरीदने की जरूरत नहीं है। आप उनकी पसंद के हिसाब से साड़ी, मिठाई, घेवर या कोई इस्‍तेमाल होने वाली चीज ले सकती हैं। पूजा के बाद उन्हें गिफ्ट देकर पैर छूकर आशीर्वाद लें।

मायके से आए सिंधारे को साथ में खोलें

कई मह‍िलाओं के घर उनके मायके से स‍िंधारा भी आता है। इसमें कपड़े, चूड़‍ियां, मेहंदी, म‍िठाई समेत और भी कई चीजें होती हैं। ऐसे में अगर आपके मायके से भी स‍िंधारा आया है तो आप उसे सास के साथ बैठकर खोल सकती हैं। मिठाई या घेवर उनके साथ शेयर करें। इस छोटे से पल को आप फोटो में भी कैप्‍चर कर सकती हैं।

यह भी पढ़ें- Hariyali Teej पर बहू-बेटियों को क्यों देते हैं 'सिंधारा'? जानें यहां

पूजा की थाली पहले से तैयार रखें

तीज के दिन सबसे जरूरी कामों में से एक पूजा की तैयारी ही होती है। इसलिए आखिरी समय की भागदौड़ से बचने के लिए पूजा की थाली पहले ही तैयार कर लें। थाली में दीपक, धूप, फूल, फल, मिठाई और पूजा में इस्तेमाल होने वाली जरूरी चीजें रख लें। अगर आपके घर में सुहाग से जुड़ी चीजें पूजा में रखी जाती हैं तो उन्हें भी पहले से तैयार कर लें। आप पूजा की थाली काे खूबसूरत द‍िखाना चाहती हैं तो उसे पहले से डेकोरेट भी कर सकती हैं।

घेवर और मिठाई से बढ़ाएं त्योहार का स्वाद

हरियाली तीज का नाम आते ही घेवर का ख्याल आ जाता है। पहली तीज पर आप घेवर घर ला सकती हैं। इसके साथ गुझिया या खीर जैसी मिठाई भी बना सकती हैं। चाहें तो बाजार से मंगवा लें। अगर आप व्रत रख रही हैं तो व्रत के बाद परिवार के साथ बैठकर खाना खाएं और मीठे से स्‍वाद बढ़ा सकती हैं।

यह भी पढ़ें- Hariyali Teej 2026: हरियाली तीज पर पहली बार मायके क्यों जाते हैं? जानिए इसका कारण

झूला झूलकर लें तीज का मजा

हरियाली तीज में झूले और तीज के गीतों का भी अपना खास महत्‍व होता है। अगर आपके घर या आसपास झूला लगाने की अच्‍छी जगह है तो वहां झूला लगाकर झूल सकती हैं। सास, ननद या परिवार की दूसरी महिलाओं के साथ मिलकर तीज के लोकगीत सुनना और गाना गाएंगी तो आपका यह द‍िन और भी यादगार हो जाएगा।

पहली तीज की यादें फोटो में करें सेव

नई दुल्हन के लिए पहली तीज की तस्वीरें हमेशा खास होती हैं। इसलिए तैयार होने के बाद कुछ अच्छी फोटोज जरूर क्‍ल‍िक कराएं। पत‍ि, सास या ननद के साथ पोज देकर फोटो क्‍ल‍िक करा सकती हैं। अगर आपको रील बनाना पसंद है तो तीज की तैयारी से लेकर तैयार होने तक के छोटे-छोटे वीडियो मिलाकर एक खूबसूरत रील भी बना सकती हैं।

यह भी पढ़ें- Hariyali Teej Special: हरियाली तीज पर ट्राई करें ये 6 ट्रेंडी ग्रीन नेल आर्ट डिजाइन

तो अगर आपकी भी शादी के बाद यह पहली तीज है, तो ऊपर बताए गए तरीकों से इसे स्‍पेशल बना सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik/AI