दिवाली आते ही घर सजाने से लेकर नए कपड़े और मिठाइयां खरीदने तक कई चीजों का मन करने लगता है। बाजार में भी हर तरफ रौनक दिखने लगती है। कहीं सुंदर लाइट्स मिलती हैं तो कहीं कपड़ों और घर की सजावट के सामान पर तरह-तरह के ऑफर मिलते हैं। ऐसे में शॉपिंग करने का मन तो बहुत होता है, लेकिन कई बार बजट साथ नहीं देता है।

आज धनतेरस है और इस द‍िन मार्केट में काफी रौनक देखने को म‍िलती है, लेक‍िन त्योहार के जोश में हम जरूरत से ज्यादा सामान खरीद लेते हैं और बाद में खर्च देखकर परेशान होते हैं, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं कि कम पैसे होने पर दिवाली की खुशियां कम हो जाएं।

बजट ब‍िगाड़े ब‍िना शॉप‍िंग कैसे करें?

थोड़ी समझदारी से अगर हम खरीदारी करेंगे तो आप अपनी पसंद की चीजें भी ले सकते हैं और पैसे भी बचा सकते हैं। इसके लिए बस इन आसान तरीकों को अपनाने की जरूरत है। हम आपको इसके बारे में जानकारी दे रहे हैं-

image credit-magnific

1. शॉपिंग पर जाने से पहले बजट फ‍िक्‍स कर लें

दिवाली की खरीदारी शुरू करने से पहले यह ड‍िसाइड कर लें कि आप कुल कितने रुपये खर्च कर सकती हैं। जैसे अगर आपका बजट 3000 रुपये है तो उसी के हिसाब से खरीदारी करें। कपड़े, घर की डेकोरेशन और बाकी सामान के लिए अलग-अलग रकम तय कर लें। इससे आपको अंदाजा रहेगा कि किस चीज पर कितना खर्च करना है। बाजार में कोई पसंदीदा चीज दिखने पर भी आप अपने बजट से बाहर जाने से बचेंगी।

2. बिना लिस्ट बनाए खरीदारी न करें

कई बार हम ब‍िना ल‍िस्‍ट बनाए ही खरीदारी करने के ल‍िए बाजार चले जाते हैं। ऐसे में बाजार जाने के बाद समझ नहीं आता कि क्या खरीदना है। इस चक्कर में हम ऐसी चीजें भी ले आते हैं जिनकी घर में पहले से भरमार होती है। इसलिए शॉपिंग पर जाने से पहले एक छोटी सी लिस्ट बना लें। इसमें उन चीजों को शामिल करें जिनकी आपको सच में जरूरत है। जैसे-

  • घर के लिए दीये और लाइट्स
  • पूजा का सामान
  • दिवाली पर पहनने के लिए कपड़े
  • घर सजाने का सामान
  • मिठाई और गिफ्ट

सामान खरीदने के बाद लिस्ट में उस चीज पर निशान लगाती जाएं। इससे एक ही सामान दोबारा खरीदने की गलती नहीं होगी।

image credit- magnific

3. ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगह चेक करें रेट

किसी चीज को देखते ही तुरंत न खरीदें। पहले उसकी कीमत दूसरी दुकानों या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी देख लें। कई बार एक ही सामान अलग-अलग जगह पर अलग रेट में मिल जाता है। ऐसे में थोड़ी तुलना करने से पैसे बच जाएंगे। हालांकि, सिर्फ कम रेट देखकर सामान न खरीदें। उसकी क्वालिटी और साइज भी जरूर देखें। खासकर कपड़े, घर की सजावट और इलेक्ट्रॉनिक सामान लेते समय यह बात ध्यान रखें।

4. हर ऑफर देखकर सामान न खरीदें

दिवाली के समय दुकानों और ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर कई तरह के ऑफर मिलते हैं। कहीं एक के साथ एक फ्री का ऑफर होता है तो कहीं ज्यादा सामान खरीदने पर छूट मिलती है। ऐसे ऑफर देखकर कई बार हम जरूरत से ज्यादा चीजें खरीद लेते हैं। इसलिए कोई भी ऑफर देखने के बाद खुद से एक सवाल जरूर पूछें कि क्या आपको उस सामान की सच में जरूरत है? अगर जवाब नहीं है तो सिर्फ छूट के चक्कर में पैसे खर्च न करें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- magnific