दिवाली पर घर की सफाई और डेकोरेशन तो हर कोई करता है, लेकिन अगर आप इस बार बिना ज्यादा सामान बदले अपने कमरे को नया लुक देना चाहती हैं, तो पर्दे बदलकर देख लें। कमरे की खिड़कियों और दरवाजों पर लगे पर्दे पूरे घर की खूबसूरती बढ़ा सकते हैं। सही कलर और डिजाइन के पर्दे लगाने से कमरे का पूरा लुक बदल जाता है।

अच्छी बात तो यह है कि बाजार में आजकल कई तरह के फैब्रिक, कलर और डिजाइन वाले पर्दे मिल जाते हैं, लेकिन सिर्फ सुंदर दिखने के चक्कर में कोई भी पर्दा न खरीद लें। पर्दे लेते समय कमरे का साइज, रोशनी और पहले से मौजूद फर्नीचर भी ध्यान में रखना चाहिए।

दिवाली के लिए पर्दे खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?

हम आपको बता रहे हैं कि दिवाली के लिए नए पर्दे खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है। आइए जानते हैं-

image credit- magnific

1. सबसे पहले कमरे के हिसाब से चुनें पर्दे का रंग

पर्दे खरीदते समय सबसे पहले उनका कलर देखें। ऐसा कलर लें जो कमरे की दीवारों, सोफे और बाकी सामान के साथ अच्छे से मैच कर जाए। अगर कमरे की दीवारें लाइट शेड में हैं, तो आप थोड़े डार्क कलर के पर्दे लगाएं। वहीं, अगर कमरे में पहले से ही डार्क कलर का फर्नीचर या दीवारें हैं, तो लाइट शेड के पर्दे अच्छे लगेंगे। दिवाली के लिए आप इन कलर्स के पर्दे ले सकती हैं-

  • गोल्डन और क्रीम: कमरे को अच्छा लुक देने के लिए।
  • मैरून और रस्ट: अगर आपको थोड़े डार्क और फेस्टिव वाले कलर पसंद हैं।
  • पेस्टल पिंक और पीच: लाइट और सॉफ्ट लुक के लिए।
  • ग्रीन: कमरे में अलग और सुंदर कलर लाने के लिए।

2. फैब्रिक चुनते समय इन बातों का रखें ध्यान

पर्दे का फैब्रिक सिर्फ उसकी खूबसूरती ही नहीं बल्कि कमरे में आने वाली रोशनी पर भी असर डालता है। इसलिए खरीदारी करते समय यह जरूर देखें कि आपको कमरे में कितनी रोशनी चाहिए और पर्दों की देखभाल करना कितना आसान होगा।

  • कॉटन के पर्दे: ये रोज इस्तेमाल के लिए अच्छा है। इनका लुक सिंपल होता है।
  • लिनेन के पर्दे: अगर आपको लाइट और सिंपल लुक पसंद है, तो लिनेन जैसे फैब्रिक वाले पर्दे देख सकती हैं।
  • वेलवेट के पर्दे: थोड़े मोटे और हैवी पर्दे पसंद हैं, तो वेलवेट वाले ऑप्शंस देख लें।
  • शीयर पर्दे: अगर आप चाहती हैं कि कमरे में थोड़ी रोशनी आती रहे, तो शीयर यानी पतले पर्दे अच्छे रहेंगे।

3. कमरे के साइज के हिसाब से देखें डिजाइन

पर्दे का डिजाइन देखते समय कमरे के साइज को भी ध्यान में रखें। छोटे कमरे में बहुत बड़े और हैवी डिजाइन वाले पर्दे लगाने से जगह भरी हुई लगेगी। ऐसे में लाइट शेड और छोटे डिजाइन वाले पर्दे अच्छे रहेंगे। वहीं, बड़े कमरे में आप थोड़े डार्क शेड या बड़े प्रिंट वाले पर्दे ले सकती हैं। अगर कमरे में पहले से ही बहुत सारे डिजाइन और कलर हैं, तो सिंपल पर्दे खरीदना बेहतर रहेगा।

image credit- magnific

4. प्रिंटेड या प्लेन, कौन सा पर्दा रहेगा बेहतर?

बाजार में प्लेन और प्रिंटेड दोनों तरह के पर्दे मिल जाते हैं। आपको कौन से पर्दे लेने चाहिए, यह कमरे की बाकी डेकोरेशन पर निर्भर करता है।

  • प्लेन पर्दे: अगर कमरे में पहले से कलरफुल कुशन, डिजाइनर सोफे या प्रिंटेड चादरें हैं, तो सिंपल पर्दे अच्छे लगेंगे।
  • फ्लोरल प्रिंट: फूलों वाले डिजाइन कमरे को थोड़ा कलरफुल और खूबसूरत लुक दे सकते हैं।
  • जियोमेट्रिक प्रिंट: अगर आपको सीधी लाइनों और अलग-अलग शेप वाले डिजाइन पसंद हैं, तो इन्हें देख सकती हैं।
  • बॉर्डर वाले पर्दे: सिंपल पर्दों में थोड़ा अलग लुक चाहिए, तो किनारों पर डिजाइन वाले पर्दे देख सकती हैं।

दिवाली पर पर्दे खरीदते समय न करें ये गलतियां

नए पर्दे कमरे का लुक बदलते हैं। इसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन खरीदारी करते समय कुछ छोटी बातें याद रखें-

  • सिर्फ कलर देखकर पर्दे न खरीदें, फैब्रिक भी चेक करें।
  • खिड़की की नाप लिए बिना पर्दे न लें।
  • कमरे की बाकी सजावट से बिल्कुल अलग डिजाइन वाले पर्दे न लें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific