दिवाली पर दीयों से घर सजाने का मजा ही अलग होता है। चाहे बालकनी हो, छत हो या आंगन, द‍िवाली पर घर का हर कोना रोशनी से जगमगा उठता है, लेकिन सबसे बड़ी झंझट तब होती है जब जरा सी हवा चली नहीं कि दीये तुरंत बुझ जाते हैं। फिर बार-बार माचिस लेकर दौड़ना पड़ता है। अगर आपके साथ भी हर दिवाली यही होता है, तो इस बार कुछ बहुत ही आसान और स्मार्ट हैक्स आपके काम आएंगे। इससे दीये हवा में भी घंटों जलते रहेंगे और आपके घर की रौनक भी बनी रहेगी।

दि‍वाली पर दीयों को लंबे समय तक जलाए रखने के तरीके

अगर आप चाहती हैं क‍ि दीवाली पर दीये घंटों तक जलते रहें, जरा भी हवो चले तो वे बुझे नहीं, ताे हम आपको कुछ ट्र‍िक्‍स दे रहे हैं।

image credit- magnific

1. कांच के लालटेन में रखें दीया

दीये को हवा से बचाने का एक अच्छा तरीका है क‍ि उसे कांच के लालटेन या खास दीया होल्डर में रख दें। इससे हवा सीधे लौ तक नहीं पहुंचेगी। आप बाजार में मिलने वाले सुंदर कांच के होल्डर का इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे घर की सजावट भी अच्छी लगेगी। ध्यान रखें कि होल्डर पूरी तरह बंद न हो और उसमें हवा आने-जाने की जगह हो।

2. बाती का रखें खास ध्यान

कई बार दीया बार-बार बुझने की वजह उसकी बाती भी होती है। अगर बाती बहुत लंबी है, तो लौ ठीक से नहीं जलती और हवा लगने पर जल्दी बुझ जाती है। इसलिए बाती का आकार भी सही रखें। इसके ल‍िए अच्छी सूती बाती लें और उसे दीये में इस तरह लगाएं कि उसका नीचे वाला हिस्सा पूरा तेल या घी में डूबा रहे।

3. दीये को भारी प्लेट या ट्रे में रखें

अगर आप घर के आंगन या बालकनी में कई दीये लगाने वाली हैं, तो उन्हें किसी मजबूत और भारी ट्रे में रख सकती हैं। इससे दीये अपनी जगह पर टिके रहेंगे और गिरेंगे नहीं। आप चाहें तो पीतल या मिट्टी की बड़ी प्लेट का इस्तेमाल कर सकती हैं। बस ध्यान रखें कि ट्रे ऐसी जगह हो जहां तेज हवा सीधे न आती हो।

4. दीये के लिए सही जगह चुनें

दीया कहां रखा जा रहा है, इसका भी उसकी लौ पर असर पड़ता है। अगर आप उसे ऐसी जगह रखती हैं जहां लगातार हवा आती है, तो वो जल्‍दी बुझ जाएगा। इसलिए बालकनी या आंगन में दीये लगाने के लिए ऐसी जगह देखें जहां हवा न आती हाे। दीये को दीवार के पास रख सकती हैं। बस पर्दों, कपड़ों और दूसरी जलने वाली चीजों से दूर रखें।

image credit- pexels

5. दीये में पर्याप्त तेल या घी डालें

दीये को देर तक जलाना है, तो उसमें तेल या घी की मात्रा का भी ध्यान रखें। अगर दीये में बहुत कम तेल होगा, तो बाती उसे जल्दी सोख लेगी और लौ बुझ जाएगी। इसलिए दीया जलाने से पहले उसमें जरूरत के हिसाब से तेल या घी डाल दें। बस ध्यान रहे कि तेल इतना भी न भरें कि वह बाहर गि‍रने लगे।

दीया जलाते समय इन बातों को न करें नजरअंदाज

दिवाली पर दीये सजाते समय खूबसूरती के साथ सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। इसल‍िए-

  • जलते हुए दीये को कभी भी प्लास्टिक या कागज से न ढकें।
  • दीये के आसपास पर्दे, कपड़े और कागज जैसी चीजें न रखें।
  • बच्चों और पालतू जानवरों की पहुंच से जलते हुए दीये दूर रखें।
  • दीये को ऐसी जगह न रखें जहां किसी के पैर लगने या उसके गिरने का डर हो।
  • दीये जलाकर घर से बाहर जाते समय उन्हें बिना देखरेख के न छोड़ें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI