Dev Diwali 2026 Kab Hai: दिवाली के बाद भी एक और दिवाली आती है, जिसे देवताओं की दिवाली कहा जाता है। इस दिन काशी के घाट दीयों की रोशनी से जगमगा उठते हैं। गंगा किनारे हजारों दीपक जलते हैं और पूरा शहर ऐसा लगता है जैसे आसमान के तारे जमीन पर उतर आए हों। इस दिन को देव दीपावली कहते हैं। मान्यता है कि इस दिन देवता स्वर्ग से धरती पर उतरकर काशी में दीप जलाकर खुशियां मनाते हैं। इस बार लोगों में कंफ्यूजन है कि देव दिवाली 23 नवंबर को है या 24 नवंबर को। आइए पंडित अरुणेश कुमार शर्मा से इस पर्व की सही तारीख और शुभ मुहूर्त जान लेते हैं।

कार्तिक पूर्णिमा पर क्यों जलाए जाते हैं लाखों दीपक?

कार्तिक महीने की पूर्णिमा को सिर्फ पूर्णिमा नहीं, बल्कि देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा और त्रिपुरोत्सव भी कहते हैं। इस दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नाम के राक्षस का वध करके देवताओं को उसके अत्याचार से मुक्त कराया था। उसी जीत की खुशी में देवताओं ने दीप जलाए थे, तभी से ये परंपरा चली आ रही है।

Photo Credit: Pinterest

किस तारीख को मनाई जाएगी देव दिवाली?

हिंदू पंचांग के अनुसार, देव दीपावली इस बार 24 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाई जाएगी। वाराणसी में गंगा घाटों पर दीप जलाना सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है। इस दिन शाम को प्रदोष काल में दीपदान किया जाता है। लाखों श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर दीप जलाते हैं और गंगा आरती में शामिल होते हैं।

दीपदान का शुभ मुहूर्त

देव दीपावली पर दीपदान का सबसे शुभ समय प्रदोष काल होता है। दीपदान का शुभ मुहूर्त 24 नवंबर को शाम 5 बजकर 8 मिनट से शुरू होकर रात 7 बजकर 47 मिनट तक रहेगा। इस समय के बीच दीप जलाना सबसे अच्छा माना जाता है। भक्त इसी समय गंगा किनारे दीप रखते हैं, मंदिरों में पूजा करते हैं और भगवान शिव और भगवान विष्णु का ध्यान करते हैं।

क्यों मनाई जाती है देव दीपावली?

देव दीपावली कार्तिक पूर्णिमा को मनाई जाती है। काशी में इसका खास महत्व है। इस दिन भक्त गंगा घाटों पर दीप जलाते हैं और मंदिरों में पूजा करते हैं। जैसे ही अंधेरा होता है, गंगा का किनारा दीपों की रोशनी से चमक उठता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर देवता स्वर्ग से काशी आते हैं और गंगा किनारे दीप जलाकर उत्सव मनाते हैं। इसलिए इसे देवताओं की दिवाली कहा जाता है।

Photo Credit: Pinterest (Banarasi)

भगवान शिव और त्रिपुरासुर की कथा

कथा के अनुसार, त्रिपुरासुर ने तीनों लोकों में आतंक फैला रखा था। उसके अत्याचार से देवता बहुत परेशान थे। वो उसकी क्रूरता को सह नहीं पा रहे थे। तब देवताओं ने भगवान शिव से प्रार्थना की और रक्षा की गुहार लगाई। शिव ने उनकी पुकार सुनी और राक्षस का अंत करने का फैसला लिया। कार्तिक पूर्णिमा के दिन उन्होंने त्रिपुरासुर का वध किया और देवताओं को उसके आतंक से आजाद कराया।

भगवान शिव की इस जीत से देवता बहुत खुश हुए थे। उन्होंने शिव की स्तुति की और दीप जलाकर जश्न मनाया। माना जाता है कि उसी दिव्य जश्न से देव दीपावली मनाने की परंपरा शुरू हुई। इसलिए इस दिन भगवान शिव की पूजा और दीप जलाने का खास महत्व है।

राजा त्रिशंकु और ऋषि विश्वामित्र की कथा

देव दीपावली से जुड़ी एक और पौराणिक कथा राजा त्रिशंकु और ऋषि विश्वामित्र की है। कथा के अनुसार, विश्वामित्र ने अपनी तपस्या की शक्ति से राजा त्रिशंकु को स्वर्ग भेज दिया था, लेकिन देवताओं ने उसे स्वीकार नहीं किया और उसे वहां से निकाल दिया। इस बात से गुस्सा होकर विश्वामित्र ने एक नया ही संसार बनाने का फैसला कर लिया। उनकी कठोर तपस्या और प्रयास से सृष्टि का संतुलन बिगड़ने लगा। इससे घबराकर देवताओं ने ऋषि से प्रार्थना की और अपनी योजना छोड़ने को कहा। विश्वामित्र मान गए और स्थिति संभल गई। देवता इस बात से बहुत खुश हुए। माना जाता है कि इस खुशी में तीनों लोकों में दीप जलाए गए थे। इसी घटना को भी देव दीपावली से जोड़कर देखा जाता है।

Photo Credit: Pinterest (Dharmik Bharat Yatra)

देव दीपावली पर दीप जलाने का धार्मिक महत्व

देव दीपावली पर गंगा में स्नान, भगवान शिव और भगवान विष्णु की पूजा और दीपदान करना बहुत शुभ माना जाता है। दीप जलाना अंधेरे पर रोशनी की जीत और अज्ञान पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है। वाराणसी में इस दिन शाम की गंगा आरती और घाटों पर जलते हजारों दीप इस पर्व को और भी खास बना देते हैं। भक्तों के लिए देव दीपावली सिर्फ रोशनी का त्योहार नहीं है, बल्कि ये दिव्य जीत को याद करने, पूजा करने और पुरानी परंपराओं को निभाने का दिन है।

देव दीपावली हमें याद दिलाती है कि बुराई चाहे कितनी भी बड़ी हो, अच्छाई की जीत जरूर होती है। इस बार आप भी 24 नवंबर को शाम के शुभ मुहूर्त में दीप जलाकर आप भी इस दिव्य उत्सव का हिस्सा बन सकते हैं। अगर काशी नहीं जा सकते, तो घर पर ही एक दीपक जलाकर गंगा और भगवान शिव का ध्यान जरूर करें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।