गर्मियों की तेज धूप का असर हमारे घर के गार्डन में लगे पौधों पर भी होता है। बात अगर करी पत्ते की करें, तो आजकल लगभग सभी के घर में यह पौधा होता है। यह पौधा औषधीय गुणों से भरपूर होता है और इसी वजह से आजकल इसे घर में लगाने और खाने में इसका इस्तेमाल करने का चलन बढ़ गया है। गर्मियों में इसके पत्ते मुरझाने लगते हैं, कई बार पत्ते पीले पड़ जाते हैं, गिरने लगते हैं और पौधा सूखने की कगार पर पहुंच जाता है। ऐसे में हम परेशान हो उठते हैं कि आखिर क्या किया जाए? चलिए आपको इसका जवाब देते हैं। हम आपको कुछ ऐसे आसान और देसी ट्रिक्स बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप करी पत्ते के पौधे को चिलचिलाती धूप में भी हरा-भरा रख सकते हैं।

पानी देने का सही तरीका


गर्मियों में करी पत्ते को हरा-भरा रखने के लिए इसे सही तरह से पानी देना बहुत जरूरी है। करी पत्ते को न तो इतना पानी देना चाहिए कि मिट्टी बहुत ज्यादा गीली हो जाए और न ही इतना कम कि मिट्टी सूखी ही रहे। पौधे की सही ग्रोथ के लिए मिट्टी का हमेशा हल्का नम रहना जरूरी है। सुबह जल्दी या शाम को पानी देना सबसे सही समय है। तेज धूप में पानी देने से जड़ें कमजोर हो सकती हैं।

सुबह की धूप और सही जगह का चुनाव

करी पत्ते के पौधे को ज्यादा तेज और दोपहर की सीधी धूप नुकसान पहुंचा सकती है। अगर आपका पौधा ऐसी जगह पर रखा है, जहां दिनभर कड़ी धूप पड़ती है, तो इसे तुरंत बदलें। सुबह की हल्की धूप इसके लिए सबसे अच्छी होती है। बालकनी या ऐसी जगह जहां कुछ समय छांव मिले, वहां रखना बेहतर रहता है।

देसी खाद का कमाल


करी पत्ते को सूखने से बचाने के लिए घर पर बनी देसी खास का इस्तेमाल करें। केले के छिलके, चाय की पत्ती और प्याज के छिलकों से बनी ऑर्गेनिक खाद का इस्तेमाल इसकी ग्रोथ बढ़ा सकता है।

यह भी पढ़ें- Rose Gardening Tips: ₹10 से भी कम में फूलों से भर जाएगा गुलाब का पौधा, बस आजमाएं यह सीक्रेट ट्रिक

नीम के पानी का छिड़काव

गर्मियों में कीड़े भी पौधे को नुकसान पहुंचाते हैं। इसके लिए आप इस पर नीम के पानी का छिड़काव करें। यह एक बेहतरीन देसी उपाय है। यह न सिर्फ कीड़ों को दूर रखता है बल्कि पौधा हेल्दी रहता है।

यह भी पढ़ें- गुड़हल के पौधे में बार-बार लग जाता है मिली बग? घर पर बने इस नेचुरल स्प्रे से आसानी से पा सकती हैं राहत

 

आप भी इन देसी हैक्स से तेज गर्मी में भी आपके करी पत्ते के पौधे को हरा-भरा रख सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: Shutterstock.com