Brown Paper Bag Reuse Hacks: पहले जहां लोग केवल कपड़े ही ऑनलाइन मंगाते थे। वहीं वर्तमान में किचन में इस्तेमाल होने वाली रोजमर्रा की सामान से लेकर घर की हर छोटी-बड़ी चीज ऑनलाइन मिलती हैं। अब ऐसे में लोग सब्जी बाजार जाकर लेने के बजाय ऑनलाइन मंगवाते हैं। रोजाना सामान ऑर्डन करने की वजह से घर में ढेर सारे ब्राउन पेपर बैग इकट्ठा हो जाते हैं। बहुत सारे होने के कारण लोग इसका यूज कई बार कूड़ा भरकर फेंकने के लिए करते हैं, लेकिन आपको बता दें कि इसे कचरे में फेंकने के बजाय काम को आसान बनाने में भी कर सकती हैं। आज के इस लेख में हम आपको पेपर बैग के 5 रीयूज के बारे में बताने जा रहे हैं।
फलों को पकाने के लिए
अगर आप बाजार से कच्चे केले, आम, पपीता या एवोकैडो खरीद लाए हैं और उन्हें जल्दी पकाना चाहती हैं, तो ब्राउन पेपर बैग काम का साबित हो सकता है। इसके लिए आपको बस इतना करना है कि कच्चे फलों को इस बैग के अंदर रखकर उसका मुंह बंद कर दें।
दरअसल, पकने के दौरान फलों से एथिलीन नाम की एक नेचुरल गैस निकलती है। पेपर बैग इस गैस को बाहर नहीं जाने देता, जिससे फल अपनी ही गर्मी और गैस से बहुत जल्दी और प्राकृतिक तरीके से पक जाते हैं।
किचन और फ्रिज की सफाई व स्टोरेज के लिए
ब्राउन पेपर बैग का इस्तेमाल आप फ्रिज के अंदर सब्जियों को ताजा रखने के लिए कर सकती हैं। फ्रिज के सब्जी रखने वाली जगह पेपर बैग बिछा दें या फिर सब्जियों को सीधे पेपर बैग में डालकर रखें। यह बैग फ्रिज की एक्स्ट्रा नमी को सोख लेता है, जिससे हरी मिर्च, धनिया, अदरक और मशरूम जैसी चीजें लंबे समय तक सड़ने से बच जाती हैं।
इसके अलावा, आलू और प्याज को भी पेपर बैग में रखकर किसी अंधेरी और सूखी जगह पर रखने से वे जल्दी अंकुरित नहीं होते।
इसे भी पढ़ें- Summer Vacation Craft: दोपहर की बोरियत होगी दूर, बच्चों के साथ पेपर कप से बनाएं ये 5 मजेदार चीजें
घर और अलमारी को व्यवस्थित करना
छोटे और मध्यम आकार के पेपर बैग्स का इस्तेमाल आप अपने घर की अलमारी या दराजों को व्यवस्थित करने के लिए कर सकते हैं। बैग के ऊपरी हिस्से को अंदर की तरफ मोड़कर उसे एक कड़े और सुंदर बॉक्स का आकार दे दें। अब आप इसका उपयोग अलमारी में मोजे, रुमाल, बेल्ट या फिर ड्रेसिंग टेबल पर अपनी छोटी-मोटी कॉस्मेटिक और मेकअप की चीजें रखने के लिए कर सकती हैं।
बच्चों के लिए क्राफ्ट और खिलौने
अगर आपके घर में बच्चे हैं, तो ये ब्राउन पेपर बैग उनके लिए कलाकारी के काम आ सकते हैं। आप इन बैग्स की मदद से बच्चों को हैंड पपेट बनाना सिखा सकती हैं। बैग के निचले हिस्से पर स्केच पेन से आंख, नाक और मुंह बनाकर या रंग-बिरंगे कागज चिपकाकर मजेदार चेहरे बनाए जा सकते हैं।
इसके अलावा, इन्हें काटकर बच्चे इन पर पेंटिंग कर सकते हैं, स्क्रैपबुक बना सकते हैं या फिर अपनी स्कूल की किताबों पर मजबूत बुक कवर भी चढ़ा सकते हैं।
गिफ्ट रैपिंग के लिए करें इस्तेमाल
आजकल सिंपल और विंटेज लुक काफी ट्रेंड में है। किसी दोस्त या रिश्तेदार को तोहफा देने के लिए महंगे प्लास्टिक वाले गिफ्ट रैपर खरीदने के बजाय आप ब्राउन पेपर बैग का इस्तेमाल करें।
बैग को काटकर सीधा कर लें और उससे अपने गिफ्ट को पैक करें। इसके ऊपर जूट की पतली रस्सी बांधकर एक छोटी सी हरी पत्ती या फूल लगा दें।
इसे भी पढ़ें- Leftover Mango Pits Reuse Ideas: अरे रुकिए! क्या आप भी फेंक देती है आम की गुठली? ऐसे करें इस्तेमाल
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- Freepik
