Chhath Puja Folk Songs Meanings: छठ पूजा के दौरान घाटों पर सुनाई देने वाले लोकगीत इस महापर्व की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं। इन गीतों में कहीं केले के पेड़ पर बैठे सुग्गे का जिक्र है, तो कहीं बांस की बहंगी में सजाकर ले जाए जाने वाले प्रसाद का। 'केरवा जे फरेला घवद से' और 'कांच ही बांस के बहंगिया' ऐसे ही दो लोकप्रिय लोकगीत हैं, जिनका संबंध छठ की पारंपरिक पूजा सामग्री और अनुष्ठानों से है। दिलचस्प बात यह है कि इन दोनों गीतों में महापर्व के 4 दिनों तक होने वाली पूजा का वर्णन किया गया है। नीचे लेख में पढ़ें इन दोनों गीतों के लिरिक्स और मतलब।
'केरवा जे फरेला घवद से' गीत में प्रकृति, पक्षी और छठी मईया की पूजा का वर्णन
'केरवा जे फरेला घवद से' गीत छठ महापर्व के प्रसिद्ध और पारंपरिक लोकगीतों में से एक है, जिसमें प्रकृति, पक्षियों और छठी मईया या भगवान सूर्य की आराधना का बहुत ही सुंदर वर्णन किया गया है।
केरवा जे फरेवा घवद से गीत के बोल
ऊ जे केरवा जे फरेला घबद से, ओह पर सुगा मेड़राए।
मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरछाय।
ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय॥
ऊ जे नारियर जे फरेला घबद से, ओह पर सुगा मेड़राए।
मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरछाय।
ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय॥
अमरुदवा जे फरेला घबद से, ओह पर सुगा मेड़राए।
मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरछाय।
ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय॥
इसे भी पढ़ें- छठ गीत 'छठी माई के करब बरतिया' का हिंदी में क्या है मतलब? गाने की लिरिक्स जानें यहां
केरवा जे फरेवा घवद से गीत का अर्थ
पहला चरण (केरवा / केला)
ऊ जे केरवा जे फरेला घबद से, ओह पर सुगा मेड़राए।
मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरछाय॥
ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय॥
अर्थ- केले का घौर (गुच्छा) बहुत अच्छे से फला हुआ है और उस पर तोता (सुगा) आकर मंडरा रहा है। भक्त कहता है कि अगर यह तोता नुकसान पहुँचाएगा, तो मैं इसे अपने धनुष से बाण मारकर गिरा दूँगा, जिससे वह मूर्छित होकर गिर जाएगा। तोते के गिरने पर उसकी जोड़ीदार (सुगनी) उसके वियोग में रोने लगती है और भगवान सूर्य (आदित) से प्रार्थना करती है कि हे भगवान, अब तो आप ही हमारे सहायक बनिए।
दूसरा चरण (नारियल)
ऊ जे नारियर जे फरेला घबद से, ओह पर सुगा मेड़राए।
मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरछाय॥
ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय॥
अर्थ- ठीक इसी प्रकार नारियल भी घौर में अच्छी तरह फले हुए हैं और उन पर भी तोता आकर मंडरा रहा है। तोते को भगाने या रोकने के लिए भक्त फिर कहता है कि धनुष से प्रहार करके मैं इस सुगे को गिरा दूंगा। सुगे के घायल होकर गिरने के बाद सुगनी फिर दुख मनाती है और भगवान सूर्य से अपने सुहाग की रक्षा की गुहार लगाती है।
तीसरा चरण (अमरूद)
ऊ जे अमरुदवा जे फरेला घबद से, ओह पर सुगा मेड़राए।
मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरछाय॥
ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय॥
अर्थ- इसी तरह अमरूद भी गुच्छों में लटके हुए हैं और उन पर तोता मंडरा रहा है। लोकगीत की परंपरा के अनुसार, भक्त यहां भी चेतावनी देता है कि फल को कुतरने वाले तोते को धनुष-बाण से गिरा दिया जाएगा। अंत में, तोते के वियोग में उसकी संगिनी (सुगनी) का रोना और भगवान सूर्य (आदित) से यह गुहार लगाना यह दर्शाता है कि हर जीव अपने परिवार और जीवनसाथी के लिए भगवान से प्रार्थना करता है, और अंततः भगवान ही सबकी रक्षा करते हैं।
'बहंगिया' गीत में भगवान सूर्य और छठी मैया की महिमा का वर्णन
बहंगिया भी छठ महापर्व का एक बेहद लोकप्रिय और पारंपरिक लोकगीत है, जो भगवान सूर्य और छठी मैया की महिमा और उनकी पूजा की तैयारियों को समर्पित है। नीचे पढ़ें गीत के लिरिक्स और अर्थ-
बहंगिया गीत के लिरिक्स
कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय
बहंगी लचकत जाय होई ना बलम जी कहरिया, बहंगी घाटे पहुंचाय।
कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय...
बाट जे पूछेला बटोहिया, बहंगी केकरा के जाय
तू तो आन्हर होवे रे बटोहिया, बहंगी छठ मैया के जाय
ओहरे जे बारी छठि मैया, बहंगी उनका के जाय।
बहंगिया गीत के बोल का अर्थ
कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय
बहंगी लचकत जाय होई ना बलम जी कहरिया, बहंगी घाटे पहुंचाय।
अर्थ- कच्चे और नए बांस से बनी हुई पूजा की बहंगी (कांवर) भरी हुई है, जिसके भार से बहंगी लचकती जा रही है। बहंगी लचक रही है और भक्त अपने पति (बलम जी) से कह रही है कि हे कहरिया (बहंगी उठाने वाले), जल्दी चलो और इस बहंगी को सही सलामत घाट तक पहुंचा दो।
कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय...
बाट जे पूछेला बटोहिया, बहंगी केकरा के जाय
अर्थ- कच्चे बांस की वह सुंदर बहंगी लचकते हुए आगे बढ़ रही है। रास्ते में आते-जाते राहगीर (बटोही) पूछते हैं कि यह बहंगी आखिर किसकी है और किसके लिए जा रही है?
तू तो आन्हर होवे रे बटोहिया, बहंगी छठ मैया के जाय
ओहरे जे बारी छठि मैया, बहंगी उनका के जाय॥
अर्थ- इस पर उत्तर मिलता है कि हे राहगीर, क्या तुम अंधे हो जो तुम्हें दिखाई नहीं देता? यह बहंगी किसी और की नहीं, बल्कि साक्षात छठ मैया की है। जिनका यह व्रत (बारी) है, यह बहंगी उन्हीं के लिए घाट पर जा रही है।
इसे भी पढ़ें- Bulaye Chhathi Maa Song: आयुष्मान खुराना-शरवरी की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का Chhath Geet रिलीज, दिखा छठ का पारंपरिक रंग
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
