बरसात के मौसम में अक्सर घर के कुछ हिस्सों में नमी आ जाती है और उस जगह से सीलन की बदबू आने लगती है। अक्सर ऐसा देखा जाता है कि घर की बंद अलमारियों में भी बदबू आ जाती है और आपके कपड़े भी अलग तरह से महकने लगते हैं। यही नहीं कई बार लंबे समय तक अलमारी बंद रहने के कारण भी अजीब सी बदबू आने लगती है और आपके कपड़े भी खराब होने लगते हैं। ऐसे में कपड़ों को दोबारा धोना या महंगे फ्रेशनर खरीदना हमेशा संभव नहीं होता है और अलमारी की बदबू दूर करने के लिए केवल यही एक उपाय नहीं होता है। अगर आपकी अलमारी में भी सीलन की बदबू आ रही है तो घर में मौजूद कपूर की मदद से आप आसानी से इस समस्या को दूर कर सकती हैं। कपूर न सिर्फ अलमारी की बदबू दूर करने में मदद करेगा, बल्कि कपड़ों को लंबे समय तक ताजगी भरी खुशबू भी देता है। आइए जानें कैसे आपको अलमारी की बदबू दूर करने के लिए आसान ट्रिक आजमानी चाहिए।
अलमारी से सीलन की बदबू क्यों आती है?
अक्सर देखा जाता है कि कुछ कारणों से अलमारी में रखे कपड़ों से बदबू आने लगती है जैसे हवा न लगना, अलमारी के भीतर नमी का जमा होना और गीले या हल्के नम कपड़ों को रखने की वजह से अलमारी के अंदर सीलन आ सकती है। इसके अलावा लंबे समय तक अलमारी बंद रहने पर भी अंदर की हवा बासी हो जाती है, जिससे बदबू आने लगती है। यह गंध धीरे-धीरे कपड़ों में भी समा जाती है और आपके महंगे से महंगे कपड़े खराब होने लगते हैं।
यह भी पढ़ें- अलमारी से आती है बदबू तो इन टिप्स की लें मदद
अलमारी की बदबू दूर करने के लिए कपूर का हैक
कपूर में प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं। इसी वजह से जब आप किसी भी स्थान पर कपूर रखती हैं, तो वहां के कीड़े और बदबू दूर होने लगती है। अगर आपकी अलमारी से भी सीलन की बदबू आ रही है तो आप कपूर का इस्तेमाल कर सकती हैं। आइए जानें कपूर का इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है।
कपूर का ऐसे करें इस्तेमाल
- कपूर की 4 से 5 गोलियां लें।
- कपूर की इन गोलियों को किसी छोटे कपड़े की पोटली या जालीदार पाउच में बांध दें।
- इस पोटली को अलमारी के किसी कोने में रख दें।
- अगर अलमारी के हर कोने से बदबू आ रही है, तो आप अलमारी की अलग-अलग शेल्फ में छोटी-छोटी पोटलियां भी रख सकती हैं।
- हर 15 से 20 दिन में कपूर की पोटली को बदलते रहें क्योंकि इसकी खुशबू उड़ने लगती है।
कपूर और लौंग को मिक्स करके अलमारी में रखें
अगर अलमारी में ज्यादा बदबू आती है, तो आप कपूर के साथ 4 से 5 लौंग भी रख सकती हैं। लौंग की हल्की खुशबू और कपूर की ताजगी मिलकर अलमारी को फ्रेश बनाए रखने में मदद कर सकती है। इसके लिए आप दोनों चीजों को एक छोटे पाउच में डालकर अलमारी में रख दें और ज्यादा बदबू वाले हिस्से में इन चीजों की पोटली जरूर रखें।
अगर आपकी अलमारी से भी सीलन की बदबू आ रही है, तो आपको यहां बताए हैक्स का ध्यान रखने की जरूरत है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: Magnipik.com
