आज के वक्त में कोई खुलेआम दहेज नहीं मांगता है और कोई खुलेआम दहेज नहीं देता है। अब दहेज लेने और देने का तरीका एकदम बदल गया है, जिसे आज के वक्त में गिफ्ट कहा जाने लगा है। शादी में लड़की के घर से गाड़ी, गहने, फ्रिज, कैश सब कुछ प्यार और आशीर्वाद के नाम पर दिया जाता है, और लड़के वाले भी उसे हक से लेते हैं। ऊपर से देखने में ये सब बहुत अच्छा लगता है, लेकिन अंदर ही अंदर यही गिफ्ट एक परिवार को कर्ज में और एक लड़की को बोझ में धकेल देता है।

क्या है दहेज?

पहले दहेज मांगना गलत माना जाता था, आज उसे परंपरा कहकर सही ठहरा दिया जाता है। रिश्ता पक्का होते ही धीरे-धीरे बातें शुरू हो जाती हैं जैसे- बेटी को क्या-क्या देंगे, गाड़ी कौन सी होगी, शादी कितनी बड़ी होगी। कोई सीधे नहीं कहता कि दहेज चाहिए, लेकिन उम्मीदें इतनी साफ होती हैं कि मना करना मुश्किल हो जाता है। यही आज के दौर का सबसे बड़ा सच है कि दहेज खत्म नहीं हुआ है, बस उसने गिफ्ट का पर्दा ओढ़ लिया है। चलिए सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट मुफ्ती उसामा नदवी से जानते हैं दहेज की बदलती परिभाषा के बारे में, जिसमें परिवार अपनी बेटियों को खुद धकेल रहे हैं।

1. हम तो बस बेटी को दे रहे हैं गिफ्ट

सबसे पहला जाल यही है। कार, गहने, फर्नीचर, कैश, सब कुछ गिफ्ट के नाम पर दिया जाता है। माता-पिता कहते हैं, ये तो हम अपनी बेटी के लिए दे रहे हैं, लेकिन जब गिफ्ट की उम्मीद की जाती है, शादी से जोड़ा जाता है या उसकी लिस्ट बनाई जाती है, तो क्या वो सच में गिफ्ट रह जाता है? गिफ्ट वो होता है, जो बिना दबाव के दिया जाए। जहां मांग, उम्मीद और तुलना आ जाए, वहां गिफ्ट दहेज बन जाता है।

Photo Credit: Gemini

2. लड़के वालों का तो बनता ही है

दूसरा जाल लड़के की पढ़ाई और नौकरी से जुड़ा है। लड़का अच्छा पढ़ा-लिखा है, अच्छी नौकरी करता है, अच्छा कमाता है। क्या उसकी डिग्री की कीमत लड़की के घर वालों को चुकानी चाहिए? शादी में दो लोगों का साथ देखा जाता है, उनकी कमाई का सौदा नहीं होता है। जब लड़के की क्वालिफिकेशन को दहेज का पैमाना बना दिया जाता है, तो रिश्ता बराबरी का नहीं, लेन-देन का बन जाता है।

3. बस एक छोटी सी डिमांड है

दहेज कभी एक साथ बड़ी डिमांड बनकर नहीं आता है। वो धीरे-धीरे आता है। एक कार, थोड़ी बड़ी शादी,एक घर, दो-चार गहनों के सेट। हर बार कहा जाता है, बस यही आखिरी है। एक उम्मीद पूरी होते ही दूसरी शुरू हो जाती है। यही इसकी सबसे खतरनाक चाल है, क्योंकि छोटी-छोटी डिमांड मिलकर बहुत बड़ा बोझ बन जाती है।

4. लोग क्या कहेंगे अगर नहीं दिया तो?

समाज का डर चौथा सबसे बड़ा जाल है। माता-पिता अपनी हैसियत से ज्यादा खर्च कर देते हैं क्योंकि उन्हें लगता है समाज देख रहा है। बेटी की शादी परिवार की इज्जत का शो बन जाती है। कितने लोग आए, कितना बड़ा पंडाल था, कैसा खाना था, इसी से परिवार का स्टेटस तय होता है। इस दिखावे की कीमत बेटी के पिता की पूरी जिंदगी की कमाई चुकाती है।

Photo Credit: IMDB

5. हम ये सब बेटी की खुशी के लिए कर रहे हैं

माता-पिता को लगता है कि ज्यादा देने से बेटी को ससुराल में ज्यादा इज्जत मिलेगी, उसे अच्छा रखा जाएगा। ये सोच सबसे ज्यादा खराब है क्योंकि सवाल ये है कि एक औरत को अपनी ही शादी में इज्जत पाने के लिए कीमत क्यों चुकानी पड़े? अगर इज्जत सामान से खरीदी जा रही है, तो वो इज्जत नहीं एक सौदा है। सौदे से मिली इज्जत कभी टिकती नहीं है।

6. हमारे समाज में तो ऐसे ही होता है

जब पूरा समाज ही किसी गलत चीज को सामान्य मान ले, तो उसे गलत कहना मुश्किल हो जाता है। शादी में दहेज देना परंपरा बन जाता है। जो परिवार मना करता है, उसे अजीब समझा जाता है। जो लेता है, उसे समझदार समझा जाता है। धीरे-धीरे दहेज लेना हानिरहित लगने लगता है और मना करना बेवकूफी।

Photo Credit: Zee5 Youtube Screengrab

7. कम से कम बेटी सेटल तो हो जाएगी

बड़ी शादी को सुरक्षित भविष्य समझने की गलती भी खूब होती है। कार, कैश और महंगे गिफ्ट किसी औरत की सुरक्षा, इज्जत और खुशी की गारंटी नहीं दे सकते हैं। सच्ची सुरक्षा उसके आत्मसम्मान, उसकी पढ़ाई, उसकी कमाई और उसके लिए खड़े होने वाले परिवार से मिलती है। सामान से भरा घर अगर इज्जत से खाली है, तो वो सेटल होना नहीं कहलाता है।

8. इतना दे दिया, अब मना कैसे करें?

शादी की तैयारियां शुरू होने के बाद परिवार खुद को फंसा हुआ महसूस करता है। आधा खर्च हो चुका होता है, कार्ड बंट चुके होते हैं, रिश्तेदारों को पता चल चुका होता है। अब मना करने में बेइज्जती लगती है। बेइज्जती का डर सवाल उठाने की हिम्मत से बड़ा हो जाता है और परिवार चुपचाप हर डिमांड मानता चला जाता है। यही वो पॉइंट है, जहां दहेज सबसे ज्यादा ताकतवर हो जाता है।

9. अब चुप रहने का वक्त नहीं है

दहेज खत्म नहीं हुआ है, उसने सिर्फ अपनी भाषा बदल ली है। कभी वो गिफ्ट बन जाता है, कभी परंपरा, कभी इज्जत और कभी बेटी की खुशी। अगर हम इन मीठी बातों को पहचान लें, तो इस जाल से बाहर निकलना मुश्किल नहीं है। शादी को लेन-देन नहीं, दो लोगों में बराबरी का साथ होना चाहिए।

Photo Credit: Pinterest (Pihu)

दहेज की असली ताकत उसकी मांग में नहीं, हमारी चुप्पी में है। जब तक हम इसे गिफ्ट, परंपरा और इज्जत कहकर छुपाते रहेंगे, यह हर शादी में किसी न किसी रूप में आता रहेगा। इस जाल को तोड़ने के लिए सिर्फ कानून नहीं, सोच बदलनी होगी। बेटी की इज्जत सामान से नहीं, उसके सम्मान से तय होनी चाहिए।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।