मां की ममता की कोई कीमत नहीं होती, लेकिन क्या एक पिता भी मां बन सकता है? समाज में अक्सर यही माना जाता है कि एक बच्चे, खासकर बेटी को बड़ा करने के लिए मां का आंचल सबसे जरूरी है। मगर कुछ कहानियां इस सोच को बदल देती हैं। ये कहानी उसी बिना शर्त प्यार, त्याग और परवरिश की है, जहां एक शख्स ने अकेले ही मां और पिता दोनों का फर्ज निभाया।
कहते हैं कि बेटियां बोझ नहीं, घर की लक्ष्मी होती हैं। इस कहानी में एक बेटी ने ये बात सच करके दिखा दी। पिता ने अकेले उसे पाला, मां की कमी कभी महसूस नहीं होने दी। अब बेटी बड़ी हुई तो उसने पिता का सारा कर्ज एक ही तोहफे में उतार दिया।
सुबह 8 बजे शुरू हुआ सरप्राइज वाला दिन
सुबह 8 बजे अचानक योगेश जी की नींद खुली, "अरे ! 8 बज गए! आज अलार्म क्यों नहीं बजा? मेरी वजह से आज प्रिया को भी लेट हो जाएगी।" योगेश जी ने फटाफट चेहरे पे पानी के छींटे मारे और मुंह पोंछते हुए किचन की तरफ लगभग दौड़ पड़े। "गुड मॉर्निंग पापा" अचानक किचन से प्रिया की आवाज सुनकर वे ठिठक गए। "अरे प्रिया ! तू किचन में ! सॉरी, आज अलार्म नहीं बजा। पर चिंता मत कर, मैं फटाफट नाश्ता बना देता हूं , तू तैयार हो जा।" "रिलैक्स पापा, नाश्ता तैयार है और चाय भी बनने वाली है। आप नहा लो, उसके उसके बाद पापा-बेबी साथ में नाश्ता करेंगे।"
"पर तेरा ऑफिस? और मेरी कोचिंग क्लासेज?" "डोंट वरी पापा, आज मैंने छुट्टी ली है और आपके कोचिंग वालों को भी फोन कर दिया है, आज योगेश सर क्लासेज नहीं लेंगे।" "और हां नाश्ते के बाद मैं आपको कहीं ले जाने वाली हूं।" "कहां?" "सरप्राइज!" योगेश जी हैरान थे। जो लड़की रोज सुबह चिल्लाती थी, "पापा मेरा लंच!'' ''पापा, मेरे कपड़े प्रैस हुए की नहीं?” “यार मेरा फोन भी चार्ज नहीं है", वो आज इतनी शांत कैसे है?''
सोचते-सोचते योगेश जी पुरानी यादों में खो गए। 22 साल पुरानी बात है, जब हॉस्पिटल वालों ने उनकी गोद में एक नवजात बच्ची थमाई और साथ में थमाए तीन कागज। एक हॉस्पिटल का बिल, दूसरा बच्चे की डिस्चार्ज समरी और तीसरा कागज, जिस पर लिखा था, "मिसेज योगिता शर्मा वाईफ ऑफ मिस्टर योगेश शर्मा, कॉज ऑफ डेथ पोस्ट पार्टम हेमोरेज।" दुनिया मानो थम सी गई, वक्त ने गुजरना बंद कर दिया, दूर कहीं से आवाजें आ रही थीं, '' बहुत बुरा हुआ।" "बेटा, हिम्मत रखो।" "भगवान की मर्जी के आगे इंसान बेबस है।" "अब इस बच्चे का ध्यान तुम्हें ही रखना है।" लेकिन, योगेश जी इन आवाजों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे।
अचानक एक बच्चे के रोने की आवाज आई, "लगता है उसे भूख लगी है।" ये अनीता की आवाज थी। अनीता, योगेश जी की बड़ी बहन, जिसका प्रिया की परवरिश में बहुत बड़ा हाथ था। खासतौर पर उम्र के उस मोड़ पर, जब एक बेटी को मां की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। जो समय थम गया था, प्रिया की परवरिश में मानो उसे पर लग गए और देखते ही देखते प्रिया आज 22 साल की हो गई।
"ओ हैलो, कहां खो गए?" प्रिया की आवाज से योगेश जी वर्तमान में लौट आए। नाश्ता करने के बाद तैयार होकर दोनों बाप-बेटी बिल्डिंग से नीचे उतरे और हमेशा की तरह योगेश जी अपने टू व्हीलर की तरफ बढ़ गए। "पापा, टू व्हीलर छोड़ो, आज कैब से चलेंगे।" कैब में योगेश जी को थोड़ी झपकी आ गई और जब नींद खुली तो, "अनीता के घर! कहीं ये लड़की किसी लड़के से तो नहीं मिलवा रही? इसलिए अपनी बुआ को भी साथ ले जाना चाह रही है।"
मौका देखकर योगेश जी ने अनीता से पूछा, "दीदी, क्या तुम्हें पता है ये लड़की कहां ले के जा रही है? इसने तुम्हें किसी लड़के के बारे में तो नहीं बताया?" "नहीं योगेश, मुझे कुछ नहीं पता।" अनीता का जवाब सुनकर योगेश जी की धड़कनें और तेज हो गईं। कुछ समय बाद योगेश जी, अनीता और प्रिया एक कार शोरूम में पहुंचे और वहां प्रिया ने एक लड़के से मिलवाया। लड़का कपड़े तो सलीके से पहने हुए था और टाई भी लगाई थी, लेकिन देखने में कुछ खास नहीं था। योगेश जी ने अनीता की तरफ देखकर ना में सर हिलाया और मन में सोचा, "यार, ये प्रिया के लेवल का तो बिल्कुल नहीं है।"
"हैलो सर, मेरा नाम संजय है। मैं यहां का मैनेजर हूं।" "होंगे, पर मुझे पसंद नहीं आए।" योगेश जी ने मन ही मन में सोचा। "सर, आप लोग जब तक चाय-कॉफी पीजिए, हम बस अभी आए।" ये कहकर वो लड़का और प्रिया कहीं चले गए। कुछ देर बाद वो लड़का लौटा और योगेश जी को एक गाड़ी के पास ले जाकर बोला, "मुबारक हो सर, आपकी कार डिलीवरी के लिए तैयार है।"
"कैसा लगा सरप्राइज?" प्रिया ने पीछे से आकर योगेश जी को बाहों में जकड़ लिया। योगेश जी के पास शब्द नहीं थे, "बेटा! ये! इसके पैसे! कहां से!" "पापा, मैंने अपनी सैलरी में थोड़ी सेविंग्स करी, और थोड़ा लोन लिया। जिसकी ई.एम.आई. मैं आराम से चुका सकती हूं। हां, गाड़ी थोड़ी छोटी है, पर अपनी फैमिली भी तो छोटी है।" "लेकिन इसकी क्या जरूरत थी?"
"ओहो पापा, माना की आप इस उम्र में भी हैंडसम लगते हो, लेकिन टू व्हीलर चला-चला के आपकी कमर की बैंड बज जाती है। और फिर मुझे बोलते हो, प्रिया! जरा मेरी कमर में बाम लगा दे। छी! कितनी बदबू आती है उसमें। चलो-चलो, आज गाड़ी की पार्टी में कहीं लंच करेंगे और डिनर बुआ के यहां।" घूम-फिर कर दोनों बाप-बेटी देर रात घर पहुंचे।
"गुड नाइट पापा!" योगेश जी के कंधे को चूमते हुए प्रिया बोली, "और आप भी जल्दी सो जाना, कल आपको डबल क्लास लेनी है।" योगेश जी अपने कमरे में पहुंचे तो देखा, बेड के सिरहाने पर एक कार्ड रखा है और उस पर कुछ लिखा है, "पापा, आप सोच रहे होंगे कि आज ऐसा क्या खास है? पापा, मैंने मां को सिर्फ फोटो में देखा है। जबसे होश संभाला है, मेरे लिए सब कुछ आप ही करते हो। मुझे स्कूल छोड़ना, लेकर आना, मेरे हर एग्जाम में मुझे लेकर जाना, और बाहर घंटों इंतजार करना, मेरा टिफिन तैयार करना, मेरे कपड़े तैयार करना, मेरे हर कम्पटीशन में आना, मेरे जीतने पर उछल-उछल कर ताली बजाना, मेरे हारने पर मुझे गले लगाना और चुपके से अपने आंसू पोंछना। इतना तो बस एक मां ही कर सकती है ना?"
यह कहानी पूरी तरह से कल्पना पर आधारित है और इसका वास्तविक जीवन से कोई संबंध नहीं है। यह केवल कहानी के उद्देश्य से लिखी गई है। हमारा उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं है। ऐसी ही कहानी को पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी के साथ।
लेखक- डॉ दिनेश चौहान
Photo Credit: Gemini
यह भी पढ़ें- निशा के जीवन की वो रात इतनी खौफनाक निकलेगी उसे पता नहीं था, ऑटो में बैठते ही ड्राइवर ने...
-1794312965058_m.webp)