छोटे बच्चों में अंगूठा चूसना एक बेहद आम आदत है, जिसे देखकर अक्सर माता-पिता परेशान हो जाते हैं। शिशुओं में यह उनका स्वाभाविक जन्मजात रिफ्लेक्स होता है, जिससे उन्हें सुरक्षा और सुकून का एहसास होता है। जब बच्चे मां का दूध पीते हैं या बॉटल से फीड करते हैं, तो नेचुरली सकिंग की इच्छा होती है, जो अंगूठा चूसने से पूरी होती है। हालांकि, यह छोटे बच्चों में सामान्य है, लेकिन अगर यह आदत लंबे समय तक बनी रहे, तो उनके दांतों के विकास पर बुरा असर पड़ सकता है। नीचे लेख में स्टेरिस हेल्थकेयर की चेयरमैन जीवन कसारा से जानें बच्चे अंगूठा क्यों चूसते हैं और इस आदत को छुड़ाने के तरीके।
बच्चे अंगूठा क्यों चूसते हैं?
बच्चों के लिए अंगूठा चूसना एक ऐसा जरिया है जिससे वे खुद को सुरक्षित और तनावमुक्त महसूस करते हैं। जब वे डरते हैं या असहज होते हैं, तो यह आदत उन्हें तुरंत राहत देती है।
कई बच्चों को सोते समय या नींद से जागने के बाद अंगूठा चूसने की आदत होती है। यह उन्हें जल्दी सोने और रिलैक्स होने में मदद करता है। जब बच्चों के पास कोई खेलकूद का साधन नहीं होता या वे बोर हो रहे होते हैं, तब वे ध्यान भटकाने के लिए अपना अंगूठा चूसने लगते हैं। आप जब बच्चों के मसूड़ों में नए दांत निकलने के दौरान खुजली या दर्द होता है, तब भी वे राहत पाने के लिए अंगूठा मुंह में डालने लगते हैं।
इसे भी पढ़ें- बच्चे के आलस और टालने की आदत से हैं परेशान, जानें उसे खुद काम करना कैसे सिखाएं?
अंगूठा चूसने की आदत छुड़ाने के 4 तरीके
बच्चे अगर एक बार अंगूठा चूसना शुरू कर देता है, तो इस आदत को छुड़ाना मुश्किल हो जाता है। मगर कुछ बातों का ध्यान रखकर आप इस आदत को छुड़ा सकती हैं। नीचे जानें-
1. डांटने के बजाय प्यार से समझाएं
अक्सर माता-पिता बच्चों को अंगूठा चूसते देख गुस्सा करते हैं या उन्हें डांटते हैं। ऐसा करने से बच्चा जिद्दी हो सकता है और तनाव में आकर और ज्यादा अंगूठा चूसने लग सकता है। इसके बजाय, प्यार से समझाएं कि बड़े होने पर यह आदत अच्छी नहीं होती। इतना ही नहीं बल्कि जब बच्चे आपके कहने पर बात सुनें, तो उनकी तारीफ करें।
2. कारण समझें और उनका ध्यान भटकाएं
बच्चे अक्सर तनाव, बोरियत या डर की वजह से अंगूठा चूसते हैं। आपको यह देखना होगा कि बच्चा किस समय ऐसा ज्यादा करता है। जब भी बच्चा अंगूठा मुंह में डाले, प्यार से उसका ध्यान किसी दूसरी एक्टिविटी, जैसे खिलौने से खेलने, ड्राइंग करने या कहानी सुनने में लगा दें।
3. व्यस्त रखें और हाथों में कुछ दें
बच्चे का मन खाली रहने पर अंगूठा मुंह में जाने की संभावना बढ़ जाती है। दिनभर बच्चे को किसी न किसी रचनात्मक काम या खेल में व्यस्त रखें। सोते समय उनके हाथों में कोई सॉफ्ट टॉय दे सकती हैं, ताकि उनके हाथ व्यस्त रहें और वे अंगूठे की तरफ न जाएं।
4. रात के समय दस्ताने या बैंडेज का इस्तेमाल करें
अगर बच्चा सोते समय अनजाने में अंगूठा चूसता है, तो आप रात को सोते समय उसके हाथ में सूती दस्ताने पहना सकती हैं या अंगूठे पर हल्का सा बैंडेज लगा सकती हैं।
इससे जब भी बच्चा नींद में अंगूठा मुंह में डालेगा, उसे अजीब लगेगा, जिससे धीरे-धीरे उसकी यह आदत छूट जाएगी। इसके अलावा आप मार्केट में मिलने वाला पैसिफर का इस्तेमाल कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- बच्चा बार-बार बोलता है झूठ? गुस्सा करने के बजाय इन 5 तरीकों से करें सुधार
आपका बच्चा भी अगर अंगूठा चूसता है, तो आप इन तरीकों को आजमा सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit- Shutterstock
