फैमिली प्लानिंग करना किसी भी शादीशुदा जोड़े के जीवन का एक जरूरी मोड़ होता है। हालांकि, इस फैसले को लेकर कपल्स की टाइमलाइन अलग-अलग हो सकती है। जब पति परिवार को आगे बढ़ाना चाहते हैं, तो जरूरी नहीं कि पत्नी भी तभी चाहे। कभी-कभी पत्नी अपने करियर, मानसिक या शारीरिक सेहत के कारण थोड़ा और वक्त चाहती हैं। उसकी उस इच्छा के चलते रिश्तों में तनाव की स्थिति पैदा होने लगती है। ऐसे में इस विषय पर बिना किसी झगड़े या कड़वाहट के बेहद समझदारी और शांति से बातचीत करना जरूरी होता है। आज हम आपको अपने इस लेख के माध्यम से बताएंगे कि इस स्थिति में आपको अपने पार्टनर से कैसे बात करनी चाहिए? इसके लिए हमने कोच, हीलर, लाइफ अल्केमिस्ट और साइकोथेरेपिस्ट डॉ. चांदनी तुगनैत (Dr. Chandni Tugnait) से भी बात की है। जानते हैं आगे...

पार्टनर से बातचीत करने के तरीके

  • इस पर बात करने के लिए कभी भी जल्दबाजी में, ऑफिस जाने से ठीक पहले या किसी स्ट्रेस के बीच बात न करें। वीकेंड पर या रात के समय जब आप दोनों पूरी तरह शांत और रिलैक्स हों, तब बात करें।

  • बातचीत के दौरान अपने पार्टनर पर दबाव न बनाएं। साथ ही उन्हें गलत न ठहराएं बल्कि अपनी बात को आराम से सामने रखें। उदाहरण के लिए उनसे कहें कि मैं अभी इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए खुद को तैयार महसूस नहीं कर पा रही हूं।
  • अपने डर को छुपाने के बजाय पार्टनर के साथ साफ शब्दों में शेयर करें। अगर आप अपने करियर के किसी खास प्रोजेक्ट में बिजी हैं या स्वास्थ्य संबंधी किसी कारण से समय चाहती हैं, तो उन्हें खुलकर पूरी बात समझाएं। 

यह भी पढ़ें- जब अपनी बात रखने पर भी पति समझे 'क्लेश', तो बदलें बातचीत का तरीका

  • यह बातचीत केवल अपनी बात रखने के लिए नहीं है। आपका पार्टनर पेरेंट बनना क्यों चाहता है, उनकी इच्छाएं क्या हैं, उन्हें भी बिना बीच में टोके एक अच्छे श्रोता की तरह पूरा सुनें।
  • बातचीत को बिना किसी नतीजे के अधूरा न छोड़ें। अपने पति को समय भी दें, जैसे छह महीने या एक साल, जिसके बाद आप दोनों इस विषय पर दोबारा गंभीरता से विचार कर सकते हैं।

एक्सपर्ट की राय

पेरेंट्स बनने का फैसला पूरी तरह से आपसी सहमति और खुशी पर निर्भर होता है, न कि किसी दबाव में। अगर बातचीत करने के बाद भी बात न बने और रिश्ते में दूरियां बढ़ने लगें, तो किसी प्रोफेशनल काउंसलर की मदद लेने में संकोच न करें। 

यह भी पढ़ें- आखिर क्यों कुछ लोग शादी के बाद ज्यादा चुप हो जाते हैं? एक्सपर्ट से जानें

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific