रिश्ते में अपने पार्टनर का ख्याल रखना और उनकी फिक्र करना बहुत अच्छी बात है, लेकिन जब यही फिक्र धीरे-धीरे हर समय की पूछताछ, शक और बेवजह की रोक-टोक में बदलने लगे, तो इसे प्यार समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार पार्टनर का दिन में बार-बार फोन करके हर समय की रिपोर्ट मांगना या दोस्तों को लेकर जलन दिखाना हमें लगता है कि वह हमसे बहुत प्यार करता है और हमें खोना नहीं चाहता, लेकिन सच यह है कि सच्चे प्यार और इनसिक्योरिटी में बहुत बड़ा फर्क होता है। इनसिक्योरिटी का मतलब होता है खुद को लेकर असुरक्षित महसूस करना या पार्टनर के छोड़ जाने का हर समय डर सताते रहना।

र‍िलेशनश‍िप में इनसिक्योरिटी की 5 निशानी

अगर आपके रिश्ते में ये 5 आदतें लगातार दिख रही हैं, तो समझ जाइए कि यह प्यार नहीं बल्कि इनसिक्योरिटी है। हम आपको इसके बारे में वि‍स्‍तार से बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

image credit- magnific

1. हर समय आपकी लोकेशन पूछना

आप घर पहुंच गए या नहीं, यह पूछना पार्टनर की फिक्र दिखाता है, लेकिन अगर वह हर थोड़ी देर में आपकी लोकेशन पूछे, तुरंत जवाब न देने पर गुस्सा हो जाए या बार-बार अपडेट मांगे, तो यह इनसिक्योरिटी या कंट्रोल करने की आदत हो सकती है।

2. दोस्तों से मिलने पर जलना

पार्टनर को कभी-कभी जलन महसूस होना अलग बात है, लेकिन अगर वह बार-बार आपके दोस्तों पर सवाल उठाए या आपसे उनसे मिलना बंद करने को कहे, तो यह प्‍यार नहीं हो सकता है। रिश्ते में आपके साथ-साथ दूसरे लोगों के लिए भी जगह होनी चाहिए।

3. बार-बार प्यार साबित करने को कहना

कभी-कभी पार्टनर से अपने प्यार का भरोसा मांगना नॉर्मल है, लेकिन अगर वह बार-बार पूछे कि आप उससे कितना प्यार करती या करते हैं और थोड़ी देर बाद फिर वही सवाल करने लगे, तो हो सकता है कि उसे आपके छोड़कर जाने का डर सता रहा हो।

image credit- magnific

4. पार्टनर के लिए सब कुछ छोड़ देना

रिश्ते में दोनों काे एक-दूसरे के लिए एडजस्‍ट करना जरूरी है, लेकिन अगर आप पार्टनर को खुश रखने के लिए अपनी पसंद, दोस्तों और अपने कर‍ियर तक छोड़ने लगें, तो धीरे-धीरे खुद से दूर हो सकते हैं। रिश्ते में दोनों की जरूरतों का ध्‍यान रखना भी बह‍ुत मायने रखता है।

5. हर बहस या लड़ाई को प्यार का टेस्ट बनाना

किसी बात पर असहमत होने का मतलब यह बिल्कुल नहीं होता कि प्यार कम हो गया है, लेकिन अगर छोटी सी बहस भी सीधे 'तुम मुझसे प्यार ही नहीं करते' पर आकर टिक जाए, तो रिश्ते में अपनी बात ईमानदारी से रख पाना बहुत मुश्किल हो जाता है।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific