हर मां अपने बेटे की शादी के समय बहुत खुश होती है। घर में खुशियों का माहौल होता है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद सारी खुशियां गायब होने लगती हैं। आखिर ऐसा क्‍या हो जाता है सास- बहू के रिश्‍ते के बीच? अचानक सारी चीजें बोझिल लगने लगती हैं। दोनों एक दूसरे के सामने जाने से कतराती हैं। सास-बहू के बीच का रिश्ता क्यों खराब हो जाता है? इसकी कई वजह हैं, लेकिन एक बड़ी वजह है बेटे के हर काम में बहू की जगह खुद सास का आगे आना।

साइकोलॉजिस्‍ट एंड काउंसलर नवनीत कौर बताती हैं कि शादी के बाद मां को यह लगने लगता कि उसका बेटा शादी के बाद बदल गया है। घर के काम और बेटे की जरूरतें वह जानती है। ऐसे में अगर वह उसके काम पूरे कर देंगी, तो बेटे का उससे जुड़ाव बना रहेगा, क्‍योंकि अभी वह केवल अपनी पत्‍नी के बारे में ही सोच रहा है। इन्‍हीं वजहों से रिश्‍तों में खटास आने लगती है। इसकी कई अन्‍य कारण भी हैं, आइए जानते हैं।

शादी के बाद मां की तरफ ध्यान कम देना

साइकोलॉजिस्‍ट एंड काउंसलर नवनीत कौर के अनुसार, हर मां अपने बेटे के विवाह के समय बहुत खुश होती है। जब बहू धीरे-धीरे घर को समझने लगती है। शादी के बाद पति-पत्‍नी एक दूसरे के साथ ज्‍यादा वक्‍त बिताना पसंद करते हैं, तो मां को यह एहसास होने लगता है कि शायद उसका बेटा उससे दूर हो रहा है। अब वह सबसे ज्‍यादा समय अपनी पत्‍नी के साथ गुजारता है। मां के बुलाने पर काफी देर से जवाब देता है। यही गलतफहमियां रिश्‍तों में तल्‍खी की बड़ी वजह बनती है।

Image Credit: magnific.com

बहू का ऑफिस में देर तक काम करना, घर पर वक्‍त कम बिताना

आजकल अधिकर लड़कियां कामकाजी हैं। शादी होने के बाद भी वे नौकरी करना जारी रखती हैं। ऐसे में उनके दिन का ज्‍यादातर समय ऑफिस में ही बीत जाता है। घर पहुंचने पर थकान की वजह से वे सास की मदद नहीं कर पाती। किचन के जरूरी काम पूरा करने में भी देर होती है। कई बार काम समय से पूरा नहीं हो पाता। धीरे-धीरे इससे रिश्‍तों में कड़वाहट पनपने लगती है। दूसरी तरफ सास को ऐसा लगता है कि घर संभालने की जिम्‍मेदारी, पति को टाइम से लंच देने आदि के काम ठीक ढंग से नहीं हो रहे हैं। वह खुद ही इन कामों को पूरा करने का दायित्‍व निभाने लगती हैं।

बहू का बार-बार आपने मायके जाना

जमाना बेशक बदल गया, लेकिन हमारी सोच में आज भी बदलाव की जरूरत है। चाहे सास अपनी बहू पर कितना ही प्‍यार लुटाए, लेकिन बहू का बार-बार मायके जाना उन्‍हें पसंद नहीं। हालांकि पहले सास इस मामले पर कुछ नहीं बोलती, लेकिन जब ये बातें बार-बार होती हैं, तो इसका विरोध करती हैं। इससे संबंधों में दूरी बनती है। कहीं न कहीं सास को ऐसा लगने लगता है कि बहू घर की बजाय मायके पर ज्‍यादा फोकस कर रही है।

जनरेशन गैप का असर

Image Credit: magnific.com

एक सास इतने सालों से अपने घर को संभाल रही थी। बहू आने के बाद थोड़ा बदलाव देखने को मिलता है। यह बदलाव दोनों की उम्र के फासलों की वजह से होता है। पुराने समय में जो कह दिया जाता था, आंखें मूंदकर बहू उसे सुनती थी, लेकिन अब समय बदल गया है।आजकल लड़कियां पढ़ी-लिखी हैं, जॉब करती हैं, थोड़ी खुले विचारों की हैं। सास और बहू दोनों को ही हर पहलू पर ध्‍यान देने की जरूरत है। सास को यह समझने की जरूरत है कि बहू उनके परिवार का हिस्‍सा है। बहू आपसी स्‍नेह और हल्‍के-फुल्‍के माहौल में परिवार के बीच वक्‍त बिताए।

रिश्‍तों में ऐसे बनाए रखें मिठास

  • सास और बहू दोनों एक-दूसरे को समझें।
  • शादी के बाद नए घर के बारे में बहू को बताएं। उन्‍हें समझाएं कि यहां सब तुम्‍हारे अपने हैं।
  • सास बहू की हर छोटी-छोटी गलती को नजरअंदाज करें।
  • बहू को ये समझाने की कोशिश करें कि काम आपसी समझ और प्‍यार से होता है।
  • बेटे और बहू के साथ बैठें, उनसे अपने जिंदगी के अनुभव शेयर करें।
  • बेटा भी अपनी मां और पत्‍नी के साथ बैठे। उनकी बातों को सुने और आपसी समझ के साथ हर मसले का हल निकाले।

अपनी बहुओं के साथ टाइम जरूर बिताएं। यह आपके और उनके बीच बेहतर बॉन्ड के लिए जरूरी है। कोशिश करें कि इस दौरान आपके पति या बेटे साथ न हों, ताकि आप दोनों का फोकस एक-दूसरे पर ही रहे।अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: magnific. AI