बच्चों में पढ़ाई या घरेलू काम को टालने की आदत बेहद ही आम है। अक्सर पेरेंट्स इसे बच्चे की केवल जिद समझ बैठते हैं, जबकि कई बार इसका कारण सही मार्गदर्शन या अनुशासन की कमी हो सकता है। यदि आपका बच्चा भी हर काम को "बाद में देखता हूं" कहकर टाल देता है, तो आप गुस्सा करने के बजाय कुछ आसान और सही तरीके अपनाकर उससे वह काम करवा सकती हैं और आत्मनिर्भर बना सकती हैं। ऐसे में इन टिप्स के बारे में पता होना जरूरी है। आज हम आपको अपने इस लेखके माध्यम से बताएंगे कि बच्चे को आत्मनिर्भर कैसे बनाएं? इसके लिए हमने कोच, हीलर, लाइफ अल्केमिस्ट और साइकोथेरेपिस्ट डॉ. चांदनी तुगनैत (Dr. Chandni Tugnait) से भी बात की है। जानते हैं आगे...

1. दिनचर्या बनाएं और छोटे लक्ष्य तय करें

बच्चों को एक साथ बहुत सारा काम न दें वरना वे मानसिक रूप से थक सकते हैं, इसी कारण वे काम टालने लगते हैं। ऐसे में कुछ तरीकों से उनमें बदलाव ला सकती हैं-

  • छोटा ब्रेकडाउन: आप सबसे पहले बड़े कामों को छोटे-छोटे टुकड़ों में बांटें, जैसे पूरे कमरे की सफाई के बजाय पहले केवल खिलौने समेटने को कहें।
  • फिक्स्ड रूटीन सेट करें: खेलने, पढ़ाई करने और सोने का एक समय तय करें ताकि बच्चे को पता हो कि कब क्या करें।

2. काम को मजेदार बनाएं और तारीफ करें

जब बच्चों को कोई काम बोझ नहीं लगता, तो वे उसे खुशी-खुशी पूरा करते हैं। ऐसे में यह आपकी जिम्मेदारी है कि आप बच्चे को किस तरह से काम दे रही हैं-

  • सकारात्मक प्रोत्साहन (Positive Reinforcement): जब भी बच्चा समय पर काम पूरा करे, तो उसकी तारीफ जरूर करें। आप उनके लिए एक रिवॉर्ड चार्ट भी बना सकती हैं।
  • काम को गेम की तरह सामने रखें: काम को एक टास्क या गेम की तरह बच्चे के सामने रखें, जैसे देखते हैं 5 मिनट में कौन बैग सही से पैक करता है।

यह भी पढ़ें- बच्चा बार-बार बोलता है झूठ? गुस्सा करने के बजाय इन 5 तरीकों से करें सुधार

3. खुद करने के बजाय बच्चों को मौका दें

अति-सुरक्षात्मक रवैया यानी बच्चों को जरूरत से ज्यादा पैंपर करना भी बच्चों को आलसी और दूसरों पर निर्भर बना देता है। ऐसे में निम्न तरीकों से मार्गदर्शन करें-

  • खुद करने का मौका दें: बच्चे के छोटे-मोटे काम खुद करने की आदत डालें, जैसे पानी की बोतल भरना या जूते सही जगह रखना।
  • गलतियों से सीखने दें: यदि काम में थोड़ी देर होती है या सही से नहीं होता, तो तुरंत न डांटें बल्कि प्यार से सिखाएं।

बता दें कि बच्चे की टालने की आदत को एक दिन में नहीं बदल सकते। इसके लिए थोड़ा समय, धैर्य और सही प्लानिंग की जरूरत होती है। जब आप बच्चे को सही दिखाएंगी और उन्हें खुद फैसले लेने का मौका देंगी, तो वे धीरे-धीरे जिम्मेदार और आत्मनिर्भर बनने लगते हैं।

यह भी पढ़ें- पेरेंट्स की ये 4 गलतियां, बचपन ही नहीं; बड़े होने पर भी बच्चे को बनाती है जिद्दी

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific