''शादी की उम्र निकल रही है..." आखिर शादी की कोई एक्‍सपायरी डेट है क्‍या? क्‍या लेट शादी करना, नहीं करना कोई अपराध है? हम खुद को भले ही मॉडर्न कहें, आधुनिक सोच के साथ आगे बढ़ने की बात करें, लेकिन कहीं न कहीं समाज में मौजूद कुछ ऐसे लोगों की सोच और ताने साबित कर देते हैं कि लाइफ हमारी और गाइडेंस उनकी।

हमारी जिंदगी से जुड़े हर पहलू पर समाज का अलग नजरिया रहता है। आज भी महिलाओं को शादी की उम्र निकलने से लेकर कई बातों पर ताने सुनने पड़ते हैं, लेकिन क्या जिंदगी के फैसले समाज की सोच के हिसाब से लिए जाने चाहिए? 'पुराने ताने, नए जवाब' नाम की सीरीज में हम ऐसे ही सामाजिक तानों की बात करेंगे और बताएंगे कि इनका जवाब आत्मविश्वास और समझदारी से कैसे दिया जाए? सबसे पहले हम यह जान लेते हैं कि इस बारे में साइकोलॉजिस्‍ट की क्‍या राय है?

पुरुषों के मुकाबले महिलाओं पर शादी का दबाव ज्‍यादा क्‍यों?

दिल्‍ली सरकार स्‍वास्‍थ्‍य विभाग की साइकोलॉजिस्‍ट डॉ. अनीता सेठ का कहना है कि शादी कब करोगे? यह सवाल पुरुषों की बजाय महिलाओं से ज्‍यादा पूछा जाता है। इसका सबसे बड़ा कारण समाज में असुरक्षा की भावना और समय रहते गृहस्‍थी को संभालना है। समाज में यह पुरानी सोच आज भी मौजूद हैaकि महिला को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा के लिए एक पुरुष या पति की आवश्यकता होती है, जबकि पुरुषों को आत्मनिर्भर और स्वतंत्र माना जाता है।

जब शादी करने का दबाव अपने ही माता-पिता या परिवार की तरफ से आए, तो आपको बेझिझक अपनी बात सामने रखनी चाहिए। परिवार से एक भावनात्‍मक जुड़ाव होता है। ऐसे में हमेशा अपने अभिभावक और परिजनों से अपनी बातें शेयर करें। उनकी बातों को समझें और अपने नजरिये को बताने का प्रयास करें।

ऐसी महिलाएं जो शादी करना चाहती हैं, लेकिन अभी तक उन्हें सही पार्टनर नहीं मिला है, उनसे बार-बार पूछे जाने वाले सवालों से मानसिक दबाव बढ़ जाता है, जिससे भविष्य को लेकर बेचैनी और चिंता पैदा होती है। कई बार महिलाएं यह सोचने पर मजबूर हो जाती हैं कि शायद वे ही गलत हैं या उनके मानक कुछ ज्यादा ही ऊंचे हैं।

कैसे दें रिश्‍तेदारों के अटपटे सवालों के जवाब?

Image Credit:AI Generated

1. "अब तक शादी क्यों नहीं की?"

आपका जवाब: "शादी मेरे लिए बेशक एक अहम फैसला है, लेकिन जब सही लगेगा, तब करूंगी। पहले खुद को आत्‍मनिर्भर बनाऊंगी।" याद रखें रिश्तेदारों और पड़ोसियों का काम सिर्फ पूछना है, आपकी जिंदगी के फैसले वे नहीं लेंगे।

2. "उम्र निकल जाएगी, फिर अच्छा रिश्ता नहीं मिलेगा।"

आपका जवाब: "मैं उम्र के दबाव में नहीं, सही साथी और अपनी तैयारी के आधार पर फैसला लेना चाहती हूं। मुझे अपनी जिंदगी के सही फैसले लेने का हक है।"

3. "करियर तो बन गया, अब शादी कब करोगी?"

आपका जवाब: "करियर और शादी दोनों अलग फैसले हैं। एक की सफलता दूसरे की समय-सीमा तय नहीं करती।" यह एक ऐसा सवाल है, जो लगभग हर कामकाजी लड़की को किसी न किसी मोड़ पर सुनना ही पड़ता है। मौके के अनुसार इसका जवाब दें। शादी कोई 'टास्क' नहीं है जिसे समय पर करना जरूरी हो।

4. "अकेले जिंदगी कैसे काटोगी?"

आपका जवाब: "अभी मैं अपनी जिंदगी से खुश हूं। भविष्य के फैसले अपनी जरूरतों के अनुसार लूंगी।" जिंदगी बहुत बड़ी होती है। समय आने पर ही हर जरूरत के अनुसार कदम उठाया जाता है।

5. "लोग क्या कहेंगे?"

आपका जवाब: "लोगों की राय से ज्यादा जरूरी है कि मैं अपने फैसले से संतुष्ट रहूं।" यह सामाजिक सोच है जो भारतीय समाज में व्यक्तियों की योग्यताओं, सपनों और व्यक्तिगत फैसलों को दबाने का सबसे बड़ी वजह बनती है। यह डर कोई कमजोरी नहीं, बल्कि सामाजिक कंडीशनिंग और बाहरी स्वीकृति की पुरानी आदत है। सिर्फ अपने लक्ष्‍य पर फोकस रखें।

जानिए क्‍या है शादी करने के सवाल को लेकर महिलाओं की राय?

हमने समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यरत कुछ ऐसी महिलाओं से बात की। शादी को लेकर दिए जाने वाले दबाव और उनकी राय जानने की कोशिश की।


सीनियर बिजनेस जर्नलिस्‍ट शर्मिली मलिक (30) का कहना है शादी का फैसला बहुत सोच-समझकर लूंगी। मुझे अपनी प्राथमिकताएं मालूम हैं। शादी करने से पहले आत्‍मनिर्भर होना जरूरी है। रिश्‍तेदार क्‍या कहेंगे? समाज क्‍या कहेगा? मैं इन तानों की परवाह नहीं करती।

प्राइवेट सेक्‍टर में कार्यरत वर्षा (25) की शादी को लेकर सोच थोड़ी अलग है। उनका कहना है कि जब सही वक्‍त आएगा, सही इंसान मिलेगा तभी मैं शादी करूंगी। मैं सोसाइटी के बीच रही, लेकिन मेरी परवरिश मेरे अभिभावकों ने की है। मेरे परिवार को मुझसे कोई दिक्‍कत नहीं, तो मुझे समाज के लोगों की परवाह नहीं है। मैं अपने माता-‍पिता से इस बारे में खुलकर बात करूंगी।

इंस्‍टाग्राम इन्फ्लुएंसर अनामिका (26) का कहना है कि मैं आत्‍मनिर्भर हूं अपने तरीके से जिंदगी जी रही हूं, जब मुझे लगेगा कि मैं मानसिक रूप से तैयार हूं और मेरा हमसफर मुझे मिल गया है। इसके बाद ही शादी करने के बारे में सोचूंगी।

बिजनेस एंड ऑटो एक्‍सपर्ट श्रीति (28) का कहना है कि हर किसी को अपनी जिंदगी अपने ढंग से जीने का अधिकार है। मेरा फोकस इस समय मेरा करियर है। जब तक पूरी तरह से आत्‍मनिर्भर नहीं बन जाती शादी नहीं करूंगी। समाज मेरी जरूरतें पूरी नहीं करेगा।

फ्रीलांसर और मॉडल शिवानी (28) का मानना है कि शादी कोई खेल नहीं है। हर किसी को अपनी जिंदगी के फैसले लेने का पूरा अधिकार है। शादी करने के लिए मुझे अभी थोड़ा वक्‍त और चाहिए। शिवानी की नजर में हर महिला के लिए आत्‍मनिर्भर होना सबसे जरूरी है।

समाज में क्‍या है महिलाओं की जिंदगी के मायने?

समाज कई ताने-बाने से मिलकर बनता है। जब बात महिलाओं की आती है तो यहां विचारों में काफी भिन्‍नता देखने को मिलती है। जब हमने इन पहलुओं के बारे में रिलेशनशिप एक्‍सपर्ट, साइकोलॉजिस्‍ट और काउंसलर से बात की तो कई जानकारियां सामने आईं।

महिलाओं को लेकर बनी समय सीमा

पीएसआरआई हॉस्पिटल की साइकोलॉजिस्‍ट और काउंसलर अर्पिता कोहली का कहना है कि हमारे समाज में महिलाओं की जिंदगी को लेकर एक तय समय सीमा बना दी गई है। एक उम्र तक पढ़ाई पूरी करना, नौकरी करना और फिर शादी कर लेना। अगर कोई महिला इस तय उम्र तक शादी नहीं करती, तो उसे बार-बार यह याद दिलाया जाता है कि उसकी शादी की उम्र निकल रही है। इस तरह की टिप्‍पणियां बेशक सामान्य बातचीत का हिस्सा लगें, लेकिन इनका महिलाओं के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ सकता है।

आत्मविश्वास की होती है कमी

लगातार सामाजिक दबाव की वजह से महिलाओं में चिंता, आत्मविश्वास की कमी और खुद को दूसरों से कम समझने की भावना पैदा हो सकती है। अपनी जिंदगी की तुलना दोस्तों या रिश्तेदारों से करने लगती हैं और यह महसूस कर सकती हैं कि कहीं वे जीवन में पीछे तो नहीं रह गई हैं। कई बार परिवार और समाज को निराश नहीं करने के डर से महिलाएं ऐसे रिश्तों के लिए भी हां कर देती हैं, जिनके लिए वे मानसिक रूप से तैयार नहीं होतीं या जिनमें उन्हें सही अनुकूलता नजर नहीं आती।

शादी का फैसला लेने में समझ की कमी

सबसे पहले यह समझने की जरूरत है कि शादी कोई उपलब्धि नहीं है, जिसे एक निश्चित उम्र तक हासिल करना जरूरी हो। हर व्यक्ति की भावनात्मक तैयारी, प्राथमिकताएं और जीवन के लक्ष्य अलग होते हैं। शादी का फैसला सामाजिक दबाव, अकेलेपन के डर या उम्र निकलने की चिंता में नहीं बल्कि अपनी इच्छा और सही साथी मिलने पर लेना चाहिए। हमेशा याद रखें कि किसी महिला की पहचान, सफलता और खुशी उसकी वैवाहिक स्थिति से तय नहीं होती। शादी की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती और जिंदगी को किसी दूसरे व्यक्ति की तय की हुई समय सीमा के हिसाब से जीना जरूरी नहीं है।

Body In Motion की फाउंडर और हेल्‍थकेयर स्‍पेशलिस्‍ट, वाणी भल्‍ला पाहवा समाज की इस अप्रोच को लेकर बिल्‍कुल स्‍पष्‍ट नजरिया रखती हैं। उनकी सोच महिलाओं की शादी और करियर को लेकर बिल्‍कुल अलग है।

बेवजह तनाव लेने से बचें

आपने अभी तक शादी क्‍यों नहीं की? इसका जवाब देना काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि यह सवाल आपसे कौन पूछ रहा है, किस माहौल में? ज्‍यादातर लोगों के लिए महज बातचीत हो सकती है, लेकिन आपके लिए नहीं। बेहतर यही है कि आप यहां मुस्‍कान दिखाते हुए बात को टाल दें। अगर आपके परिवार के सदस्‍य ऐसा सवाल पूछें तो उनसे सपोर्ट मांगे, अपनी प्राथमिकताएं शेयर करें।

फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस की कमी

महिलाओं में आज भी फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस को लेकर जागरूकता की कमी है। उन्‍हें अगर यहां थोड़ी छूट दी जाती है तो उसके साथ कुछ टर्म एंड कंडीशंस भी जोड़ दिए जाते हैं। जैसे करियर की तलाश शादी होने तक या एक तय उम्र तक ठीक है।

महिला-पुरुष के बीच असमानता

आज भी महिलाओं और पुरुषों के बीच असमानता है। जब तक ये गैप नहीं भरेगा असली बदलाव की उम्मीद नहीं की जा सकती। हमारा समाज भले ही कहे कि महिलाओं को हर क्षेत्र में काम करने और आगे बढ़ने की आजादी है, लेकिन असलियत कुछ और ही होती है। महिलाओं को घर पर उतना सपोर्ट नहीं मिलता जिसकी वे आशा करती हैं।

कौन इस बात की गारंटी दे सकता कि आप सही समय पर सही व्‍यक्ति के साथ शादी करेंगी? यह आपकी लाइफ है, आपकी सोच है और समाज के इन्‍हीं तानों का सटीक जवाब देने का समय है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: AI