यह सच है कि प्यार एक ऐसा भाव है, जो इंसान को भावनात्मक रूप से जोड़ता है। यह भी उतना ही सच है कि किसी भी रिश्ते की शुरुआत उम्मीदों से ही होती है। यह उम्मीद कि जिससे आपको प्यार करते हैं वह आपको समझेगा, आपके जज्बातों की कद्र करेगा और मुश्किल वक्त में आपके साथ खड़ा रहेगा। इस तरह की उम्मीद कि आपका पार्टनर भी आपको उतना ही प्यार करेगा, आपकी केयर करेगा, जितना कि आप उससे करते हो। उम्मीदें रिश्तों को दिशा देती हैं, लेकिन जब यही उम्मीदें गुजरते वक्त के साथ हद से ज्यादा बढ़ जाती हैं, तो प्यार धीरे-धीरे दबाव और बोझ में बदलने लगता है। ऐसे में जानिए कि अपने रिश्ते में उम्मीदों को कितनी जगह दें या फिर किस तरह अपने रिश्ते को उम्मीदों से बांधकर ना रखें। इस बारे में हमें रिलेशनशिप कोच, प्रेरणा विक्रम उपाध्याय बता रहे हैं।
रिश्तों में उम्मीदों की भूमिका
उम्मीदें रिश्ते की रीढ़ होती हैं, वे यह तय करती हैं कि हम एक-दूसरे से क्या चाहते हैं और रिश्ते में किस तरह का व्यवहार स्वीकार्य है। सम्मान, भरोसा, ईमानदारी और भावनात्मक सुरक्षा जैसी उम्मीदें बिल्कुल स्वाभाविक हैं। इनके बिना रिश्ता असंतुलित और अधूरा महसूस होता है। सही उम्मीदें रिश्ते को मजबूत बनाती हैं और दोनों पार्टनर्स को एक-दूसरे के करीब लाती हैं। इसलिए, ये तय करें कि आपके रिश्तों में उम्मीदों की क्या भूमिका है।
अधूरी उम्मीदों से बढ़ती कड़वाहट
किसी भी रिश्ते में जब उम्मीदें पूरी नहीं होतीं, तो वो निराशा में बदलने है। निराशा शिकायतों में बदलती है और फिर आरोपों का रूप ले लेती है। तुम कभी समझते नहीं, तुम मुझे समझ नहीं पाए या पाई, तुम्हें मेरी कोई परवाह ही नहीं जैसे वाक्य रिश्ते में भावनात्मक दूरी पैदा करते हैं। धीरे-धीरे एक दूसरे का प्यार और साथ, जो कभी सुकून देता था, तनाव और मानसिक थकान का कारण बन जाता है। इसकी वजह से हम एकदूसरे से दूर भागने लगते हैं और एक दूसरे को इग्नोर करने लगते हैं।
उम्मीदें और कल्पनाओं का फर्क समझें
अक्सर लोग उम्मीदों और कल्पनाओं के बीच का अंतर समझ नहीं पाते। उम्मीदें यथार्थ पर आधारित होती हैं, जबकि कल्पनाएं अक्सर फिल्मों, किताबों या सोशल मीडिया से प्रभावित होती हैं। जब हम अपने पार्टनर से यह उम्मीद करने लगते हैं कि वह हर वक्त परफेक्ट रहेगा, बिना कहे हमारी हर भावना समझ लेगा या हमारी खुशियों को अपनी जिम्मेदारी बना लेगा, तो यह उम्मीद नहीं बल्कि कल्पना बन जाती है। यहीं से रिश्तों में निराशा की शुरुआत होती है।
रिश्तों की सबसे बड़ी समस्या है संवाद की कमी
कई बार लोग बिना अपनी अपेक्षाओं को शब्दों में ढाले, बस मन ही मन उम्मीदें पाल लेते हैं। उन्हें लगता है कि अगर सामने वाला सच में प्यार करता है, तो वह खुद ही सब समझ जाएगा, लेकिन रिश्तों में संवाद बेहद जरूरी है। जब बात नहीं होती, तो गलतफहमियां बढ़ती हैं और उम्मीदें भारी लगने लगती है। मन में यह सोच घर करने लगती हैं कि हमारे पार्टनर को हमारी कोई परवाह ही नहीं।
संतुलन और स्वीकार्यता का महत्व
अच्छे रिश्ते की पहचान यही है कि उसमें संतुलन हो। उम्मीदें हों, लेकिन लचीली ताकि वो अगर पूरी ना भी की जाए तो उसका असर रिश्ते पर ना पड़े। सामने वाले को उसकी कमियों और खूबियों दोनों के साथ स्वीकार करने की कोशिश करें। प्यार का अर्थ किसी को बदलना नहीं, बल्कि उसके साथ मिलकर बढ़ना और सीखना है।
हर इंसान की सीमाएं होती हैं अलग
हर व्यक्ति की सोच, भावनात्मक समझ, अनुभव और परिस्थितियां अलग होती हैं। कोई अपने जज्बात को खुलकर जाहिर कर पाता है, तो कोई भीतर ही भीतर सब कुछ महसूस करता है या अपनी भावनाओं को जाहिर नहीं कर पाता। जब हम यह मान लेते हैं कि हमारा पार्टनर भी हमारी तरह ही सोचे, महसूस करें और प्रतिक्रिया दे, तब हम अनजाने में उस पर दबाव डालते हैं। यह दबाव धीरे-धीरे रिश्ते को भारी बना देता है और गलतफहमियों को जगह देता है।
भावनात्मक निर्भरता का खतरा
जब इंसान अपनी सारी खुशियों, दुखों और आत्म-संतुष्टि की जिम्मेदारी सिर्फ पार्टनर पर डाल देता है, तो उम्मीदें अस्वस्थ हो जाती हैं। इस तरह की भावनात्मक निर्भरता रिश्ते को असंतुलित बना देती है। प्यार में साथ होना खूबसूरत है, लेकिन खुद की पहचान और खुशियां खो देना रिश्ते के लिए नुकसानदायक होता है। इसलिए अपनी खुशियों के लिए पार्टनर पर निर्भर होने से बचें।
यह भी पढ़ें- दिल में शक रखकर न लें फेरे, शादी करने से पहले ऐसे परखें मंगेतर की वफादारी
उम्मीदों को बोझ बनने से कैसे रोकें?
- खुलकर और ईमानदारी से अपनी अपेक्षाएं शेयर करें।
- अवास्तविक और परफेक्शन वाली उम्मीदों को पहचानें।
- अपने पार्टनर की सीमाओं और भावनाओं का सम्मान करें।
- खुद की खुशियों की जिम्मेदारी भी आपकी खुद की है।
- रिश्ते में धैर्य और समझ को प्राथमिकता दें।
जैसे-जैसे हम रिश्ते में आगे बढ़ते हैं, शुरुआत की अपेक्षा रिश्ते में प्यार कम होने लगता है और तनाव बढ़ता जाता है। ऐसे में रिश्तों में संतुलन और वास्तविकता को अपनाना जरूरी है, ताकि उम्मीदें रिश्तों को बोझिल नहीं, मजबूत बनाएं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit: Shutterstock
