आज की दुनिया में अपनी बेटी को सशक्त बनाना बहुत ही ज्यादा जरूरी है। दरअसल, सशक्त जीवन का वो सच होता है, जो हर मां बाप को अपनी बेटी को समय रहते समझाना चाहिए। माता-पिता की यह जिम्मेदारी होती है कि बेटियों को वो मूल्य सिखाएं जो न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, उनके आत्म-सम्मान को भी बढ़ावा देते हैं। सोशल मीडिया के जाल से लेकर पार्टी के अजीबोगरीब माहौल की सच्चाईयों तक, कई महत्वपूर्ण सबक हैं जो एक बेटी को बहुत पहले सीख लेने चाहिए। आज हम आपको उन महत्वपूर्ण बातों से परिचित करवाएंगे, जो हर बेटी को पता होनी चाहिए ताकि वह दुनिया का सामना निडर होकर कर सके।
जीवन के 8 महत्वपूर्ण सबक; जो आपको अपनी बेटी को सिखाने चाहिए
पेरेंटिंग एक ऐसा सफर है जहां हम लगातार सीखते हैं कि अपने बच्चों को एक बेहतर इंसान कैसे बनाया जाए। खासतौर पर जब बात बेटियों की आती है, तो उन्हें बाहरी दुनिया की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करना बेहद जरूरी होता है। क्या कभी सोचा है कि आपने अपनी बेटी को वह सब कुछ सिखाया है जो उसे सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है? आइए जानते हैं उन महत्वपूर्ण बातों के बारे में।
1. ऑनलाइन दुनिया के नियम
अपनी बेटी को पहली बात सिखाएं कि सोशल मीडिया पर कुछ भी पोस्ट करने से पहले सौ बार जरूर सोचना चाहिए। एक बार जब कोई चीज ऑनलाइन शेयर हो गई तो वह हमेशा के लिए वहां रह जाती है। फिर उस पर आपका नियंत्रण नहीं रहता है। इसलिए, सोशल मीडिया को यूज करने से पहले उसके नियम जानें।
Photo Credit: Magnific
2. ना कहने की ताकत रखना
दूसरी बात यह है कि आपकी ना ही काफी है। किसी को भी अपनी सीमाएं बताने के लिए कुछ एक्सप्लेन यानी स्पष्टीकरण देने की जरूरत नहीं है। जो लोग सही हैं, वे आपके फैसले का सम्मान करेंगे।
3. पर्सनल फोटो शेयर न करें
तीसरी बात यह है कि अगर कोई आपसे आपकी पर्सनल तस्वीरें मांग रहा है तो कभी न भेजें। एक बार जब आप किसी को अपनी प्राइवेट फोटो भेज देती हैं तो आप यह नहीं जान सकती कि इसे कौन कौन देख रहा है। अपनी आत्मसुरक्षा के लिए इस बात का हमेशा ख्याल रखें कि प्राइवेट फोटो किसी को नहीं देनी है।
4. पार्टी में ऐसे करें सेफ्टी का ख्याल
चौथी बात यह सिखाएं कि अगर आप किसी पार्टी में अपना ड्रिंक अकेला छोड़ देती हैं तो उसे भूल से भी दोबारा न पिएं। उसके बदले नया ड्रिंक लें। इस बात का जरूर ख्याल रखें कि किसी अजनबी से ड्रिंक नहीं लेनी है। अपनी सेफ्टी को प्राथमिकता दें।
Photo Credit: Magnific
5. हमेशा किसी ना किसी के साथ कॉन्टैक्ट में रहें
पांचवी बात उसे बताएं कि अगर तुम कही बाहर हो और तुम्हें कुछ ठीक न लगे तो तुरंत हमें (मम्मी या पापा) कॉल करो। समय चाहे कुछ भी हो 'मैं तुम्हें लेने आ जाऊंगा या आ जाऊंगी'। बुरी खबर सुनने से बेहतर है कि मैं तुम्हें रात के 2 बजे तक भी घर ले आऊं।
यह भी पढ़ें- Women Safety App: लड़कियों के लिए वरदान साबित हो सकता है यह सरकारी ऐप, खतरे में हो तो बस दबाएं बटन
6. नशीली दवाओं से दूर रहें
छठी बात यह बताएं कि कभी भी ड्रग्स का इस्तेमाल न करें। एक गलत फैसला आपकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल सकता है। दूर से ही ड्रग्स या ड्रिंक्स के लिए मना कर दें।
7. किसी और की चीजें न रखें
सातवीं बात यह बताएं कि स्कूल, कार या घर पर किसी और का सामान अपने पास न रखें। किसी बड़ी मुसीबत में न फंसने के लिए ऐसे में हमेशा 'ना' कहें।
8. दोस्त समझदारी से चुनें
आठवां और आखिरी नियम उन लोगों से दूर रहें जो आपका यूज या किसी मुसीबत में डाल देते हैं और आपका बुरा चाहते हैं। ऐसे दोस्त बनाएं, जो हमेशा आपका समर्थन करें और आपको आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
यह भी पढ़ें- सिंगल वुमन हैं और ढूंढ रही हैं किराए का मकान? ब्रोकर्स के झांसे में आने के बजाय क्लियर कर लें ये 5 बातें
बच्चों को सही राह दिखाना और उन्हें जागरूक बनाना हर माता-पिता की जिम्मेदारी होती है। जीवन के हर मोड़ पर सही और गलत का अंतर समझना, खुद पर भरोसा रखना और बुरी से बुरी परिस्थितियों में सही फैसले लेना ऐसी सीख है जो जीवनभर काम आती है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
