स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुका है, लेकिन जब यही फोन आपके और पार्टनर के बीच आने लगे, तो यह किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि जब आप अपने पार्टनर से कोई जरूरी बात कर रहे हों और वे आपकी तरफ देखने के बजाय स्क्रीन स्क्रॉल कर रहे हों? इसे मनोविज्ञान की भाषा में 'फबिंग' कहा जाता है। देखने में यह एक सामान्य आदत लग सकती है, लेकिन यह आदत मजबूत रिश्ते की नींव को कमजोर कर सकती है। ऐसे में इसके पड़ने वाले असर के बारे में जानते हैं। इसके लिए हमने कोच, हीलर, लाइफ अल्केमिस्ट और साइकोथेरेपिस्ट डॉ. चांदनी तुगनैत (Dr. Chandni Tugnait) से भी बात की है। जानते हैं आगे...
रिश्ते पर क्या पड़ता है असर?
जब एक पार्टनर बात करते समय लगातार फोन पर व्यस्त रहता है, तो इससे दूसरे पार्टनर को यह महसूस होता है कि उसकी बातों का कोई महत्व नहीं है।
- बातचीत का अधूरा रह जाना: लगातार ध्यान भटकने से मन की बात या तो आधी रह जाती है या उसका कोई नतीजा नहीं निकलता।
- अकेलेपन का अहसास: एक ही कमरे में साथ बैठे होने के बावजूद पार्टनर खुद को अकेला महसूस करने लगता है।
- इमोशनल कनेक्ट टूटना: आंखों में आंखें डालकर बात न करने से दो लोगों के बीच का भावनात्मक जुड़ाव धीरे-धीरे खत्म होने लगता है।
2. भरोसे की कमी और गलतफहमी पैदा होना
स्मार्टफोन का ज्यादा इस्तेमाल रिश्तों में एक अनजाना शक और गलतफहमी दोनों को पैदा करने का सबसे बड़ा कारण बन सकता है-
- अनजान डर और जलन: जब पार्टनर बार-बार फोन में मुस्कुराता है या मैसेज टाइप करता है, तो दूसरे के मन में सुरक्षा की भावना कम होने लगती है।
- चिड़चिड़ापन और गुस्सा: ध्यान न दिए जाने पर अक्सर छोटी-छोटी बातों पर बहस और झगड़े शुरू हो जाते हैं।
- प्राथमिकता की कमी: जब किसी रिश्ते में इंसान से ज्यादा जगह स्क्रीन ले लेती है, तो सामने वाले का आत्मसम्मान प्रभावित होता है।
यह भी पढ़ें- पासवर्ड शेयर करना प्यार की निशानी है या कंट्रोल की शुरुआत? एक्सपर्ट से जानें
3. रिश्ते में सुधार के लिए अपनाएं 'नो-फोन रूल्स'
इस डिजिटल दूरी को मिटाने के लिए कुछ आसान टिप्स अपना सकते हैं। ये टिप्स निम्न प्रकार के हैं-
- क्वालिटी टाइम के दौरान फोन दूर रखें: डिनर करते समय या सोने से कम से कम आधे घंटे पहले दोनों ही फोन को अलग रख दें।
- 'नो-फोन जोन' बनाएं: घर के कुछ हिस्सों, जैसे कि बेडरूम या खाने की मेज को टेक्नोलॉजी-फ्री एरिया बनाएं।
- खुलकर बात करें: शिकायत करने के बजाय प्यार से पार्टनर को बताएं कि जब वे फोन छोड़ आपकी बात सुनते हैं, तो आपको कितना अच्छा लगता है।
रिश्ते को फिर से दें नयापन
फोन की वजह से आए स्ट्रेस को मिटाने के लिए अपने पार्टनर के साथ कुछ पुरानी यादों और नई गतिविधियों को जोड़ें।
- साथ में वॉक पर जाएं, खाना बनाएं या बिना गैजेट्स के कोई गेम खेलें।
- जब पार्टनर बात करे, तो अपने काम को रोककर उनकी ओर देखें और अपना रिएक्शन दें।
यह भी पढ़ें- ऑफिस और घर के स्ट्रेस को दूर भगा सकता है 'हंसी-मजाक', जानें इसके फायदे
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: magnific
