शादी के बाद की जिंदगी सिर्फ फिल्में-रोमांस या डेट नाइट्स तक ही सीमित नहीं रहती हैं। साथ रहने पर ऐसी कई छोटी-छोटी बातें सामने आ जाती हैं जिन पर कपल्स के बीच हल्की-फुल्की बहस होना तो पक्का है। कभी रात को चादर छीनने को लेकर बहस हो जाती है, तो कभी टीवी का रिमोट किसके हाथ में रहेगा, इस बात पर तना-तनी हाे जाती है। कई बार दोनों को पता होता है कि मुद्दा बिल्कुल बेकार है, फिर भी अपनी बात मनवाने के लिए थोड़ा ड्रामा और नोकझोंक कर ही लेते हैं।
मजेदार बात तो यह है कि गुस्से के कुछ ही देर बाद दोनों आराम से साथ बैठकर हंस रहे होते हैं। यही छोटी-छोटी बातें कपल्स की डेली रूटीन का हिस्सा बन जाती हैं और उनके रिश्ते में मस्ती और प्यार दोनों बनाए रखते हैं। आज हम आपको अपने इस लेख में बताएंगे कि मैरिड लाइफ की वो फनी बातें कौन सी हैं? आइए जानते हैं-
पति-पत्नी के बीच होती हैं ये 7 नोंक-झाेंक
पति-पत्नी के बीच में छोटी-मोटी तकरार होना भी जरूरी है। इससे लाइफ में स्पार्क बना रहता है और रिश्ते में बोरियत भी नहीं होती है।
1. चादर किसका ज्यादा है?
रात में सोते समय चादर या कंबल को लेकर होने वाली खींचतान शायद सबसे मजेदार नोकझोंक में से एक है। एक तरफ चादर खिंचा तो दूसरी तरफ से भी उसे अपनी तरफ कर लिया जाता है। सुबह उठने पर पता चलता है कि रातभर में किसी एक के पास ही पूरी चादर रह गई थी। कई बार तो एक पार्टनर नींद में पूरी चादर ही अपनी तरफ कर लेता है। सुबह इस बात पर शिकायत भी होती है और हंसी-मजाक भी।
image credit- ai
2. रात के खर्राटे और सुबह की नोंक-झोंक
रात में अगर एक पार्टनर के खर्राटों की आवाज से दूसरे की नींद बार-बार उड़े, तो सुबह शिकायत होना तो पक्का है। एक पार्टनर सुबह चिढ़ कर कहेगा तुमने पूरी रात सोने नहीं दिया और दूसरा भोला बनकर कहेगा अरे, मैं कब खर्राटे ले रहा था? ऐसी बातों पर भी कपल्स के बीच मस्त हंसी-मजाक चलता रहता है। कभी सचमुच की शिकायत होती है, तो कभी दोनों उसी बात को लेकर एक-दूसरे की टांग खींचते हैं।
यह भी पढ़ें- क्या वाकई ताना मारता है 'ससुराल गेंदा फूल'? छत्तीसगढ़ी ददरिया लोकगीत से जुड़ा है यह दिलचस्प किस्सा
3. दरवाजा कौन बंद करेगा?
रात को सोने से ठीक पहले जब अचानक याद आता है कि कमरे या घर का कोई दरवाजा खुला रह गया है, तो शुरू होता है असली ड्रामा। दोनों एक-दूसरे से प्यार से फरमाइश करते हैं 'अरे सुनो, जरा तुम जाकर बंद कर आओ ना', इसके बाद कुछ सेकेंड की खामोशी छा जाती है कि कौन पहले उठेगा और फिर हार मानकर कोई एक उठ ही जाता है। देखने में ये छोटी-छोटी बातें भले ही बहुत मामूली लगें, लेकिन साथ रहने वाले कपल्स के लिए यही उनकी रोज की जिंदगी है।
4. पंखा तेज चलेगा या धीमा?
एसी तो छोड़ों, कई बार पंखे को लेकर भी बहस होने लगती है कि यह धीरे चलेगा या तेज। किसी को तेज पंखे की हवा पसंद होती है तो किसी को कम हवा में सोना अच्छा लगता है। सोने से पहले लाइट बंद करने की जिम्मेदारी भी कई बार एक-दूसरे पर डाल दी जाती है। दोनों सोचते हैं कि आखिर मैं ही क्यों उठूं? बात छोटी होती है, लेकिन उस समय यही सबसे जरूरी बहस लगती है।
5. मोबाइल पहले या पार्टनर की बात?
कई बार छोटी सी नोकझोंक इस बात पर भी हो जाती है कि पार्टनर मोबाइल में ज्यादा बिजी क्यों है। एक बात करना चाहता है, लेकिन दूसरा फोन देखने में लगा रहता है। ऐसे में सामने वाले को चिढ़ हो जाती है। कभी-कभी मोबाइल को लेकर मजाक में यह भी कहा जाता है कि फोन से ही बात कर लो, हमसे क्यों कर रहे हो।
6. तैयार होने में कितना समय लगेगा?
बाहर घूमने जाने का प्लान बना और एक पार्टनर जल्दी तैयार हो गया, जबकि दूसरा अभी भी तैयार होने में लगा है। इसके बाद शुरू होती है घड़ी देखने और जल्दी करने की शिकायत। इसके साथ ही घर से निकलते समय चाबी, चार्जर, पर्स या गाड़ी की चाबी ढूंढने की जिम्मेदारी भी दोनों की बन जाती है। पहले एक-दूसरे से पूछा जाता है कि सामान कहां रखा है और फिर दोनों मिलकर उसे खोजने लगते हैं।
image credit- ai
7. टीवी का रिमोट किसके हाथ में रहेगा?
मैरिड लाइफ में टीवी का रिमोट भी कभी-कभी बड़ा मुद्दा बन जाता है। एक पार्टनर क्रिकेट देखना चाहता है तो दूसरे को कोई वेब सीरीज या दूसरा शो देखना होता है। फिर रिमोट को लेकर भी बहस हो जाती है। मजेदार बात यह है कि थोड़ी देर बाद दोनों एक ही जगह बैठकर कुछ देखने लगते हैं।
यह भी पढ़ें- पर्सनल लाइफ से लेकर बेडरूम तक, किसी को न बताएं ये 5 बातें; वरना कपल के बीच आ जाएगी दरार
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Cover Image Credit- AI
