शादी कोई एक दिन का सफर नहीं, बल्कि जिंदगी भर चलने वाला एक खूबसूरत रास्ता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर शादी 6 अलग-अलग पड़ाव से होकर गुजरती है? ज्यादातर कपल्स तीसरे स्टेज पर आकर हार मान लेते हैं, जबकि असली प्यार तो उसके बाद शुरू होता है। आइए डॉक्टर विधि पिलनिया से जानते हैं शादी के इन 6 चरणों के बारे में।

शादी के तीसरे स्टेज क्यों हार मान लेते हैं कपल्स?

शादी के बाद रिश्ता हमेशा एक जैसा नहीं रहता है, समय के साथ बदलता है। हर शादी में 6 चरण आते हैं। अगर आपको लगता है कि आपके रिश्ते में प्यार खत्म हो रहा है, तो रुकिए! हो सकता है आप बस स्टेज 3 पर हों। जानें शादी की ये 6 स्टेज और समझिए अपना रिश्ता।

Photo Credit: Magnific

1. द हनीमून स्टेज (The Honeymoon Stage)

शादी की शुरुआत में सब कुछ बहुत आसान और सुंदर लगता है। इस स्टेज में सब कुछ नया और अच्छा लगता है। पार्टनर की हर बात प्यारी लगती है, उसकी छोटी-छोटी गलतियां भी इग्नोर हो जाती हैं। दोनों एक-दूसरे को खुश रखने के लिए एक्स्ट्रा एफर्ट लगाते हैं। असल में इस समय दिमाग में हैप्पी हार्मोन्स ज्यादा बनते हैं, इसलिए सब कुछ आसान लगता है। अभी तक बिल, घर की जिम्मेदारियां, काम का प्रेशर और रोज की छोटी-छोटी लड़ाइयां सामने नहीं आई होती हैं। इसलिए ये प्यार नेचुरल लगता है, क्योंकि अभी रिश्ते की असली परीक्षा शुरू नहीं हुई होती है।

2. द रियलिटी स्टेज (The Reality Stage)

इस स्टेज में पार्टनर की असली आदतें, सोच, गुस्सा और कमियां सामने आने लगती हैं। जो बातें पहले 'क्यूट' लगती थीं, जैसे ज्यादा बोलना, देर तक सोना या हर बात पर मजाक करना, अब वही बातें इरिटेट करने लगती हैं। यहां से प्यार अपने आप नहीं चलता है। यहां आपको जानबूझकर एफर्ट करना पड़ता है, एक-दूसरे को समझना पड़ता है, एडजस्ट करना पड़ता है और झगड़ों को सुलझाना पड़ता है। असल में यही स्टेज तय करता है कि रिश्ता सिर्फ फीलिंग पर टिका है या सच में निभाने वाली कमिटमेंट पर।

3. द डिसऑइंटमेंट स्टेज (The Disappointment Stage)

इस स्टेज में लगता है कि पार्टनर आपको समझ नहीं रहा है, आपकी फीलिंग्स की कद्र नहीं कर रहा है। आप दोनों के बीच पहले जैसा प्यार नहीं बचा है। छोटी-छोटी बातों पर बड़े झगड़े होने लगते हैं और धीरे-धीरे एक ठंडी दूरी आ जाती है। इसी वजह से ज्यादातर कपल्स को लगता है कि प्यार खत्म हो गया है। सच ये है कि यही रिश्ते का सबसे जरूरी मोड़ होता है। अगर कपल इस स्टेज को समझदारी से पार कर लें तो रिश्ता पहले से ज्यादा मजबूत और गहरा हो जाता है।

Photo Credit: Magnific

4. द एडजस्टमेंट स्टेज (The Adjustment Stage)

जो कपल्स इस स्टेज से हार माने बिना बाहर निकल आते हैं, वे धीरे-धीरे एक-दूसरे की कमजोरियों, आदतों और ट्रिगर्स को समझने लगते हैं। उन्हें पता चल जाता है कि पार्टनर को किस बात पर गुस्सा आता है, किस बात पर दुख होता है और उसे किस तरह से प्यार चाहिए। इस स्टेज में बातचीत का तरीका बदल जाता है। अब आप झगड़े में जीतने के लिए नहीं, बल्कि एक-दूसरे को समझने के लिए बात करते हैं। यहीं से रिश्ते में सच्ची मैच्योरिटी आती है, जहां प्यार के साथ-साथ सम्मान और समझ भी जुड़ जाती है।

5. द कम्पैनियनशिप स्टेज (The Companionship Stage)

इस स्टेज में आप सिर्फ पति-पत्नी नहीं रहते हैं, बल्कि एक टीम बन जाते हैं। घर, बच्चे, पैसे, करियर और जिंदगी के हर फैसले में दोनों एक-दूसरे के साथ खड़े होते हैं। यहां शुरुआती वाला जुनून थोड़ा कम होता है, लेकिन उसकी जगह एक-दूसरे के लिए गहरी इज्जत और भरोसा आ जाता है। आपको पता होता है कि पार्टनर की नीयत आपके लिए सही है चाहे कभी-कभी बात बिगड़ भी जाए। इसलिए इस स्टेज में लड़ाई कम और समझ ज्यादा होती है और दोनों हर कदम एक साथ मिलकर बढ़ाते हैं।

6. द डीप लव स्टेज (The Deep Love Stage)

इस स्टेज तक पहुंचते-पहुंचते आपने एक-दूसरे का सबसे अच्छा और सबसे बुरा दोनों दौर देख लिया होता है। झगड़े, मुश्किलें, बीमारी, पैसों की तंगी और जिंदगी के उतार-चढ़ाव; सब कुछ साथ झेल लिया होता है। फिर भी आपने एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा है। यहां प्यार में वो शुरुआती एक्साइटमेंट या दिखावा नहीं रहता है। प्यार अब वफादार और बहुत गहरा हो जाता है। सच यही है कि इस स्टेज में पार्टनर आपके लिए किसी रोमांच जैसा नहीं बल्कि अपने घर जैसा लगता है, जहां सबसे ज्यादा सुकून, सुरक्षा और अपनापन मिलता है।

Photo Credit: Magnific

अगर आप अपने रिश्ते में किसी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, तो याद रखें कि यह अंत नहीं है, बल्कि अगले खूबसूरत स्टेज की शुरुआत हो सकती है। थोड़ा धैर्य रखें और एक-दूसरे को समझने की कोशिश करें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।