जब हम क‍िसी के साथ रिश्ते में होते हैं, चाहे वह पत‍ि-पत्‍नी का र‍िश्‍ता हो या गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड का, प्यार के साथ भरोसा और ईमानदारी भी बहुत जरूरी होती है, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि एक इंसान रिश्ते में रहते हुए भी किसी दूसरे के करीब जाने लगता है। वह अपने पार्टनर से रिश्ता खत्म नहीं करता बल्कि चुपचाप किसी नए के साथ अपनी नजदीकियां बढ़ाने लगता है। डेटिंग की दुनिया में इस तरह के बर्ताव को Monkey Branching कहा जाता है।

अगर आपका पार्टनर भी अचानक किसी नए इंसान को ज्यादा समय देने लगा है या आपके साथ उसका व्यवहार बदल गया है, तो इस बारे में जानना जरूरी है। हालांकि, हर बदलाव का मतलब धोखा नहीं होता, लेकिन कुछ संकेतों को नजरअंदाज करना भी ठीक नहीं है। ऐसे में आइए जानते ह‍ैं क‍ि Monkey Branching क्या है और इसे कैसे पहचान सकते हैं?

आखिर क्या होता है Monkey Branching?

कभी आपने बंदर को एक पेड़ की डाल छोड़ने से पहले दूसरी डाल पकड़ते देखा है? वह पहले नई डाल को पकड़ता है और फिर पुरानी डाल छोड़ता है। Monkey Branching का नाम भी इसी से पड़ा ह‍ै। रिश्तों में जब कोई इंसान अपने अभी यानी मौजूदा पार्टनर से रिश्ता खत्म किए बिना किसी दूसरे के साथ प्यार वाला रिश्ता बनाने लगता है, तो इसे Monkey Branching कहते हैं।

image credit- ai/dreamsite

आसान शब्दों में कहें तो वह पुराने रिश्ते में रहते हुए नए रिश्ता ढूंढ रहा होता है। जब उसे लगता है कि नया रिश्ता पक्का हो गया है, तब वह पुराने पार्टनर से अलग होने का फैसला ले सकता है।

मंकी ब्रांच‍िंग क्यों करने लगते हैं लोग?

इसके पीछे कई वजहें हो सकती हैं। कुछ लोगों को अकेले रहने से डर लगता है। वे नहीं चाहते कि उनका कोई रिश्ता खत्म हो और उन्हें किसी नए इंसान के बिना रहना पड़े। इसलिए वे पुराने रिश्ते में रहते हुए ही किसी दूसरे से नजदीकियां बढ़ाने लगते हैं। इसके अलावा कई बार रिश्ते में पहले जैसा रोमांस नहीं रहता है। ऐसे में कुछ लोग अपने पार्टनर के बजाय क‍िसी दूसरे से क्‍लोज होने लगते हैं।

इन 5 संकेतों से पहचानें Monkey Branching

अगर आपको अपने पार्टनर के ब‍िहेव‍ियर में कुछ बदलाव नजर आ रहे हैं, तो इन पांच बातों पर ध्यान दें। जैसे-

  • अगर पार्टनर की लाइफ में कोई नया इंसान आया है और वह आपसे ज्यादा समय उसे देने लगा है, या पूछने पर बात टाल देता है, तो इस पर ध्यान दें और खुलकर बात करें।
  • पहले जो पार्टनर आपके सामने बेफिक्र होकर फोन चलाता था, अगर वह अब फोन उल्टा रखने लगे या आपके पास आते ही चैट बंद कर दे, तो इसकी वजह जरूर जानने की कोशिश करें।
  • अगर पार्टनर हर छोटी बात पर ब‍िना बात के बहस करने लगा है और बार-बार स्पेस देने या अकेले रहने की बात करता है, तो समझ लें कि वह आपसे दूर जाने की कोशिश कर रहा है।
  • जो पार्टनर पहले शादी या घूमने की बातें करता था, अगर वह अब फ्यूचर के बारे में बात नहीं कर रहा है, तो यह रिश्ते में दूरी आने का साफ इशारा है।
  • साथ रहने के बावजूद अगर पार्टनर को इस बात से फर्क न पड़े कि आपका दिन कैसा गया या आप कैसा महसूस कर रही हैं, तो इस पर बात करना बहुत जरूरी है।
 
image credit- magnific

अगर पार्टनर में दिखें ये संकेत, तो क्या करें?

अगर आपको अपने रिश्ते में ऐसे बदलाव नजर आ रहे हैं, तो सबसे पहले उनसे शांति से बात करें। इस दौरान आप-

  • अपने मन में चल रही बातों को दबाने के बजाय पार्टनर से साफ-साफ कहें।
  • उनसे पूछें कि आखिर उनके व्यवहार में बदलाव क्यों आया है।
  • उनकी बात भी ध्यान से सुनें और अपनी परेशानी भी बताएं।

अगर वह हर बार सवालों से बचते हैं या आपकी फील‍िंग्स को समझने के बजाय टालते हैं, तो आपको दोबारा इस र‍िश्‍ते के बारे में सोचना चाह‍िए।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific