यश की पीरियड गैंगस्टर एक्शन थ्रिलर फिल्म 'टॉक्सिक' परसों यानी 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और यह फिल्म लंबे समय से चर्चा में है। इस फिल्म का टीजर, ट्रेलर और सभी गाने रिलीज हो चुके हैं, जिन्हें फैंस ने खूब पसंद किया है। फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुक्रवार (21 अगस्त) से शुरू हो चुकी है और प्री-सेल्‍स बुकिंग के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। इसकी एडवांस बुकिंग को देखकर ऐसा लग रहा है कि यह फिल्म सारी बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड्स को धराशायी करके ओपनिंग डे पर एक नया इतिहास लिखेगी। चलिए आपको बताते हैं कि कैसे रिलीज से पहले ही इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर डंका बज रहा है?

ओपनिंग डे पर 100 करोड़ से खाता खोलेगी 'टॉक्सिक'?

यश की फिल्म 'टॉक्सिक' बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार ओपनिंग करने के लिए तैयार है। फिल्म के एडवांस बुकिंग आंकड़े इशारा कर रहे हैं और पहले दिन फिल्म दुनियाभर में लगभग 120 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है और 'धुरंधर 2' के ओपनिंग डे कलेक्शन को धूल चटा सकती है। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, इस फिल्म ने ब्लॉक सीटों के साथ कन्‍नड़, हिंदी, तेलुगू, तमिल और मलयालम भाषा की एडवांस बुकिंग में लगभग 35 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है। खबर लिखे जाने तक फिल्म के 751539 टिकट बिक चुके हैं। इस फिल्म को इंडिया में 15628 शोज मिले हैं और कई बड़े शहरों में तो शोज अभी से हाउसफुल नजर आ रहे हैं।

क्या तोड़ पाएगी 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड?

यश की फिल्म का बजट 900 करोड़ रुपये के आस-पास बताया जा रहा है। ऐसे में इस फिल्म को ब्लॉकबस्टर होने के लिए बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी कमाई करनी होगी। फिल्म फिलहाल एडवांस बुकिंग में काफी अच्छी कमाई कर रही है और प्री सेल्स के लिए अभी कल (25 अगस्त) रात का समय है। इससे पहले साउथ की ही फिल्म 'बाहुबली 2' ने एडवांस बुकिंग में 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली थी। "कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा?", ये जानने के लिए फैंस इतने एक्साइटेड थे कि प्रभास की इस फिल्म ने एडवांस बुकिंग में सारे रिकॉर्ड्स तोड़ दिए थे। यश की फिल्म 'KGF 2' ने एडवांस बुकिंग में 80 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। ऐसे में देखना होगा कि क्या यह फिल्म 'बाहुबली 2' या यश की अपनी ही फिल्म 'केजीएफ 2' का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी? फिलहाल इसने शाहरुख खान की 'पठान', 'जवान' और रणबीर कपूर की 'एनिमल' को पीछे छोड़ दिया है।

यह भी पढ़ें- Toxic की लेडीज ने किया धमाका, टीजर में कियारा, तारा और नयनतारा का एक्शन अवतार फैंस को आया पसंद

'टॉक्सिक' की स्टारकास्ट

यश की फिल्म 'टॉक्सिक' को लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है। फिल्म में यश के साथ पांच फीमेल लीड्स हैं। इस फिल्म में नयनतारा 'गंगा' का, कियारा आडवाणी 'नादिया' का, हुमा कुरैशी 'एलिजाबेथ' का, रुक्मिणी वसंत 'मेलिसा' का और तारा सुतारिया 'रेबेका' का किरदार निभा रही हैं। इसके अलावा अक्षय ओबेरॉय, सुदेव नायर और अमित तिवारी भी इस फिल्म का हिस्सा होंगे। इसे गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है।

 

 

यह भी पढ़ें- क्या कियारा आडवाणी ने की 'टॉक्सिक' में यश संग इंटीमेट सीन हटाने की डिमांड? एक्ट्रेस ने खुद दिया जवाब


यश की 'टॉक्सिक' को लेकर काफी बज बना हुआ है और एडवांस बुकिंग में फिल्म शानदार प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में ओपनिंग डे पर इसके शानदार कलेक्शन करने की पूरी उम्मीद है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, टीवी और सेलेब्स की जिंदगी से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।