सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की सुपरनेचुरल थ्रिलर फिल्म 'द वन' आज लंबे इंतजार के बाद फाइनली दर्शकों के हवाले हो गई है। इस फिल्म में सिद्धार्थ वन देवी के मंदिर और रहस्यमयी जंगल का राज खोलते नजर आ रहे हैं। फिल्म में श्रद्धा है, लोककथा है, छठी मैय्या की महिमा और भक्ति है व नई सोच भी है। एकता कपूर के बालाजी प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म को पंचायत फेम डायरेक्टर दीपक कुमार मिश्रा और अरुनभ कुमार ने डायरेक्ट किया है। इस फिल्म को लेकर काफी बज था और रिलीज के बाद इसे अच्छे रिव्यूज भी मिल रहे हैं। फिल्म ने पहले दिन 8 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है। चलिए आपको फिल्म की पहले दिन के कलेक्शन के आंकड़े बताते हैं।
'द वन' ने पहले दिन कमाए कितने करोड़?
बिहार की लोककथा और वनदेवी के रहस्य पर बनी फिल्म 'द वन' आज थियेटर्स में रिलीज हो गई है। इस फिल्म का क्लैश अंजलि अरोड़ा की फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' से हुआ था, लेकिन टिकट खिड़की पर मुकाबला एकतरफा नजर आया, क्योंकि 'द वन' पर छठी मैया की कृपा बरसी और फिल्म ने पहले ही दिन छप्परफाड़ कमाई की। तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा की इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर भारत में 8.43 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। हालांकि, अभी इसमें रात के शोज का कलेक्शन जुड़ना बाकी है। ऐसे में रात के शोज मिलाकर फिल्म की कमाई और बढ़ सकती है। एकता कपूर की इस फिल्म को आज 6,451 शोज मिले थे और फिल्म ने भारत में 9.95 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है।
'द वन' क्या वीकेंड पर करेगी धमाल?
'द वन' को काफी अच्छे रिव्यूज मिले हैं। यूपी और बिहार समेत पूरे देश में इस फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। सिद्धार्थ और तमन्ना की जोड़ी और फिल्म की कहानी दोनों ही ऑडियंस को पसंद आ रही है। फिल्म के पहले दिन की कमाई के आंकड़े भी अच्छे रहे हैं। ऐसे में पूरी उम्मीद है कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई में उछाल देखने को मिलेगा।
क्या है 'द वन' की कहानी?
'द वन' की कहानी कई वजहों से ऑडियंस के दिलों को छूती है। इस तरह की कहानियां लंबे समय से बड़े परदे पर देखने को नहीं मिली हैं, ऐसे में लोकगाथा और पौराणिक मान्यताओं पर आधारित यह फिल्म फैंस को पसंद आ रही है। इस फिल्म की कहानी देवांचल नाम के एक गांव से ली गई है। इस गांव में 'वन देवी' का सिद्ध मंदिर है। ऐसा माना जाता है कि रात के वक्त इस मंदिर में जाना मना है, क्योंकि वहां देवी का पहरा होता है। इस कहानी का मुख्य किरदार ऋषि (सिद्धार्थ मल्होत्रा) इन सब मान्यताओं को नहीं मानता है और वह भक्ति व परंपराओं से भी बचता है। इसी बीच छठ पूजा के बीच कुछ खास वजहों से उसे अपनी पत्नी ममता (तमन्ना भाटिया) के साथ देवांचल जाना पड़ता है और वहां कैसे वनदेवी का रहस्य उसकी जिंदगी को बदल देता है, कैसे छठी मैया की महिमा उसे समझ आती है, इस फिल्म की कहानी इसी के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में सिद्धार्थ और तमन्ना के अलावा सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, श्वेता तिवारी और अनूप सोनी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।
