Sunny Deol Film Suryaa Teaser Out: बॉलीवुड के एक्शन हीरो सनी देओल आज अपना 69वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस खास मौके पर उन्होंने अपने फैंस को एक शानदार तोहफा दिया है। एक्टर की अपकमिंग फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का दमदार टीजर रिलीज कर दिया गया है। टीजर में सनी देओल एक ऐसे पिता के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो अपनी बेटी की मौत के पीछे का सच उजागर करने के लिए पूरे सिस्टम से भिड़ जाता है।

मोशन पोस्टर के बाद जारी हुआ टीजर

कुछ दिन पहले ही मेकर्स ने फिल्म का मोशन पोस्टर जारी किया था, जिसके बाद से ही फिल्म को लेकर बज बना हुआ था। अब टीजर रिलीज होने के बाद लोगों की एक्साइटमेंट और ज्यादा बढ़ गई है। कहा जा रहा है कि यह फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है, जिसमें सनी देओल एक पुलिस ऑफिसर के रोल में हैं।

image credit-youtube

टीजर में क्या है?

टीजर की कहानी एक खुशहाल परिवार से शुरू होती है, लेकिन सनी की बेटी की अचानक मौत सब कुछ बदल देती है। इस हादसे के बाद वह इस केस की खुद जांच करते हैं और उन्हें मेडिकल सिस्टम के कुछ ऐसे चौंकाने वाले सच पता चलते हैं, जिसने उनकी बेटी की जान ली।

टीजर में सनी देओल का दमदार डायलॉग सुनने को मिलता है - 'एक आदमी डॉक्टर को भगवान समझता है और अपनी जान उन पर छोड़ देता है, लेकिन अगर वही डॉक्टर भरोसा तोड़ दे, तो आदमी क्या करेगा?' आगे वह सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहते हैं, 'डॉक्टर वहां दवाइयां नहीं लिखते, अपनी कमीशन लिखते हैं और लोग इसे सह रहे हैं, लेकिन कब तक?'टीजर में रवि किशन और सौम्या टंडन की भी झलक देखने को मिलती है।

सनी देओल ने शेयर किया टीजर

सनी देओल ने खुद को इंस्टाग्राम पर टीजर शेयर करते हुए लिखा, 'उन्हें लगा कि यह उनका अंत है। सूर्या के लिए, यह केवल शुरुआत थी। आप सबके नाम आज सूर्या टीजर। देखिये, सोचिए और सतर्क रहिए। अगर कुछ गलत हो तो लड़िए! कमल मुकुट की सूर्या अंत से शुरुआत तक सिनेमाघरों में 20 नवंबर 2026।'

फिल्म 'सूर्या' के बारे में

कमल मुकुट द्वारा निर्मित इस फिल्म का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है और यह हिंदी में उनकी पहली डायरेक्टोरियल फिल्म है। सनी देओल और रवि किशन के अलावा फिल्म में प्रज्ञा जायसवाल, टीनू आनंद, मनीष वाधवा, जिशु सेनगुप्ता, तनुश्री चक्रवर्ती, विरती वाघानी, सिद्धार्थ शर्मा, रोहित तिवारी, अनूप त्रिवेदी, खालिद सिद्दीकी, स्वर्गीय पंकज धीर और बीना काक जैसे कलाकार अहम किरदारों में हैं।

बताया जा रहा है कि यह फिल्म 2018 की मलयालम सुपरहिट फिल्म 'जोसेफ' की रीमेक है, जिसमें जोजू जॉर्ज ने एक रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर का रोल निभाया था। खास बात यह है कि उस फिल्म का निर्देशन भी एम. पद्मकुमार ने ही किया था।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

 main image credit-imdb