Ramayana Oscar 2027: फिल्मों के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में शामिल ऑस्कर तक पहुंचना किसी भी फिल्म निर्माता के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। इसके लिए सिर्फ शानदार कहानी, बेहतरीन अभिनय और बड़े बजट की जरूरत नहीं होती, बल्कि कुछ खास नियमों को पूरा करना भी जरूरी होता है। नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण पार्ट 1' को लेकर अब ऐसी ही चर्चा शुरू हो गई है। खबरों के मुताबिक, फिल्म को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के विचार के लिए भेजा गया है। खास बात यह है कि भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री बनने की समयसीमा चूकने के बावजूद फिल्म के पास स्वतंत्र रूप से इस रेस में शामिल होने का रास्ता है। आइए समझते हैं कि आखिर इसके लिए कौन-से नियम पूरे करने होते हैं।

कैसे ऑस्कर तक पहुंचेगी फिल्म रामायण?

ऑस्कर में किसी देश की आधिकारिक एंट्री बनने और किसी फिल्म के स्वतंत्र रूप से पुरस्कारों के लिए आवेदन करने में अंतर होता है। 'रामायण पार्ट 1' भारत की ओर से आधिकारिक फिल्म के तौर पर नहीं चुनी गई थी। इसकी वजह यह है कि अगले साल के ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री भेजने की आखिरी तारीख 7 सितंबर थी, जबकि फिल्म इस समयसीमा के बाद रिलीज हुई।

हालांकि, एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज के नियमों के मुताबिक, कुछ शर्तें पूरी करने वाली फिल्में स्वतंत्र रूप से भी ऑस्कर के लिए आवेदन कर सकती हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, 'रामायण' इसी रास्ते से 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स की दौड़ में शामिल होने की तैयारी में है।

image credit-imdb

ऑस्कर के लिए पहली शर्त: अमेरिका के चुनिंदा शहरों में रिलीज

एकेडमी के नियमों के मुताबिक, ऑस्कर के लिए आवेदन करने वाली फीचर फिल्म की अवधि 40 मिनट से ज्यादा होनी चाहिए।

इसके अलावा उसे अमेरिका के निर्धारित छह महानगरीय क्षेत्रों में से किसी एक में व्यावसायिक सिनेमाघरों में रिलीज करना जरूरी है। इनमें लॉस एंजिलिस काउंटी, न्यूयॉर्क सिटी, सैन फ्रांसिस्को बे एरिया, शिकागो, डलास-फोर्ट वर्थ और अटलांटा शामिल हैं।

'रामायण' इस शर्त को पूरा करती है। फिल्म को उत्तरी अमेरिका में 1,000 से ज्यादा जगहों पर रिलीज किया गया है। सोनी पिक्चर्स इंटरनेशनल ने विदेशों में इसके वितरण की जिम्मेदारी संभाली है।

लगातार सात दिन तक सिनेमाघरों में चलना जरूरी

ऑस्कर की दूसरी अहम शर्त फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज से जुड़ी है। फिल्म को निर्धारित अमेरिकी क्षेत्रों में कमर्शियल सिनेमाघरों में लगातार कम से कम सात दिनों तक प्रदर्शित होना चाहिए। इस दौरान हर दिन कम से कम तीन शो भी होने जरूरी हैं।

'रामायण' 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज हुई थी। अमेरिका में फिल्म अपने शुरुआती पांच दिन पूरे कर चुकी है। वहां इसके प्रदर्शन को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि यह सात दिनों की जरूरी अवधि भी पूरी कर लेगी।

image credit-imdb

क्या है RAISE नियम?

ऑस्कर की तीसरी शर्त RAISE नियम से जुड़ी है। आसान भाषा में समझें तो इसका मतलब ये है कि फिल्म में हर तरह के लोगों को जगह मिलनी चाहिए, सिर्फ एक ही समुदाय के लोग नहीं होने चाहिए।

एकेडमी का कहना है कि फिल्म के मेन हीरो-हीरोइन या बड़े सपोर्टिंग कलाकारों में से कम से कम एक ऐसा कलाकार होना चाहिए, जो उस देश में कम दिखाई देने वाले समुदाय से आता हो।

अब 'रामायण' की बात करें तो इसके ज्यादातर कलाकार दक्षिण एशियाई समुदाय से हैं। एकेडमी की लिस्ट में दक्षिण एशियाई लोगों को कम प्रतिनिधित्व वाला समूह माना गया है। ऊपर से फिल्म की कहानी भी इसी संस्कृति और समुदाय से जुड़ी हुई है। इसलिए कहा जा रहा है कि 'रामायण' इस शर्त को भी पूरा करती है।

कब आएगी ऑस्कर की शॉर्टलिस्ट और नॉमिनेशन लिस्ट?

99वें एकेडमी अवॉर्ड्स का आयोजन 14 मार्च 2027 को लॉस एंजिलिस, कैलिफोर्निया में होना है। 1 जुलाई से 31 दिसंबर के बीच रिलीज होने वाली फिल्मों के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 12 नवंबर है।

ऑस्कर की शॉर्टलिस्ट 15 दिसंबर को जारी की जाएगी, जबकि फाइनल नॉमिनेशन की घोषणा 21 जनवरी 2027 को होगी। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या 'रामायण' ऑस्कर की अगली प्रक्रिया तक पहुंच पाएगी।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit- imdb