रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायण' पर इन दिनों जमकर 'धनवर्षा' हो रही है। 4000 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म का विजयरथ बॉक्स ऑफिस पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके दूसरे पार्ट को लेकर भी फैंस के मन में काफी उत्साह है क्योंकि दूसरे पार्ट में सनी देओल, हनुमान के रूप में नजर आने वाले हैं। पहले पार्ट के आखिर में उनकी झलक दिखाई गई है, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। इसी बीच 'रामायण' के सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने 'रामायण 2' पर अपडेट दी है और बताया है कि दूसरा पार्ट, पहले से कहीं ज्यादा भव्य होने वाला है। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है?

'रामायण 2' की 60 प्रतिशत शूटिंग हुई पूरी

'रामायण' का दूसरा पार्ट 2028 की दिवाली रिलीज होगा। पहले यह दिवाली 2027 को रिलीज होने वाला था, लेकिन मेकर्स फिल्म से जुड़े हर पहलू पर बारीकी से काम करना चाहते हैं और इसलिए इसमें और वक्त लगेगा। सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने 'हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया' से बातचीत में बताया कि फिल्म के दूसरे पार्ट की लगभग 60 प्रतिशत शूटिंग को पहले ही पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि फिल्म का दूसरा पार्ट पहले से भी काफी भव्य होगा और इसका वीएफएक्स काफी बड़े स्तर का होगा, इसके वीएफएक्स और मोशन कैप्चर पर फिलहाल काम किया जा रहा है।

हनुमान जी के किरदार पर कही यह बात

पंकज कुमार ने बातचीत के दौरान बताया कि दूसरे पार्ट में हनुमान और पूरी वानर सेना जैसे कई 'कंप्यूटर जेनरेटेड' किरदार होंगे और उन पर काफी बारीकी से काम किया जा रहा है, ताकि कुछ भी कार्टूनिश या बचकाना न लगे और सारे किरदार पर्दे पर एकदम सही तरीके से दिखाए जा सकें।

'रामायण' के विजुअल्स को मिल रही आलोचना पर कही यह बात

'रामायण' फिल्म के कई शानदार सीन्स जहां ऑडियंस का दिल जीत रहे हैं, वहीं इसके कुछ विजअल्स को आलोचना भी मिल रही है। कई सोशल मीडिया यूजर्स कह रहे हैं कि पेड़ असली पेड़ों जैसे नहीं लगते और सूरज भी असली सूरज जैसा नहीं दिख रहा है। इसे लेकर पंकज कुमार ने कहा, "अगर हम रामायण की शूटिंग किसी असली जंगल में करते, तो दुनिया बहुत असली लगती, लेकिन उसमें फिर भव्य अनुभव नहीं मिल पाता। हम एक काल्पनिक दुनिया दिखा रहे हैं, जो बेहद भव्य और शानदार है, तो फिर पत्तों या टहनियों के बिल्कुल असली दिखने पर इतना जोर क्यों देना है?"

 रावण और जटायु सीक्वेंस पर भी की बात

'रामायण' फिल्म से रावण और जटायु की लड़ाई का सीन काफी पसंद किया जा रहा है। जब रावण, सीता मां का हरण कर ले जा रहा होता है, तो जटायु उससे लड़ाई कर उसे रोकने की कोशिश करता है। इस सीन को सोशल मीडिया पर खूब वाहवाही मिल रही है। इसे लेकर पंकज ने कहा, "इस सीन को दो एक्टर्स यश और साई के साथ शूट किया हया है, जटायु पूरी तरह कंप्यूटर जेनरेटेड है। यह पक्षी का एक मॉडल है, सेट पर कोई एनिमिटेड पक्षी नहीं था और न ही किसी एक्टर ने पक्षी का अभिनय किया है।"


अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।