Ramayana Box Office Collection Day 8: भारतीय सिनेमा में इन दिनों फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाने में जुटी है। रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor), साई पल्लवी (Sai Pallavi) और यश (Yash) जैसे बड़े सितारों से सजी इस फिल्म ने रिलीज के महज आठ दिनों में दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही फिल्म ने उन चुनिंदा भारतीय फिल्मों की लिस्ट में जगह बना ली है, जिन्होंने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। खास बात यह है कि इस मुकाम तक पहुंचने में फिल्म ने कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से भी कम समय लिया है।

दुनियाभर में कितनी हुई 'रामायण' की कमाई?

5 नवंबर को रिलीज हुई नितेश तिवारी की 'रामायण' ने आठवें दिन यानी गुरुवार तक वर्ल्डवाइड 1,033.55 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन (Ramayana Box Office Worldwide Collection Day 8) कर लिया। Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई 675.05 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 564.60 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं, विदेशी बाजारों से फिल्म ने अब तक 358.50 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

image credit-imdb

आठवें दिन फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 53.50 करोड़ रुपये (Ramayana Box Office Collection Day 8) का नेट कलेक्शन किया। इस दिन देशभर में इसके 24,042 शो हुए। अलग-अलग भाषाओं में मिले कलेक्शन की बात करें तो हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा 43 करोड़ रुपये कमाए। वहीं, कन्नड़ में 3.25 करोड़, मलयालम में 2.80 करोड़ और तेलुगु में 2.30 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।

'बाहुबली 2' से भी कम समय में हासिल किया मुकाम

1000 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में अब 'रामायण' का नाम भी जुड़ गया है। इस उपलब्धि के साथ यह दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये कमाने वाली 11वीं भारतीय फिल्म बन गई है।

सबसे खास बात इसकी रफ्तार है। फिल्म ने केवल आठ दिनों में यह आंकड़ा छू लिया, जबकि 'बाहुबली 2' को इस मुकाम तक पहुंचने में करीब 10 से 11 दिन लगे थे। हालांकि, सबसे तेज 1000 करोड़ कमाने का रिकॉर्ड अभी 'धुरंधर 2' और 'पुष्पा 2' के नाम है। इन दोनों फिल्मों ने रिलीज के सातवें दिन ही यह आंकड़ा पार कर लिया था।

image credit-imdb

4000 करोड़ रुपये के बजट में बनी है फिल्म

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' को भारतीय सिनेमा की महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिना जा रहा है। करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में तैयार इस फिल्म को दुनियाभर में बड़े स्तर पर प्रमोट किया गया। 27 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स में इसकी विशेष स्क्रीनिंग भी रखी गई थी।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। इनके अलावा सनी देओल, रवि दुबे और लारा दत्ता सहित कई कलाकार अहम किरदार निभा रहे हैं। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म कमाई के कितने नए रिकॉर्ड अपने नाम करती है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit-imdb