अनुराग बसु द्वारा निर्देशित और कार्तिक आर्यन-श्रीलीला स्टारर म्यूजिकल ड्रामा का फैंस को लंबे समय से इंतजार है, लेकिन इसकी रिलीज डेट कई बार आगे बढ़ चुकी है। इस अनटाइटल्ड फिल्म पर सभी की निगाहे हैं। कुछ महीने पहले कश्मीर से इस फिल्म की शूटिंग की कुछ फोटोज भी वायरल हुई थीं, जिसके बाद फैंस का एक्साइटमेंट और बढ़ गया था। आज फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। यह रोमांटिक-थ्रिलर फिल्म 30 अप्रैल 2027 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। चलिए आपको देते हैं पूरी अपडेट।

अगले साल श्रीलीला संग इश्क फरमाएंगे कार्तिक आर्यन

कार्तिक आर्यन और श्रीलीला की फिल्म को आखिरकार रिलीज डेट मिल गई है। यह फिल्म अगले साल बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। मेकर्स ने आज इस फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, "एक नई कहानी, जो आपके दिल में रह जाएगी, बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार है। अनुराग बासु की इस अनटाइटल्ड फिल्म में कार्तिक आर्यन और श्रीलीला नजर आएंगे। इसे भूषण कुमार ने प्रोड्यूस किया है। यह 30 अप्रैल, 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।" खबरों की मानें तो फिल्म की शूटिंग में कई कारणों से देर हुई थी, जिसके चलते यह तय समय पर रिलीज नहीं हो पाई।

साल 2025 में सामने आया था पहला लुक

इस फिल्म से कार्तिक आर्यन और श्रीलाला का फर्स्ट लुक साल 2025 में ही आउट हो गया था और यह फिल्म दिवाली 2025 पर सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी। इस फिल्म को 'आशिकी 3' बताया जा रहा था। हालांकि, अभी तक मेकर्स की तरफ से फिल्म को कोई ऑफिशियल टाइटल नहीं दिया गया है, लेकिन फिल्म को लेकर काफी बज है। जब इस फिल्म से कार्तिक का लुक रिवील हुआ था, तो फैंस ने उन्हें खूब प्यार दिया था।

'तू मेरी जिंदगी है' होगा फिल्म का टाइटल?

इस फिल्म के टाइटल को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है। पहले इसे 'आशिकी 3' बताया जा रहा था। कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि इसका टाइटल 'तू मेरी जिंदगी है' हो सकता है। असल में फिल्म के अनाउंसमेंट वीडियो में कार्तिक एक नए अवतार में बिखरे बालों और घनी दाढ़ी में गिटार बजाते हुए 'तू मेरी जिंदगी है' गाना गाते हुए नजर आए थे। इसके बाद कयास लगाए जाने लगे कि शायद यही फिल्म का नाम हो सकता है।

कार्तिक आर्यन की झोली में है एक और बड़ी फिल्म

इस अनटाइटल्ड फिल्म के अलावा कार्तिक धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म 'नागजिला' में नजर आने वाले हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म 12 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।


अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, सेलेब्स और टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।