'आवारापन 2' की सफलता के बाद बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। आदित्य दत्त के निर्देशक में बनी आगामी फिल्म 'गनमास्टर जी9' से उनका पहला टीजर आखिरकार जारी कर दिया गया है। इस फिल्म में इमरान के साथ जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि नए कलाकार अभिषेक सिंह इस फिल्म के जरिए अपना एक्टिंग डेब्यू कर रहे हैं। लंबे समय से इस प्रोजेक्ट का इंतजार कर रहे फैंस के लिए यह टीजर किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है। 1 मिनट 22 सेकंड का यह वीडियो एक्शन, ड्रामा और रोमांस का जबरदस्त डोज पेश करता है। जानते हैं, सिनेमाघरों में कब दस्तक देगी 'गनमास्टर जी9'? जानते हैं आगे...

टीजर में दिखा  इमरान हाशमी का नया अंदाज

फिल्म के टीजर की शुरुआत इमरान हाशमी के पावरफुल डायलॉग के साथ होती है, जहां वे प्यार, मौत और अपनी मंजिल तक पहुंचने की जिद्द के बारे में बात करते दिखते हैं। शुरुआती सीन में इमरान के रोमांटिक पलों की झलक मिलती है, हालांकि इसमें अभिनेत्री का चेहरा सस्पेंस में रखा गया है। 

इसके तुरंत बाद ही टीजर का टोन पूरी तरह बदल जाता है और पर्दे पर शुरू होता है इमरान का तूफानी एक्शन अवतार। दुश्मनों से लोहा लेते इमरान को देखकर साफ है कि यह लव स्टोरी कई बड़े खतरों और रोमांचक मोड़ों से भरी होने वाली है।

हिमेश रेशमिया के संगीत ने दिलाई पुराने दौर की याद

टीजर की सबसे बड़ी यूएसपी इसका बैकग्राउंड स्कोर और म्यूजिक है। वीडियो के बीच में हिमेश रेशमिया के तैयार किए नए गाने 'अफसानम' की एक झलक सुनने को मिलती है, जिसने फैंस को तुरंत पुराने दौर की याद दिला दी। 2000 के दशक में इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया की जोड़ी ने भारतीय सिनेमा को कई चार्टबस्टर गाने दिए हैं।

'आशिक बनाया आपने' और 'अक्सर' जैसी फिल्मों के 'आशिक बनाया आपने', 'आपकी कशिश' और 'झलक दिखलाजा' जैसे गानों ने उस समय तहलका मचा दिया था। एक बार फिर इस जोड़ी का साथ आना फैंस के लिए एक बेहतरीन म्यूजिक एक्सपीरियंस साबित होने वाला है।

यह भी पढ़ें- जब दिलीप कुमार की इस एक्ट्रेस से नजदीकी देख सायरा बानो को हुई थी जलन, कैंची से काट डाली थी फोटो

सिनेमाघरों में कब दस्तक देगी 'गनमास्टर जी9'?

टीजर के साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया है। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इमरान, जेनेलिया और अपारशक्ति के अलावा स्नेहल मेहरा और इनायत वर्मा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इस फिल्म का निर्माण दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर ने किया है।

निष्कर्ष

इस लेख के माध्यम से पता चलता है कि 'गनमास्टर जी9' का टीजर बॉलीवुड में एक हाई-ऑक्टेन एक्शन-रोमांस ड्रामा की वापसी का इशारा करता है। इमरान हाशमी का किलर लुक, दमदार डायलॉग्स और हिमेश रेशमिया का नॉस्टैल्जिक म्यूजिक फैंस की उत्सुकता को दोगुना करने के लिए काफी है।

यह भी पढ़ें- 'मेरे पास CCTV फुटेज है...याद दिलाऊं', आसिम रियाज के बयान पर हिमांशी खुराना ने किया पलटवार

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: imdb